Redmi Turbo 5 को आज 16 जून को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया गया है। 40 हज़ार रुपये से कम कीमत वाला यह स्मार्टफोन इसी साल लॉन्च हुए OnePlus Nord 6 और Vivo V70 FE को कड़ी टक्कर देता है। तीनों डिवाइसेज़ लगभग एक ही प्राइस रेंज में आते हैं लेकिन इनके स्पेक्स और फीचर्स में बड़ा अंतर देखने को मिलता है। इसी अंतर को समझने और अलग-अलग ज़रूरतों के अनुसार सही स्मार्टफोन को पहचानने के लिए यहां हमने इन तीनों स्मार्टफोन्स के डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य डिटेल्स की तुलना की है। आइए देखते हैं तीनों में कौन किस पर भारी है।
Redmi Turbo 5 में 6.59 इंच का 1.5K (1,268 × 2,756 पिक्सल) 12-बिट AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है। डिस्प्ले में डॉल्बी विज़न और कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i प्रोटेक्शन मिलता है। फोन IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ आता है, जिससे यह धूल और पानी से सुरक्षित रहता है। इसके अलावा कैमरा मॉड्यूल के आसपास Redmi Pixel Matrix फीचर भी दिया गया है, जो नोटिफिकेशन और अलर्ट दिखाने का काम करता है।
दूसरी ओर, OnePlus Nord 6 में 6.78 इंच का Sunburst AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 1.5K रेजोल्यूशन, 165Hz रिफ्रेश रेट और 3,600 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। यह प्रीमियम डिजाइन के साथ आता है और IP68 रेटिंग की वजह से धूल और पानी से सुरक्षा देता है। हालांकि Nord 6 को IP68 + IP69 + IP69K सर्टिफिकेशन मिला है, जो इसे ज्यादा मजबूत बनाता है।
Vivo V70 FE में 6.83 इंच की 1.5K OLED स्क्रीन दी गई है, लेकिन इसका रिफ्रेश रेट 120Hz और पीक ब्राइटनेस 1900 निट्स है। Vivo V70 FE बाकी दोनों फोन्स की तुलना में सिंपल लेकिन प्रीमियम लुक के साथ आता है।
Redmi Turbo 5 में ऑक्टा-कोर MediaTek Dimensity 8500 Ultra प्रोसेसर दिया गया है। बेहतर थर्मल मैनेजमेंट के लिए इसमें 5,300 sq.mm हीट डिसिपेशन एरिया वाला 3D आइस-लूप कूलिंग सिस्टम दिया गया है। यह फोन Android 16 आधारित HyperOS 3 पर चलता है। कंपनी चार साल तक Android OS अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है।
OnePlus Nord 6 में Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट दिया गया है, जिसके साथ 12GB तक RAM और 256GB स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। बात करें ऑपरेटिंग सिस्टम की तो यह फोन OxygenOS 16.0 के साथ आता है और इसमें 4 साल के ओएस अपडेट और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट मिलेंगे।
दूसरी तरफ Vivo V70 FE में Dimensity 7360-Turbo चिपसेट मिलता है, जो रोज़मर्रा के इस्तेमाल और मल्टीटास्किंग के लिए अच्छा है, लेकिन रॉ पावर के मामले में Redmi और OnePlus से पीछे है। यह Android 16 आधारित OriginOS 6 पर चलता है और कंपनी 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का दावा करती है।
Redmi Turbo 5 में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें 50MP का Sony IMX882 प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 20MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह स्मार्टफोन 4K 60fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है।
इसी बीच, OnePlus Nord 6 में 50MP का मेन OIS कैमरा और 8MP का अल्ट्रावाइड सेंसर दिया गया है। फ्रंट में 32MP का सेल्फी कैमरा मिलता है। सभी कैमरे 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करते हैं।
कैमरा विभाग में Vivo V70 FE सबसे ज्यादा मेगापिक्सल वाला सेंसर लेकर आता है। इसमें 200MP का प्राइमरी कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस दिया गया है। सेल्फी के लिए इसमें 50MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है।
फोन में 7,540mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसके अलावा इसमें USB Type-C पोर्ट के जरिए 27W वायर्ड रिवर्स फास्ट चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलता है। दूसरी तरफ OnePlus Nord 6 में 9,000mAh की बड़ी बैटरी और 80W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। Vivo V70 FE में 7000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि फोन लगभग एक घंटे में फुल चार्ज हो सकता है।
Redmi Turbo 5 की भारत में कीमत 8GB RAM और 256GB स्टोरेज के बेस वेरिएंट के लिए 37,999 रुपये से शुरू होती है। वहीं इसके 12GB + 256GB टॉप-एंड मॉडल को 40,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। कुछ चुनिंदा बैंक कार्ड्स पर 2000 रुपये तक का डिस्काउंट मिल रहा है। स्मार्टफोन की सेल 19 जून से Amazon पर शुरू होगी।
दूसरा फोन, OnePlus Nord 6 अपने 8GB + 256GB वेरिएंट के लिए 42,999 रुपये से शुरू होता है, जबकि 12GB + 256GB वेरिएंट 47,999 रुपये का है।
Vivo V70 FE की शुरुआती कीमत 37,999 रुपये है, जिसमें 8GB + 128GB स्टोरेज मिलता है। इसका 8GB + 256GB वेरिएंट 40,999 रुपये और 12GB + 256GB मॉडल 44,999 रुपये में आता है।
यह भी पढ़ें: Realme P4R vs Realme P4 Power: डिजाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना