Redmi ने भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन Redmi Turbo 5 लॉन्च कर दिया है। वहीं OnePlus Nord 6 पिछले कुछ महीनों से सेल के लिए उपलब्ध है। दोनों फोन अलग-अलग प्राइस सेगमेंट में आते हैं, इसलिए इन्हें सीधे तौर पर एक-दूसरे का प्रतिस्पर्धी कहना सही नहीं होगा। हालांकि, अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो दोनों डिवाइस की खूबियों को समझना आपके लिए मददगार हो सकता है। आइए कीमत, डिस्प्ले, प्रोसेसर, बैटरी और कैमरा समेत सभी अहम पहलुओं पर नजर डालते हैं, और जानते हैं कि कौन सा फोन किस पर भारी है।
Redmi Turbo 5 में 6.59 इंच की 12-बिट डिस्प्ले दी गई है, जो 1.5K रिजॉल्यूशन, 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करती है। वहीं OnePlus Nord 6 में 6.78 इंच की बड़ी FHD+ Sunburst AMOLED डिस्प्ले मिलती है। इसमें 165Hz तक का रिफ्रेश रेट और 3,600 निट्स की पीक ब्राइटनेस दी गई है।
दोनों स्मार्टफोन 3840Hz PWM डिमिंग के साथ आते हैं, जिससे कम रोशनी में भी आंखों पर कम दबाव पड़ता है। साथ ही दोनों फोन IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ आते हैं, जिससे पानी और धूल से बेहतर सुरक्षा मिलती है।
अगर केवल स्पेसिफिकेशन देखें तो OnePlus Nord 6 की डिस्प्ले थोड़ी बेहतर नजर आती है, लेकिन इसके लिए ज्यादा कीमत भी चुकानी पड़ती है। वहीं Redmi Turbo 5 भी गेमिंग और वीडियो देखने के दौरान शानदार विजुअल अनुभव देने में सक्षम है।
Redmi Turbo 5 में MediaTek Dimensity 8500 Ultra चिपसेट दिया गया है। इसका 12GB रैम वेरिएंट LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज के साथ आता है। यह फोन Android 16 आधारित HyperOS 3 पर चलता है।
वहीं OnePlus Nord 6 में Qualcomm Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। इसमें भी LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। यह भी Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।
दोनों स्मार्टफोन हाई-एंड हार्डवेयर के साथ आते हैं और मल्टीटास्किंग, गेमिंग और रोजमर्रा के भारी इस्तेमाल को आसानी से संभाल सकते हैं।
अगर कैमरे की बात करें तो दोनों स्मार्टफोन कैमरा-केंद्रित डिवाइस नहीं हैं। Redmi Turbo 5 और OnePlus Nord 6 दोनों में 50MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जो OIS और EIS सपोर्ट के साथ आता है। इसके अलावा दोनों में 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी मिलता है।
फ्रंट कैमरे में अंतर देखने को मिलता है। OnePlus Nord 6 में 32MP का सेल्फी कैमरा दिया गया है, जबकि Redmi Turbo 5 में 20MP का फ्रंट सेंसर मिलता है।
बैटरी के मामले में दोनों कंपनियों ने बड़ी क्षमता वाले सेल दिए हैं। Redmi Turbo 5 में 7,540mAh की बैटरी मिलती है, जो 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि यह अब तक किसी Redmi फोन में दी गई सबसे बड़ी बैटरी है।
वहीं OnePlus Nord 6 में इससे भी बड़ी 9,000mAh बैटरी दी गई है, लेकिन इसकी चार्जिंग स्पीड 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग तक सीमित है।
यानी बैटरी क्षमता के मामले में OnePlus Nord 6 आगे है, जबकि चार्जिंग स्पीड में Redmi Turbo 5 बढ़त हासिल करता है। अच्छी बात यह है कि दोनों स्मार्टफोन के साथ चार्जर बॉक्स में ही दिया जा रहा है।
Redmi Turbo 5 को कंपनी ने दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया है। इसका 8GB रैम + 256GB स्टोरेज मॉडल 37,999 रुपये में आता है, जबकि 12GB रैम + 256GB वेरिएंट की कीमत 40,999 रुपये रखी गई है। चुनिंदा बैंक कार्ड्स के जरिए खरीदने पर ग्राहकों को 2,000 रुपये तक का इंस्टेंट डिस्काउंट भी मिलेगा, जिससे इसकी प्रभावी कीमत और कम हो जाएगी। इसकी सेल 19 जून से शुरू होगी।
दूसरी तरफ OnePlus Nord 6 भी दो मेमोरी ऑप्शन में उपलब्ध है। इसका 8GB + 256GB मॉडल 42,999 रुपये में मिलता है, जबकि 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 47,999 रुपये है। बैंक ऑफर्स और एक्सचेंज बोनस के जरिए इसकी कीमत में भी कुछ कमी आ सकती है, लेकिन फिर भी यह Redmi Turbo 5 की तुलना में ज्यादा महंगा स्मार्टफोन है।
यह भी पढ़ें: Redmi Turbo 5 Vs Nothing Phone 4a Vs Motorola Edge 70 Pro: डिज़ाइन, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना