Motorola Edge 70 Neo vs Motorola Edge 70 Pro: डिजाइन, कैमरा, बैटरी, कीमत और अन्य की तुलना
Motorola Edge 70 Neo की इंडिया में एंट्री से अपर मिड रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में एक और शानदार विकल्प शामिल हो गया है। AMOLED डिस्प्ले से लेकर 50MP Sony LYTIA 710 कैमरा और 7000mAh बैटरी तक, इसमें लगभग वह सबकुछ है जो एक यूज़र अच्छे और लंबे अनुभव के लिए अपने फोन में चाहता है। हालांकि, अप्रैल में लॉन्च हुआ इसी सीरीज का Motorola Edge 70 Pro इससे कुछ कम कीमत में आने के बावजूद इससे कुछ बेहतर फीचर्स, जैसे IP69 रेटिंग और 50MP का सेल्फी कैमरा ऑफर करता है। ऐसे में अगर आप 40,000 रुपये के आसपास नया फोन लेने की सोच रहे हैं, तो यह समझना काफी मुश्किल हो सकता है कि इन दोनों में से कौन सा बेहतर रहेगा। इसी मुश्किल को दूर करने के लिए यहां हम इन दोनों के स्पेक्स और कीमत की तुलना कर रहे हैं जो आपके काफी काम आ सकती है।
Motorola Edge 70 Neo vs Motorola Edge 70 Pro
डिजाइन और डिस्प्ले
Motorola Edge 70 Neo और Edge 70 Pro दोनों में 6.8 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलता है। दोनों स्मार्टफोन में 5,200 निट्स की पीक ब्राइटनेस और 144Hz तक का रिफ्रेश रेट दिया गया है। हालांकि, डिस्प्ले के कुछ स्पेसिफिकेशन्स में अंतर है। Edge 70 Neo में 1,271 x 2,772 पिक्सल रेजोल्यूशन, 450 PPI पिक्सल डेंसिटी और 94.60 प्रतिशत स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो मिलता है। वहीं, Edge 70 Pro में 1,272 x 2,772 पिक्सल रेजोल्यूशन, 450 PPI पिक्सल डेंसिटी और 96.8 प्रतिशत स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो दिया गया है। Pro मॉडल में 10-बिट कलर, HDR10+ और 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट का सपोर्ट भी मिलता है।
ड्यूरेबिलिटी के मामले में Edge 70 Pro आगे है। इसमें IP68 और IP69 रेटिंग के साथ MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन दिया गया है। जबकि Edge 70 Neo में IP64 रेटिंग और MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन मिलता है। Neo मॉडल में Gorilla Glass 7i की सुरक्षा भी दी गई है। वजन और मोटाई की बात करें तो Edge 70 Neo का वजन 204 ग्राम और मोटाई 8.49mm है। वहीं, Edge 70 Pro का वजन लगभग 183 ग्राम और मोटाई 6.99mm है। यानी Pro मॉडल ज्यादा पतला और हल्का है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
परफॉर्मेंस के लिए Motorola Edge 70 Neo में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर दिया गया है। यह 4nm प्रोसेस पर आधारित चिपसेट है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.5GHz है। इसके साथ 8GB LPDDR5X RAM और 128GB UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। खास बात है कि इसमें माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है।
वहीं, Motorola Edge 70 Pro में MediaTek Dimensity 8500 Extreme प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ 8GB और 12GB LPDDR5X RAM के विकल्प मिलते हैं। फोन में 256GB UFS 4.1 स्टोरेज दी गई है। यहां Pro मॉडल को ज्यादा तेज स्टोरेज और अधिक RAM का विकल्प मिलता है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो दोनों स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित Hello UI पर काम करते हैं। Motorola दोनों फोन के लिए 3 साल के OS अपडेट और 5 साल के सिक्योरिटी मेंटेनेंस रिलीज (SMRs) का वादा करती है।
कैमरा में किसका दबदबा?
कैमरा सेक्शन में Motorola Edge 70 Pro ज्यादा बेहतर सेटअप के साथ आता है। इस फोन में 50 मेगापिक्सल का Sony LYT-710 प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जो f/1.8 अपर्चर और ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) को सपोर्ट करता है। इसके साथ 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए Edge 70 Pro में 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह फोन 4K रेजोल्यूशन में 60fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है।
दूसरी ओर, Motorola Edge 70 Neo में 50 मेगापिक्सल का Sony LYTIA 710 प्राइमरी कैमरा मिलता है। इसमें f/1.8 अपर्चर और OIS का सपोर्ट है। इसके अलावा फोन में 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा दिया गया है। हालांकि, तीसरे कैमरा कटआउट में कोई कैमरा सेंसर नहीं, बल्कि डेडिकेटेड 3-in-1 लाइट सेंसर मौजूद है। सेल्फी के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
बैटरी और चार्जिंग
बैटरी के मामले में Motorola Edge 70 Neo आगे है। इस स्मार्टफोन में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक, यह फोन 27 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो सकता है। इसके अलावा इसमें 7.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग और बायपास चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है।
वहीं, Motorola Edge 70 Pro में 6,500mAh की बैटरी दी गई है। यह 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करता है। इस तरह बैटरी कैपेसिटी के मामले में Edge 70 Neo आगे है, जबकि चार्जिंग स्पीड के मामले में Edge 70 Pro बेहतर है।
भारत में कीमत
कीमत की बात करें तो Motorola Edge 70 Neo को भारत में 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट में पेश किया गया है। इसकी कीमत 40,999 रुपये है।
दूसरी ओर, Motorola Edge 70 Pro दो वेरिएंट में उपलब्ध है। इसके 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट की कीमत 39,999 रुपये है। वहीं, 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट के लिए 42,999 रुपये खर्च करने होंगे।