बॉलीवुड में हॉरर के साथ कॉमेडी का तड़का दर्शकों को लंबे समय से पसंद आता रहा है। इसी फॉर्मूले को Maddock Films ने एक बड़े सिनेमाई यूनिवर्स में बदल दिया है। दिनेश विजान का हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स अब अपनी अलग पहचान बना चुका है और उनकी फिल्मों में डर के साथ भरपूर हंसी, रोमांच और ट्विस्ट देखने को मिलते हैं। यहां हम आपको इसी यूनिवर्स की अब तक की 5 ऐसी फिल्मों के बारे में बता रहे हैं, जो हॉरर-कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों की वॉचलिस्ट में ज़रूर होनी चाहियें। इनमें एक फिल्म तो बॉक्स ऑफिस पर ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर का दर्जा हासिल कर चुकी है।
अमर कौशिक के निर्देशन में बनी ‘स्त्री’ 2018 में रिलीज हुई थी और इसी फिल्म से मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की शुरुआत हुई। कहानी मध्य प्रदेश के चंदेरी की मशहूर लोककथा ‘ओ स्त्री कल आना’ से प्रेरित है। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए, जबकि पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी ने कॉमेडी का मोर्चा संभाला।
फिल्म में हॉरर और हास्य को इस तरह जोड़ा गया कि कहानी शुरुआत से अंत तक दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखती है। फिल्म की सफलता ने बॉलीवुड में हॉरर-कॉमेडी के लिए एक नया रास्ता भी तैयार किया।
25 नवंबर 2022 को रिलीज हुई ‘भेड़िया’ ने इस यूनिवर्स की कहानी को एक अलग दिशा दी। अमर कौशिक के निर्देशन वाली इस फिल्म में वरुण धवन और कृति सेनन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी अरुणाचल प्रदेश के जंगलों की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है, जहां भास्कर नाम के व्यक्ति की जिंदगी एक रहस्यमयी घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है।
फिल्म के VFX, सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड म्यूजिक को काफी पसंद किया गया। वरुण धवन का ट्रांसफॉर्मेशन और दोस्तों के साथ उनके मजेदार सीन कहानी में कॉमेडी का तड़का लगाते हैं। इसी फिल्म ने ‘स्त्री’ से यूनिवर्स के क्रॉसओवर का रास्ता भी खोला।
आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी ‘मुंज्या’ 7 जून 2024 को सिनेमाघरों में आई थी। फिल्म की कहानी कोंकणी संस्कृति और लोककथाओं से प्रेरित है और इसका सबसे खास किरदार CGI की मदद से तैयार किया गया ‘मुंज्या’ है।
कहानी एक ऐसी अधूरी इच्छा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मौत के बाद भी खत्म नहीं होती। अभय वर्मा और शरवरी वाघ ने अहम किरदार निभाए हैं। फिल्म में डर के साथ एक अलग तरह की मासूम जिद और कॉमेडी देखने को मिलती है। बड़े स्टार्स की गैरमौजूदगी के बावजूद ‘मुंज्या’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और मैडॉक यूनिवर्स की लोकप्रियता को और मजबूत किया।
15 अगस्त 2024 को रिलीज हुई ‘स्त्री 2’ इस यूनिवर्स की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो गई। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई।
इस बार चंदेरी के सामने ‘सरकाटे’ नाम का नया खतरा होता है। विक्की और उसके दोस्त इस मुसीबत से निपटने के लिए एक बार फिर असाधारण मदद का सहारा लेते हैं। फिल्म में हॉरर और कॉमेडी के साथ कई ट्विस्ट देखने को मिलते हैं। अक्षय कुमार और वरुण धवन के कैमियो भी फिल्म के खास आकर्षण रहे।
21 अक्टूबर 2025 को रिलीज हुई ‘थम्मा’ मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की अगली कड़ी है। आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने यूनिवर्स को वैम्पायर की दुनिया से जोड़ा। इसे दिनेश विजान और अमर कौशिक ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म में भारतीय पौराणिक कथाओं और क्षेत्रीय मान्यताओं को आधुनिक कहानी के साथ जोड़ा गया है। इसमें हॉरर और कॉमेडी के अलावा यूनिवर्स की पिछली फिल्मों से जुड़े संकेत और रहस्यमयी शक्तियां भी देखने को मिलती हैं। यही कनेक्शन इसे मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की एक अहम फिल्म बनाता है।
यह भी पढ़ें: नया 4K Smart TV खरीदने का है प्लान? इस जगह मिल रहे कौड़ियों के दाम, ये रहीं 5 सबसे तगड़ी डील्स!