Vivo X500 vs Samsung Galaxy S26 Ultra: डिस्प्ले, कैमरा, बैटरी, स्पेक्स और कीमत की तुलना

Vivo ने भारतीय बाजार में अपनी नई X500 सीरीज लॉन्च कर दी है। इस लाइनअप में Vivo X500, Vivo X500 Pro और Vivo X500 Pro Max शामिल हैं। सीरीज का स्टैंडर्ड मॉडल Vivo X500 भले ही बाकी दोनों वेरिएंट के मुकाबले किफायती है, लेकिन इसमें भी कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। इसका सीधा मुकाबला प्रीमियम सेगमेंट में Samsung Galaxy S26 Ultra जैसे बेहतरीन स्मार्टफोन्स से होगा। आइए दोनों फोन्स की डिस्प्ले, कैमरा, बैटरी, अन्य स्पेक्स और कीमत की तुलना करते हैं।
Vivo X500 vs Samsung Galaxy S26 Ultra
डिज़ाइन और डिस्प्ले
Vivo X500 में 6.59 इंच का फ्लेक्सिबल AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 2750 × 1260 पिक्सल रेजोल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। इसकी स्क्रीन के चारों तरफ लगभग 1.23mm के बेहद पतले बेजल्स मिलते हैं। यह 100% P3 कलर गैमट, HDR10+ और Netflix HDR सपोर्ट के साथ आता है। इसमें अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है।
दूसरी तरफ, Samsung Galaxy S26 Ultra में 6.9 इंच का Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले मिलता है। इसका रेजोल्यूशन 3,120 × 1,440 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz है। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Armor 2 मिलता है।
डिजाइन की बात करें तो Vivo X500 में एल्युमिनियम अलॉय फ्रेम और फ्रॉस्टेड AG ग्लास बैक दिया गया है। इसका कैमरा मॉड्यूल फ्लोटिंग डिजाइन के साथ आता है और बैक पैनल में अच्छी तरह मिलता है। कंपनी का दावा है कि इसका मेटैलिक फिनिश फिंगरप्रिंट के निशान कम करता है। फोन की मोटाई 8.15mm है। Ember Red कलर में इसका वजन 211 ग्राम और Titanium Black वेरिएंट का वजन 213 ग्राम है।
वहीं, Samsung Galaxy S26 Ultra का डाइमेंशन 163.6 × 78.1 × 7.9mm है और इसका वजन 214 ग्राम है। कंपनी के मुताबिक, यह अब तक का सबसे पतला Galaxy Ultra मॉडल है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
परफॉर्मेंस के लिए Vivo X500 में 3nm टेक्नोलॉजी पर बना MediaTek Dimensity 9600M प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ कंपनी की V3+ इमेजिंग चिप भी मिलती है। फोन में 12GB LPDDR5X Ultra RAM और 256GB UFS 4.1 स्टोरेज दी गई है। Vivo X500 Android 17 पर आधारित OriginOS 7 पर काम करता है। Vivo ने Apple डिवाइस के साथ बेहतर कनेक्टिविटी पर भी काम किया है। इसमें Quick Share के जरिए AirDrop के साथ फाइल शेयरिंग की सुविधा मिलती है।
वहीं, Samsung Galaxy S26 Ultra में Galaxy के लिए कस्टमाइज किया गया Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट मिलता है। इसमें अधिकतम 16GB RAM और 1TB तक की इंटरनल स्टोरेज का विकल्प दिया गया है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह Android 16 पर आधारित One UI 8.5 के साथ आता है। इसमें Galaxy AI के कई फीचर्स मिलते हैं। Now Assist स्क्रीन पर चल रही एक्टिविटी के आधार पर सुझाव देता है, जबकि Call Screen अनजान कॉल का जवाब देकर उनकी लाइव ट्रांसक्रिप्ट उपलब्ध कराता है। Photo Assist AI की मदद से तस्वीरों में बदलाव करने की सुविधा देता है। वहीं, Creative Studio में कंटेंट बनाने के टूल्स मिलते हैं।
कैमरा में किसका दबदबा?
