Vivo X500 Pro Max का 200MP कैमरा क्या कर देगा DSLR की छुट्टी? देखें क्यों हो रही इतनी चर्चा
Vivo X500 Pro Max में 200MP ZEISS APO टेलीफोटो कैमरा है।
Vivo X500 Pro Max Photography Kit की कीमत 2,29,999 रुपये है।
Vivo X500 Series के तीनों फोन एक्सटर्नल टेलीफोटो लेंस सपोर्ट से लैस हैं।
इस समय भारत में शादियों का सीजन शुरू हो चुका है, ऐसे में शादी में स्टेज पर खड़े दूल्हा-दुल्हन की तस्वीर सभी के सभी लोग लेना चाहते हैं, हालांकि, सभी का कैमरा इतना सक्षम नहीं होता है कि एक दमदार और DSLR को टक्कर देने वाली फोटो क्लिक कर सकें। इसके अलावा किसी कॉन्सर्ट में भीड़ के पीछे से अपने पसंदीदा सिंगर का वीडियो बनाने में भी यही दिक्कत आती है, इसके अलावा जंगल सफारी के दौरान दूर बैठे किसी पक्षी की फोटो खींचने के दौरान भी यही समस्या होती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि DSLR को टक्कर देने वाला कैमरा फोन किसी के पास नहीं होता है। इसी कारण एक अच्छे कैमरा फोन के कमी लगभग लगभग सभी को खलती है। हालांकि, स्मार्टफोन कंपनियां अब इस कमी को भी दूर करने में लगी हैं। Vivo X500 Series को देखकर भी कुछ ऐसा ही लगता है।
असल में, Vivo की ओर से अभी हाल ही में इंडिया के बाजार में Vivo X500 Series को लॉन्च किया गया। इस सीरीज के सबसे महंगे फोन यानि Vivo X500 Pro Max में 200MP का टेलीफोटो कैमरा मौजूद है। कंपनी ने इसके साथ अलग से इस्तेमाल किए जाने वाले कैमरा लेंस भी पेश किए हैं। इन लेंस के साथ फोन की Photography Kit की कीमत 2,29,999 रुपये के आसपास बैठती है। इतने पैसे में एक अच्छा कैमरा और स्मार्टफोन दोनों खरीदे जा सकते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर Vivo के इस फोन में ऐसा क्या है? क्या अब घूमने-फिरने के दौरान अपने साथ DSLR लेकर जाने की जरूरत खत्म हो जाने वाली है? आज हम Vivo X500 Pro Max के कैमरा को देखते हुए इसी सवाल के जवाब को तलाशने वाले हैं।
Vivo X500 Pro Max में लगे 200MP कैमरे की इतनी चर्चा क्यों?
बाजार में 200MP कैमरा वाले फोन यूं तो पहले से भी मौजूद हैं। हालांकि, हर 200MP कैमरा एक जैसा नहीं होता। Vivo के नए फोन में 200MP सेंसर का इस्तेमाल मेन कैमरे के बजाय टेलीफोटो कैमरे में किया गया है। इसका फायदा समझने के लिए एक उदाहरण को समझना जरूरी है। मान लीजिए आप किसी क्रिकेट स्टेडियम में बैठे हैं और मैदान में मौजूद खिलाड़ी की फोटो क्लिक करना चाहते हैं। एक नॉर्मल फोन से ज्यादा जूम करते ही फोटो की डिटेल कम होने लगती है। कई बार फोटो देखने पर ऐसा लगता है जैसे किसी छोटी तस्वीर को खींचकर बड़ा कर दिया गया हो।
टेलीफोटो कैमरा इसी समस्या को कम करने में मदद करता है। इसके लेंस की फोकल लेंथ ज्यादा होती है, जिसकी मदद से दूर मौजूद चीजों को फ्रेम में बड़ा दिखाया जा सकता है। ज्यादा रिजॉल्यूशन वाला सेंसर तस्वीर को क्रॉप करने की अतिरिक्त गुंजाइश भी प्रदान करता है।
Vivo X500 Pro Max में इसके लिए 1/1.4 इंच का सेंसर इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, केवल 200MP होने से हर परिस्थिति में अच्छी फोटो आने की गारंटी नहीं मिलती। रोशनी, लेंस की क्वालिटी, फोकस और इमेज प्रोसेसिंग भी उतनी ही मायने रखती हैं।
Vivo X500 Pro Max: फोन में भी लगा सकेंगे कैमरे जैसा बड़ा लेंस
अभी तक कैमरा खरीदने वाले लोगों के बीच अलग-अलग लेंस की चर्चा ज्यादा होती थी। अब स्मार्टफोन में भी यह चलन बढ़ रहा है। Vivo इस सीरीज के साथ 200mm और 400mm इक्विवेलेंट फोकल लेंथ वाले दो टेलीफोटो एक्सटेंडर लेकर आया है। इनमें से 200mm वाला लेंस तीनों फोन के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है, जबकि 400mm वाला लेंस सिर्फ X500 Pro Max के लिए है।
क्या अब शादी की फोटोग्राफी भी फोन से हो सकेगी?
