Google Wallet में ऐड कर लें Aadhaar Card, वेरिफिकेशन हो जाएगा आसान, जान लीजिए स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
Google Wallet में अब Aadhaar कार्ड जोड़ने की सुविधा शुरू हो गई है.
यूजर Aadhaar ऐप या Google Wallet ऐप के जरिए डिजिटल Aadhaar जोड़ सकते हैं.
PVR INOX, BharatMatrimony और Atlys जैसी सेवाओं में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा.
Google ने भारत में कुछ समय पहले Google Wallet ऐप के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया था. जिससे अब Android यूजर्स अपने Aadhaar कार्ड को भी Google Wallet में जोड़ सकते हैं. इसके लिए कंपनी ने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी UIDAI के साथ साझेदारी की है.
SurveyGoogle Wallet को भारत में मई 2024 में लॉन्च किया गया था. यह ऐप यूजर्स को पहचान पत्र, बोर्डिंग पास, टिकट और अन्य डिजिटल दस्तावेज सुरक्षित रखने की सुविधा देता है. अब Aadhaar कार्ड सपोर्ट जुड़ने के बाद यह और ज्यादा उपयोगी हो गया है.
Google Wallet में Aadhaar जोड़ने के फायदे
Aadhaar भारत में सबसे महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेजों में से एक माना जाता है. यह कई सरकारी और निजी सेवाओं में पहचान प्रमाण के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. Google का कहना है कि Google Wallet में Aadhaar जोड़ने से यह आपके फिजिकल Aadhaar कार्ड का विकल्प नहीं बनता, लेकिन जरूरत पड़ने पर आप इसका डिजिटल वर्जन आसानी से दिखा सकते हैं.

अगर आप कहीं Aadhaar कार्ड ले जाना भूल जाते हैं, तो Google Wallet में सेव डिजिटल Aadhaar काम आ सकता है. इसके अलावा आपको बार-बार Aadhaar की PDF फाइल शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे पहचान चोरी या डेटा के गलत इस्तेमाल का जोखिम भी कम हो सकता है.
कई सर्विस में होगा इस्तेमाल
Google ने PVR INOX के साथ भी साझेदारी की है. अब यूजर Google Wallet में मौजूद Aadhaar की मदद से उम्र सत्यापन कर सकेंगे. इसके अलावा BharatMatrimony पर पहचान सत्यापन और Atlys पर वीजा आवेदन के दौरान Aadhaar ऑटोफिल जैसी सुविधाओं का भी लाभ लिया जा सकेगा. कंपनी आने वाले समय में Mygate और Snabbit जैसी सेवाओं के लिए भी सपोर्ट जोड़ने की तैयारी कर रही है.

Aadhaar ऐप की मदद से Google Wallet में Aadhaar कैसे जोड़ें?
सबसे पहले Google Play Store से Aadhaar ऐप डाउनलोड करें. अब Aadhaar ऐप खोलें. अपने Aadhaar नंबर की मदद से लॉगिन करें. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें. इसके बाद Add to Wallet विकल्प पर टैप करें.
अब Google Wallet चुनें. Continue बटन पर टैप करें. स्क्रीन पर दिखाई देने वाले निर्देशों का पालन करके Aadhaar को Google Wallet में जोड़ लें.
Google Wallet ऐप से Aadhaar कैसे जोड़ें?
सबसे पहले Google Play Store से Google Wallet ऐप डाउनलोड करें. ऐप खोलने के बाद स्क्रीन के नीचे दाईं तरफ दिखाई देने वाले + बटन पर टैप करें. अब Aadhaar विकल्प चुनें. इसके बाद आपको Aadhaar ऐप पर रीडायरेक्ट किया जाएगा. यहां Aadhaar नंबर और OTP के जरिए सत्यापन पूरा करें. फिर Add to Wallet विकल्प चुनकर प्रक्रिया पूरी कर लें.
डिजिटल Aadhaar कितना सुरक्षित है?
Google के अनुसार Aadhaar को Google Wallet में सुरक्षित तरीके से स्टोर किया जाता है. इससे यूजर जरूरत पड़ने पर अपने पहचान दस्तावेज को तुरंत एक्सेस कर सकते हैं. हालांकि सुरक्षा के लिए फोन में स्क्रीन लॉक, फिंगरप्रिंट लॉक या फेस अनलॉक जैसे फीचर्स का इस्तेमाल करना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