कैमरा दोनों स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है। Vivo X500 में ZEISS ऑप्टिक्स के साथ ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50MP का Sony LYTIA 828 प्राइमरी कैमरा मिलता है। इसके साथ 50MP का JN1 अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है। तीसरा कैमरा 64MP का OIS टेलीफोटो सेंसर है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में ऑटोफोकस वाला 50MP JN1 फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Vivo X500 की एक खासियत ZEISS Telephoto Extender Gen 2 का सपोर्ट है। यह एक क्लिप-ऑन लेंस है, जो 200mm के बराबर फोकल लेंथ और लगभग 7x ऑप्टिकल जूम की सुविधा देता है। इसका इस्तेमाल वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी, कॉन्सर्ट और दूर के लैंडस्केप की तस्वीरें लेने में किया जा सकता है। इस एक्सटेंडर की लंबाई 96mm और वजन 153 ग्राम है। इसमें 15 ग्लास एलिमेंट्स को दो ग्रुप में रखा गया है और यह Keplerian ऑप्टिकल डिजाइन पर काम करता है। इसके अलावा फोन में Cinematic Portrait फिल्म स्टाइल और AI Agent Camera मिलता है, जो रियल टाइम में पोज और फोटो कंपोजिशन के सुझाव देता है।
दूसरी तरफ, Samsung Galaxy S26 Ultra में क्वाड रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसका मेन कैमरा 200MP का वाइड-एंगल सेंसर है, जिसमें f/1.4 अपर्चर और OIS मिलता है। इसके साथ 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा दिया गया है, जो f/2.9 अपर्चर और 5x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है। फोन में 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 10MP का टेलीफोटो कैमरा भी मौजूद है। 10MP सेंसर f/2.4 अपर्चर और 3x ऑप्टिकल जूम के साथ आता है। सेल्फी के लिए इसमें 12MP का वाइड-एंगल फ्रंट कैमरा दिया गया है, जिसका अपर्चर f/2.2 है। वीडियो के मामले में Samsung का फोन 8K रिकॉर्डिंग, HDR10+ कैप्चर और Super Steady Video सपोर्ट करता है। फ्रंट कैमरे से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।
बैटरी और चार्जिंग
बैटरी क्षमता के मामले में Vivo X500 को बड़ी बढ़त मिलती है। इसमें 7,500mAh की बैटरी दी गई है, जो फोन की 8.15mm मोटाई को देखते हुए खास है। यह 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 40W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है।
वहीं, Samsung Galaxy S26 Ultra में 5,000mAh की बैटरी मिलती है। यह 60W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 25W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है। इस तरह बैटरी क्षमता और चार्जिंग स्पीड दोनों के मामले में Vivo X500 आगे है।
भारत में कीमत
कीमत की बात करें तो Vivo X500 को भारत में 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट में पेश किया गया है। इसकी कीमत 1,19,999 रुपये रखी गई है। यह स्मार्टफोन 3 दिसंबर 2026 से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
कंपनी इसके साथ इस्तेमाल होने वाली एक्सेसरीज अलग से बेच रही है। Vivo ZEISS Telephoto Extender Gen 2 (200mm) की कीमत 15,999 रुपये है, जबकि Vivo X500 Magnetic Case को 1,399 रुपये में खरीदा जा सकता है। दोनों एक्सेसरीज के साथ पूरा कैमरा किट खरीदने पर कुल कीमत 1,37,397 रुपये हो जाती है।
वहीं, Samsung Galaxy S26 Ultra के 12GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत फिलहाल फ्लिपकार्ट पर 1,29,890 रुपये लिस्टेड है। वहीं इसके 12GB RAM और 512GB स्टोरेज वेरिएंट के लिए 1,49,999 रुपये खर्च करने होंगे।
Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।
View full profile