सर्दियों में AC बंद करने से पहले ज़रूर कर लें ये 5 काम, वरना अगली गर्मियों में पड़ सकता है पछताना

By
HIGHLIGHTS

सर्दियों में AC को कई महीनों तक बंद रखने से पहले फिल्टर की सफाई करना जरूरी है।

अंदर जमा नमी को सुखाने के लिए कुछ AC मॉडल में Fan Only मोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।

लंबे समय तक AC इस्तेमाल नहीं करना है, तो मेन स्विच या संबंधित सर्किट ब्रेकर बंद कर दें।

अक्सर हम लोग सर्दियां आते ही AC की जांच या सफाई किये बिना ही उसका मेन स्विच बंद कर देते हैं, जिसके वजह से अगली गर्मियों में AC चलाते ही बदबू, पानी टपकना, कम कूलिंग या सर्विस की ज़रूरत जैसी समस्याएं सामने आने लगती हैं, दोबारा चालू करने पर तो कई बार पता लगता है की AC की गैस लीक हो चुकी है। AC को लंबे समय तक बंद रखने से पहले कुछ आसान काम करके आप उसकी देखभाल कर सकते हैं। सबसे जरूरी है कि फिल्टर की सफाई हो, अंदर जमा नमी सूख जाए और बाहर लगी यूनिट के आसपास धूल, पत्तियां या दूसरी चीजें जमा न हों।

AC बंद करने से पहले फिल्टर साफ करना न भूलें

आपकी जानकारी के लिए बता दें की स्प्लिट एसी की अंदर वाली यूनिट में लगे फिल्टर कमरे की धूल और दूसरे छोटे कणों को रोकते हैं। इन्हे साफ़ किये बिना ही बंद कर देना एक बहुत बड़ी गलती हो सकती है। फिल्टर साफ करने से पहले एसी बंद करें और उसकी बिजली की सप्लाई भी काट दें। फिर कंपनी के निर्देशों के मुताबिक सामने का पैनल खोलकर फिल्टर निकालें उसके बाद धूल हटाने के लिए वैक्यूम क्लीनर इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आपके एसी के फिल्टर पानी से साफ किए जा सकते हैं, तो उन्हें हल्के पानी से धोकर पूरी तरह सूखने दें।

AC बंद करने से पहले अंदर की नमी कैसे सुखाएं?

Carrier के एक स्प्लिट एसी के मैनुअल में लंबे समय तक इस्तेमाल बंद करने से पहले फिल्टर साफ करने और एसी को करीब आधे दिन तक सिर्फ पंखा चलाने वाले मोड में रखने की सलाह दी गई है। इससे अंदर के हिस्सों को सूखने में मदद मिल सकती है। हालांकि, यह हर एसी के लिए एक जैसा नियम नहीं है। अपने मॉडल में Fan Only मोड और उसके इस्तेमाल का तरीका मैनुअल में जरूर जांचें। इसके बाद एसी की बिजली सप्लाई बंद कर दें।

क्या एसी का मेन स्विच भी बंद करना चाहिए?

अगर कई महीनों तक AC यूज़ नहीं किया जा रहा तो उसका मेन स्विच बंद कर देना चाहिए। इसके लिए एसी का अलग मेन स्विच या संबंधित सर्किट ब्रेकर इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे एसी को अनजाने में चालू होने से रोकने और बिजली की खपत से बचने में मदद मिलती है।

इनडोर यूनिट को ढकना चाहिए?

कमरे की दीवार पर लगी एसी की इनडोर यूनिट को सर्दियों में ढकना जरूरी नहीं है। इसे साफ कपड़े से बाहर से पोंछ दें और आसपास धूल जमा न होने दें। अगर आप इसे ढकना चाहते हैं, तो ऐसा कवर इस्तेमाल करें जो हवा आने-जाने को पूरी तरह बंद न करे और नमी को अंदर फंसाकर न रखे। एसी के एयर इनलेट और आउटलेट को बंद करने से बचें।

आउटडोर यूनिट को ढकना चाहिए?

बालकनी, छत या दीवार के बाहर लगी आउटडोर यूनिट पर धूल, सूखे पत्ते और दूसरी गंदगी जमा हो सकती है। सबसे पहले उसके आसपास की जगह साफ करें। यह भी देख लें कि यूनिट के आसपास हवा आने-जाने का रास्ता खुला हो और उसमें पत्तियां या किसी पक्षी का घोंसला न हो। अंदर के हिस्सों या मेटल की पतली प्लेटों को खुद खोलकर साफ करने की कोशिश न करें।

क्या सर्दियों से पहले एसी की सर्विस करानी चाहिए?

अगर एसी पूरी गर्मियों में चला है, कूलिंग कम हो गई है, पानी टपकता है, बदबू आती है या असामान्य आवाज सुनाई देती है, तो उसे महीनों के लिए बंद करने से पहले सर्विस कराना बेहतर है। अगर एसी ठीक से काम कर रहा है और फिल्टर साफ हैं, तो सिर्फ सर्दियां आने की वजह से हर बार महंगी डीप सर्विस कराना जरूरी नहीं है।

यह भी पढ़ें: Amazon Great Indian Festival Sale 2026 में धड़ाम से गिरी iPhone 16 की कीमत, मौका है लूट लो!


Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By