Poco X8 Pro vs Nothing Phone 4a: 35 हजार के अंदर किसे लेने में है फायदा? तुलना देखकर जानें
स्मार्टफोन बाजार में मिड-रेंज सेगमेंट में मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। Xiaomi के सब-ब्रांड Poco ने हाल ही में भारत में Poco X8 Pro को लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत 32,999 रुपये रखी गई है। यह फोन सीधे तौर पर Nothing कंपनी के नए Nothing Phone 4a को टक्कर देता है, जिसे इसी महीने 31,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। दोनों ही फोन एक ही प्राइस रेंज में आते हैं, लेकिन फीचर्स और प्राथमिकताओं में काफी अंतर है। आइए इन दोनों स्मार्टफोन्स की पूरी तुलना जानते हैं।
SurveyPoco X8 Pro vs Nothing Phone 4a:
डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
Poco X8 Pro में एल्यूमिनियम फ्रेम के साथ फ्रंट पर गोरिल्ला ग्लास 7i प्रोटेक्शन दिया गया है। यह फोन IP68 और IP69K रेटिंग के साथ आता है, यानी यह 1.5 मीटर गहराई तक 30 मिनट पानी में रह सकता है और हाई-प्रेशर वॉटर जेट को भी झेल सकता है। इस कीमत में यह काफी मजबूत प्रोटेक्शन माना जाता है।
वहीं Nothing Phone 4a में प्लास्टिक फ्रेम के साथ आगे और पीछे ग्लास दिया गया है, जिस पर गोरिल्ला ग्लास 7i की सुरक्षा मिलती है। इसमें IP64 रेटिंग है, जो केवल पानी के छींटों और हल्के एक्सपोजर से सुरक्षा देती है। इस फोन की खास पहचान इसके बैक पैनल पर मौजूद 63 मिनी LED लाइट्स (ग्लिफ़ इंटरफेस) हैं, जो इसे यूनिक बनाती हैं। वजन की बात करें तो Nothing Phone 4a थोड़ा भारी है (204.5 ग्राम), जबकि Poco X8 Pro का वजन 201.5 ग्राम है।
डिस्प्ले
डिस्प्ले की बात करें तो Poco X8 Pro में 6.59 इंच की AMOLED डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, 3500 निट्स पीक ब्राइटनेस, 3840Hz PWM डिमिंग और डॉल्बी विज़न सपोर्ट के साथ आती है। इसका रेजोल्यूशन 1268×2756 पिक्सल (करीब 460 ppi) है।
दूसरी तरफ Nothing Phone 4a में बड़ी 6.78 इंच AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और 4500 निट्स तक की ब्राइटनेस मिलती है। इसका रेजोल्यूशन 1224×2720 पिक्सल (करीब 440 ppi) है और यह Ultra HDR सपोर्ट करता है।
परफॉर्मेंस
Poco X8 Pro में MediaTek Dimensity 8500 Ultra प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm तकनीक पर आधारित है और 3.4GHz तक की क्लॉक स्पीड देता है। इसके साथ UFS 4.1 स्टोरेज मिलती है, जो फ़ास्ट डेटा स्पीड ऑफर करती है।
वहीं Nothing Phone 4a में Snapdragon 7s Gen 4 चिपसेट है, जो भी 4nm पर आधारित है, लेकिन परफॉर्मेंस के मामले में Dimensity 8500 Ultra से थोड़ा नीचे माना जाता है। इसमें UFS 3.1 स्टोरेज दी गई है। दोनों फोन 12GB तक RAM के साथ आते हैं, लेकिन लंबे समय तक हेवी टास्क और गेमिंग में Poco की परफॉर्मेंस बेहतर हो सकती है।
कैमरा
कैमरा की बात करें तो Nothing Phone 4a में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है, जिसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर (OIS के साथ), 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो (3.5x ऑप्टिकल जूम और OIS) और 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा शामिल है। यह फोन 4K@30fps डॉल्बी विज़न HDR वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है और इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा है।
दूसरी तरफ Poco X8 Pro में डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है, जो 50MP प्राइमरी (OIS के साथ) और 8MP अल्ट्रावाइड सेंसर से लैस है। इसमें टेलीफोटो कैमरा नहीं मिलता, जो इसकी एक कमी है। हालांकि वीडियो रिकॉर्डिंग में यह 4K@60fps तक सपोर्ट देता है, जो Nothing से बेहतर है। फ्रंट में 20MP का कैमरा दिया गया है।
बैटरी, ऑडियो और अन्य फीचर्स
बैटरी के मामले में Poco X8 Pro आगे है, जिसमें 6500mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। वहीं Nothing Phone 4a में 5400mAh बैटरी मिलती है।
ऑडियो फीचर्स में Poco X8 Pro ज्यादा एडवांस है। इसमें Dolby Atmos, Hi-Res ऑडियो, Bluetooth 6.0 के साथ aptX HD और LHDC 5 सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा इसमें IR ब्लास्टर भी दिया गया है, जो Nothing Phone 4a में नहीं है।
भारत में कीमत
Poco X8 Pro की कीमत 32,999 रुपये (8GB + 256GB) से शुरू होती है, जबकि इसका 12GB वेरिएंट 35,999 रुपये में आता है। वहीं Nothing Phone 4a की शुरुआती कीमत 31,999 रुपये (8GB + 128GB) है और इसका 12GB + 256GB मॉडल 37,999 रुपये में उपलब्ध है।
किसे लेने में है फायदा?
अगर आप बेहतर परफॉर्मेंस, मजबूत बिल्ड और बड़ी बैटरी चाहते हैं तो Poco X8 Pro एक अच्छा विकल्प है। वहीं अगर कैमरा, खासकर टेलीफोटो जूम और यूनिक डिजाइन आपके लिए ज्यादा मायने रखते हैं, तो Nothing Phone 4a बेहतर साबित हो सकता है। दोनों ही फोन अपने-अपने तरीके से इस सेगमेंट में मजबूत दावेदार हैं।
यह भी पढ़ें: Airtel Plan: तीन महीने तक अनलिमिटेड 5G डेटा, फ्री Netflix और भर-भर कर मिलते हैं बेनिफिट्स, कीमत भी कम
Faiza Parveen
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile