Digit.in

Motorola Edge 70 Neo VS OnePlus Nord 6: कैमरा, बैटरी, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Motorola Edge 70 Neo VS OnePlus Nord 6: कैमरा, बैटरी, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Motorola के नए Motorola Edge 70 Neo ने भारत में Edge सीरीज के लेटेस्ट प्रीमियम मिड रेंज स्मार्टफोन के तौर पर दमदार एंट्री ली है। अपने सेगमेंट में इस फोन का सीधा मुकाबला OnePlus Nord 6 से होने वाला है। दोनों ही स्मार्टफोन में हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले, बड़ी बैटरी और दमदार फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि, प्रोसेसर, कैमरा, बैटरी क्षमता और कीमत के मामले में दोनों एक-दूसरे से काफी अलग हैं। ऐसे में अगर आप इन दोनों स्मार्टफोन में से किसी एक को खरीदने की योजना बना रहे हैं तो पहले इनके फीचर्स और कीमत का अंतर जान लीजिए।

Motorola Edge 70 Neo VS OnePlus Nord 6

डिज़ाइन और डिस्प्ले

डिस्प्ले की बात करें तो Motorola Edge 70 Neo में 6.8 इंच का Extreme AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इसमें 1.5K रेजोल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट मिलता है। कंपनी के मुताबिक, इसकी पीक ब्राइटनेस 5,200 निट्स तक जाती है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसमें Corning Gorilla Glass 7i का प्रोटेक्शन दिया गया है।

वहीं, OnePlus Nord 6 में 6.78 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले मिलता है। इसका रिफ्रेश रेट 165Hz है, जो Motorola के मुकाबले ज्यादा है। ऐसे में स्क्रॉलिंग और हाई फ्रेम रेट वाले गेम खेलने के दौरान OnePlus का फोन ज्यादा स्मूद अनुभव दे सकता है।

प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर

परफॉर्मेंस के मामले में OnePlus Nord 6 को बढ़त मिलती है। Motorola Edge 70 Neo में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर दिया गया है। दूसरी तरफ, OnePlus Nord 6 में Qualcomm Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट मिलता है। कागजों पर Snapdragon 8s Gen 4 ज्यादा पावरफुल प्रोसेसर है। ऐसे में हैवी गेमिंग और ज्यादा प्रोसेसिंग वाले कामों के लिए OnePlus का स्मार्टफोन बेहतर विकल्प हो सकता है।

सॉफ्टवेयर की बात करें तो Motorola Edge 70 Neo Android 16 पर आधारित Hello UI के साथ आता है। कंपनी इस फोन के लिए तीन Android OS अपडेट और पांच साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है। वहीं, OnePlus Nord 6 के साथ कंपनी छह साल तक सिस्टम और प्राइवेसी अपडेट देने का वादा कर रही है। इस मामले में OnePlus का अपडेट सपोर्ट ज्यादा लंबा है।

कैमरा में किसका दबदबा?

फोटोग्राफी के लिए Motorola Edge 70 Neo में 50MP का Sony LYTIA 710 प्राइमरी कैमरा दिया गया है। इसमें OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन का सपोर्ट मिलता है। इसके साथ फोन में 2MP का मैक्रो कैमरा भी मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

दूसरी तरफ, OnePlus Nord 6 में 50MP का मेन कैमरा मिलता है, जो OIS सपोर्ट के साथ आता है। सेल्फी के लिए इसमें भी 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

इस तरह दोनों स्मार्टफोन में 50MP का OIS सपोर्ट वाला मेन कैमरा और 32MP का सेल्फी कैमरा मिलता है। हालांकि, Motorola के फोन में अतिरिक्त 2MP मैक्रो कैमरा भी मौजूद है।

बैटरी और चार्जिंग

बैटरी के मामले में OnePlus Nord 6 आगे नजर आता है। Motorola Edge 70 Neo में 7000mAh की बैटरी दी गई है, जो 45W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करती है। इसके अलावा फोन में 7.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग और बायपास चार्जिंग का फीचर भी मिलता है।

वहीं, OnePlus Nord 6 में 9000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। यह 80W SUPERVOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि निर्धारित इस्तेमाल की परिस्थितियों में फोन की बैटरी दो दिनों से ज्यादा चल सकती है। ऐसे में बैटरी क्षमता और चार्जिंग स्पीड दोनों के लिहाज से OnePlus Nord 6 को Motorola Edge 70 Neo पर बढ़त हासिल है।

भारत में कीमत

कीमत के मामले में Motorola Edge 70 Neo ज्यादा किफायती विकल्प है। भारत में इसके 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 40,999 रुपये रखी गई है।

दूसरी तरफ, OnePlus Nord 6 के 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 46,999 रुपये है। वहीं, इसके 12GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल को 52,999 रुपये में खरीदा जा सकता है।

Faiza

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile