WhatsApp का धांसू फीचर, यूजर्स नहीं होंगे स्कैम के शिकार, जानें कैसे करता है काम

HIGHLIGHTS

WhatsApp Scam Alert नाम के नए सुरक्षा फीचर पर काम कर रहा है.

फीचर संदिग्ध मैसेज की पहचान कर यूजर को चेतावनी देगा.

पूरी प्रक्रिया फोन पर ही होगी, जिससे एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सुरक्षित रहेगा.

WhatsApp का धांसू फीचर, यूजर्स नहीं होंगे स्कैम के शिकार, जानें कैसे करता है काम

WhatsApp, Instagram, Telegram और Facebook जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. फर्जी नौकरी के ऑफर, निवेश योजनाएं, फिशिंग लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे घोटालों के जरिए साइबर अपराधी लोगों को निशाना बना रहे हैं.

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

इसी समस्या से निपटने के लिए Meta के स्वामित्व वाला WhatsApp एक नया फीचर तैयार कर रहा है, जो यूजर्स को संदिग्ध मैसेज की पहचान करने में मदद करेगा.

WhatsApp का Scam Alert फीचर

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार WhatsApp Android बीटा वर्जन में Scam Alert नाम के फीचर पर काम कर रहा है. यह फीचर ऐसे मैसेज की पहचान करेगा जो संभावित रूप से धोखाधड़ी से जुड़े हो सकते हैं. अगर किसी अनजान नंबर से संदिग्ध मैसेज आता है, तो WhatsApp चैट के अंदर ही यूजर को चेतावनी दिखाएगा. इससे यूजर किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश पर भरोसा करने से पहले सतर्क हो सकेगा.

एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पर नहीं पड़ेगा असर

रिपोर्ट के मुताबिक Scam Alert पूरी तरह यूजर के डिवाइस पर ही काम करेगा. मैसेज की जांच के लिए किसी भी डेटा को WhatsApp या Meta के सर्वर पर नहीं भेजा जाएगा. पूरी प्रक्रिया फोन के भीतर ही होगी, जिससे एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सुरक्षित रहेगा. यानी आपकी निजी चैट पहले की तरह सुरक्षित बनी रहेगी.

संदिग्ध मैसेज मिलने पर क्या होगा?

अगर फीचर किसी मैसेज को संदिग्ध मानता है, तो चैट में एक चेतावनी दिखाई देगी कि यह संदेश संभावित रूप से धोखाधड़ी से जुड़ा हो सकता है. साथ ही WhatsApp यह भी बताएगा कि मैसेज किसी अनजान संपर्क से आया है. इसके बाद यूजर के पास उस नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट करने का विकल्प होगा. यदि यूजर को लगता है कि संदेश सुरक्षित है, तो वह बातचीत जारी भी रख सकता है.

Voice Transcripts की तरह करेगा काम

WhatsApp ने हाल ही में Voice Transcripts फीचर शुरू किया था, जो वॉइस मैसेज को फोन में ही टेक्स्ट में बदल देता है. Scam Alert भी इसी तरह डिवाइस पर ही काम करेगा और किसी बाहरी सर्वर का उपयोग नहीं करेगा.

यूजर्स को मिलेगी पारदर्शिता

रिपोर्ट के अनुसार WhatsApp एक ऐसा टूल भी विकसित कर रहा है, जिसके जरिए यूजर्स यह देख सकेंगे कि Scam Alert कब और किन संदेशों पर सक्रिय हुआ था. ये सभी रिकॉर्ड सिर्फ यूजर के डिवाइस पर रहेंगे और WhatsApp के साथ साझा नहीं किए जाएंगे.

डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगा फीचर

WhatsApp इस फीचर को वैकल्पिक सुविधा के रूप में पेश करने की योजना बना रहा है. यानी यह डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगा और अतिरिक्त सुरक्षा चाहने वाले यूजर्स इसे सेटिंग्स में जाकर चालू कर सकेंगे.

कब होगा लॉन्च?

फिलहाल Scam Alert फीचर विकास के चरण में है. उम्मीद की जा रही है कि इसे सबसे पहले बीटा टेस्टर्स के लिए जारी किया जाएगा. इसके बाद आने वाले अपडेट्स में सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: स्क्रीनशॉट लेते ही कम हो जाती है क्वालिटी? जानें क्या है वजह, ऐसे मिलेगा HD फॉर्मेट

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile