अगर आप भी लैपटॉप या कंप्यूटर पर व्हाट्सएप चलाने के लिए किसी थर्ड-पार्टी सॉफ्टवेयर या अनऑफिशियल वेब क्लाइंट का इस्तेमाल करते हैं, तो अब आपको सावधान हो जाना चाहिए। मेटा का इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp अब ऐसे यूज़र्स की सुरक्षा को लेकर काफी सख्त रुख अपनाने जा रहा है। हाल ही में पेश किए गए Scam Alert फीचर के बाद, कंपनी अब एक नया प्राइवेसी फीचर टेस्ट कर रही है, जो अनऑफिशियल WhatsApp Web क्लाइंट्स पर सीधा वार करेगा। आइए इस फीचर के बारे में सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त करते हैं।
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सएप एंड्रॉइड बीटा वर्जन पर एक नया वार्निंग सिस्टम टेस्ट कर रहा है। जब भी कोई यूजर अपने अकाउंट को किसी अनाधिकृत (Unofficial/Third-party) वेब क्लाइंट या मॉडिफाइड सॉफ्टवेयर से कनेक्ट करेगा, तो ऐप के Linked Devices सेक्शन में नीचे की तरफ एक अलर्ट बैनर नजर आएगा।
इस वॉर्निंग में यूज़र्स को साफ तौर पर यह जानकारी मिलने वाली है कि वे एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं और अपने डेटा को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें तुरंत आधिकारिक web.whatsapp.com पर स्विच कर लेना चाहिए। हालांकि यूजर चाहें तो इस अलर्ट को इग्नोर भी कर सकते हैं, लेकिन यह चेतावनी उन्हें संभावित रिस्क के प्रति लगातार सतर्क रखने का काम करने वाली है।
अक्सर यूज़र्स कुछ एक्स्ट्रा फीचर्स या कस्टमाइजेशन के लालच में थर्ड-पार्टी ब्राउजर एक्सटेंशन या अनऑफिशियल डेस्कटॉप टूल्स डाउनलोड कर लेते हैं। लेकिन इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। आइए इनके बारे में एक एक करकए जान लेते हैं।
डेटा व फाइल्स की चोरी हो सकती हैं: गैर-आधिकारिक टूल्स आपके प्राइवेट चैट्स, मीडिया फाइल्स और सेंसिटिव डॉक्यूमेंट्स को थर्ड-पार्टी सर्वर पर लीक कर सकते हैं।
सिक्योरिटी में सेंध लग सकती है: मॉडिफाइड टूल्स से व्हाट्सएप का एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन कमजोर हो जाता है।
अकाउंट परमानेंट बैन हो सकता है: व्हाट्सएप की नीतियों के उल्लंघन पर आपका नंबर हमेशा के लिए ब्लॉक भी किया जा सकता है।
व्हाट्सएप ने अपने ऑफिशियल वेब वर्जन को काफी आधुनिक बना दिया है। अब आधिकारिक वेब क्लाइंट पर भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड ऑडियो व वीडियो कॉलिंग, ग्रुप कॉल्स, लाइव रिएक्शंस और स्क्रीन शेयरिंग जैसी सुविधाएं इन-बिल्ट मिलती हैं। ऐसे में किसी भी थर्ड-पार्टी टूल पर भरोसा करना सिर्फ अपने डेटा से समझौता करना है।
यह भी पढ़ें: Realme 16x या Motorola G77 Power: प्राइस, प्रोसेसर, कैमरा, डिजाइन और अन्य की तुलना में कौन सा फोन बेस्ट