स्मार्टफोन कैमरे पिछले कुछ सालों में काफी बदल गए हैं। पोर्ट्रेट फोटो में बैकग्राउंड ब्लर करना, रात में तस्वीर लेना और सिनेमैटिक वीडियो रिकॉर्ड करना अब मुश्किल नहीं रहा। Vivo X500 Pro Max और X500 Pro में 4K 240fps स्लो मोशन वीडियो रिकॉर्डिंग और चलते हुए सब्जेक्ट पर फोकस बनाए रखने की सुविधा भी शामिल है। लेकिन किसी शादी में कुछ अच्छी तस्वीरें खींचने और पूरी शादी की प्रोफेशनल फोटोग्राफी करने में बड़ा अंतर है। DSLR और मिररलेस कैमरों में आमतौर पर बड़े सेंसर, जरूरत के अनुसार लेंस बदलने की आजादी, एक्सटर्नल फ्लैश का इस्तेमाल और तस्वीरों पर ज्यादा मैनुअल कंट्रोल जैसे फायदे होते हैं। कम रोशनी में लगातार शूटिंग करने और बड़े साइज में तस्वीरें प्रिंट करने के दौरान भी इनकी अहमियत बनी रहती है।
दूसरी ओर स्मार्टफोन से फोटो खींचकर तुरंत एडिट करना और WhatsApp या Instagram पर शेयर करना कहीं ज्यादा सुविधाजनक है।
Vivo X500 Pro Max: कैमरे के लिए 2 लाख रुपये से ज्यादा खर्च करना कितना सही?
Vivo X500 Pro Max का 512GB स्टोरेज वाला मॉडल 1,79,999 रुपये में पेश किया गया है। इसके अलावा 200mm लेंस की कीमत 15,999 रुपये और 400mm लेंस की कीमत 27,999 रुपये है। Photography Kit के लिए 2,29,999 रुपये खर्च करने होंगे। इस सीरीज की सले इंडिया के बाजार में 3 दिसंबर से शुरू होगी।
अब अगर आप ज्यादातर परिवार की तस्वीरें लेते हैं, घूमने-फिरने के दौरान वीडियो बनाते हैं या सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हैं, तो जरूरी नहीं कि आपको सबसे महंगा मॉडल ही खरीदना पड़े। यहां तक कि एक अच्छे मिडरेंज फोन से भी आपकी कई जरूरतें पूरी हो सकती हैं। वहीं, ट्रैवल कंटेंट बनाने वाले लोगों और दूर मौजूद चीजों की फोटोग्राफी में दिलचस्पी रखने वालों के लिए X500 Pro Max के अतिरिक्त कैमरा फीचर्स ज्यादा मायने रख सकते हैं।
Vivo का नया फोन DSLR को पूरी तरह रिप्लेस कर पाएगा या नहीं, इसका फैसला वास्तविक कैमरा टेस्टिंग के बाद ही किया जा सकता है। लेकिन स्मार्टफोन कंपनियों के बीच चल रही कैमरे की जंग अब सिर्फ मेगापिक्सल तक सीमित नहीं रह गई है। पहले फोन खरीदते समय लोग पूछते थे कि इसका कैमरा कितने मेगापिक्सल का है। आने वाले समय में शायद फोन के साथ मिलने वाले लेंस के बारे में भी पूछना शुरू कर दें।
यह भी पढ़ें: vivo X500 Pro Max vs OPPO Find X10 Pro Max: 200MP का धाकड़ कैमरा, प्रोसेसर, बैटरी, डिजाइन और प्राइस की तुलना