मोटोरोला का नया Moto Edge 70 Pro Plus स्मार्टफोन हाल ही में भारत में लॉन्च कर हुआ है। यह डिवाइस सीधे तौर पर iQOO 15R और Nothing Phone 4a Pro को टक्कर देता है। हालांकि ये तीनों स्मार्टफोन प्रीमियम सेगमेंट को ध्यान में रखकर पेश किए गए हैं, लेकिन इनका फोकस अलग-अलग तरह के यूजर्स पर है। तीनों ही फोन दमदार हार्डवेयर, स्मूथ डिस्प्ले, बेहतर कैमरा और लंबी बैटरी लाइफ के साथ आते हैं। जहां Motorola Edge 70 Pro Plus संतुलित अनुभव देने की कोशिश करता है, वहीं iQOO 15R परफॉर्मेंस और बैटरी पर ज्यादा फोकस करता है। दूसरी तरफ Nothing Phone 4a Pro अपेक्षाकृत कम कीमत में कई अतिरिक्त फीचर्स ऑफर करता है। आइए जानते हैं कि डिस्प्ले, प्रोसेसर, बैटरी, कैमरा और कीमत के मामले में ये तीनों स्मार्टफोन एक-दूसरे के मुकाबले कैसे खड़े होते हैं।
Motorola Edge 70 Pro Plus में 6.8 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो HDR10+ सपोर्ट और 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। कंपनी का दावा है कि यह डिस्प्ले आउटडोर इस्तेमाल के दौरान 5,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस हासिल कर सकता है।
वहीं iQOO 15R में 6.59 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 144Hz एडाप्टिव रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। यह डिस्प्ले सीधे धूप में 5,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस प्रदान करता है।
दूसरी ओर Nothing Phone 4a Pro में सबसे बड़ा 6.83 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। यह भी 144Hz एडाप्टिव रिफ्रेश रेट के साथ आता है और 5,000 निट्स HDR पीक ब्राइटनेस के कारण तेज रोशनी में भी बेहतर विजिबिलिटी प्रदान करता है।
Motorola Edge 70 Pro Plus में MediaTek Dimensity 8500 Extreme चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 12GB LPDDR5X रैम और 256GB UFS 4.1 इंटरनल स्टोरेज मिलता है।
वहीं iQOO 15R में Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है। यह स्मार्टफोन अधिकतम 12GB LPDDR5X Ultra रैम और 512GB तक UFS 4.1 इंटरनल स्टोरेज के साथ आता है।
Nothing Phone 4a Pro की बात करें तो इसमें Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 12GB तक LPDDR5X रैम और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज का विकल्प मिलता है।
फोटोग्राफी के लिए Motorola Edge 70 Pro Plus में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा, 50MP का अल्ट्रावाइड लेंस और 50MP का पेरिस्कोप सेंसर शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 50MP का फ्रंट कैमरा मिलता है।
दूसरी तरफ iQOO 15R में 50MP का मुख्य कैमरा और 8MP का अल्ट्रावाइड सेंसर दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है।
वहीं Nothing Phone 4a Pro में पीछे की तरफ ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा, 50MP का पेरिस्कोप लेंस और 8MP का अल्ट्रावाइड सेंसर शामिल है। फ्रंट में 32MP का कैमरा दिया गया है।
Motorola Edge 70 Pro Plus में 6,500mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है। यह 90W वायर्ड चार्जिंग, 15W वायरलेस चार्जिंग, 10W वायरलेस रिवर्स चार्जिंग और 5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
इसके मुकाबले iQOO 15R में 7,600mAh की सिंगल-सेल सिलिकॉन एनोड बैटरी दी गई है। यह 100W फास्ट वायर्ड चार्जिंग और 7.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट के साथ आती है।
वहीं Nothing Phone 4a Pro में 5,400mAh की बैटरी दी गई है, जो 50W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
Motorola Edge 70 Pro Plus की कीमत भारत में 47,999 रुपये रखी गई है।
वहीं iQOO 15R के 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 47,999 रुपये है।
दूसरी ओर Nothing Phone 4a Pro के 12GB + 256GB मॉडल की कीमत 45,999 रुपये तय की गई है।
यह भी पढ़ें: सच्ची कहानियों पर बनीं हैं ओटीटी की ये 7 बेहतरीन वेब सीरीज, 9 के पार है एक की IMDb रेटिंग