Moto G Max vs Redmi Note 17 vs Vivo T5 Pro: कैमरा, बैटरी, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना
अगर आपका बजट करीब 30,000 रुपये के आसपास है और आप नया 5G स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो Motorola G Max, Redmi Note 17 5G और Vivo T5 Pro 5G तीन दिलचस्प विकल्प हैं। तीनों फोन में बड़ी स्क्रीन, हाई-रिफ्रेश-रेट डिस्प्ले, 5G कनेक्टिविटी और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स मिलते हैं, लेकिन प्रोसेसर, कैमरा, चार्जिंग और सॉफ्टवेयर सपोर्ट के मामले में काफी अंतर है। आइए इन तीनों स्मार्टफोन की तुलना इनके स्पेक्स, फीचर्स और भारत में कीमत के आधार पर करते हैं।
SurveyMotorola G Max vs Redmi Note 17 vs Vivo T5 Pro
डिज़ाइन और डिस्प्ले
Motorola G Max में 6.72 इंच का Full-HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 1,080 x 2,400 पिक्सल है। स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट और 120Hz टच सैंपलिंग रेट सपोर्ट करती है। इसकी पीक ब्राइटनेस 1,050 निट्स तक है और स्क्रीन को Corning Gorilla Glass 7i की सुरक्षा मिलती है। फोन का डिजाइन डुअल-सिम सपोर्ट के साथ आता है और इसे IP64 रेटिंग के अलावा MIL-STD-810H ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन भी मिला है।
वहीं, Redmi Note 17 5G में तीनों में बड़ी 6.9 इंच की Full-HD+ AMOLED स्क्रीन मिलती है। इसका रिजॉल्यूशन 1,080 x 2,396 पिक्सल है और रिफ्रेश रेट 120Hz तक जाता है। फोन में 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट, 1,800 निट्स तक पीक ब्राइटनेस, 240Hz टच सैंपलिंग और 960Hz PWM DC डिमिंग जैसे फीचर्स हैं। इसमें Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन के साथ HydroTouch 2.0 भी दिया गया है, जिससे गीली या नम उंगलियों से भी टच रिस्पॉन्स बेहतर रहने का दावा है। फोन को IP65 रेटिंग मिली है।
Vivo T5 Pro 5G में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले है, जिसका रिजॉल्यूशन 1,260 x 2,800 पिक्सल है। यह 144Hz रिफ्रेश रेट, 5,000 निट्स तक लोकल पीक ब्राइटनेस, 2,160Hz PWM डिमिंग और 449ppi पिक्सल डेंसिटी के साथ आता है। इसमें HDR10+, Sleep Comfort और Anti-Motion Sickness मोड भी दिए गए हैं। डिस्प्ले को SGS Low Blue Light और Low Flicker सर्टिफिकेशन प्राप्त है। डस्ट और वाटर रेजिस्टेंस के लिए फोन IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आता है।

डिस्प्ले के लिहाज से, Redmi Note 17 5G बड़ी AMOLED स्क्रीन देता है, जबकि Vivo T5 Pro 5G हाई रिफ्रेश रेट और ज्यादा ब्राइटनेस के साथ मजबूत विकल्प बनता है। Motorola G Max यहां LCD पैनल के कारण दोनों से पीछे दिखाई देता है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
परफॉर्मेंस के मामले में Motorola G Max में 4nm टेक्नोलॉजी पर बना Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर मिलता है। इसे 6GB LPDDR5x RAM और 128GB UFS 3.1 स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है। Motorola का RAM Boost फीचर स्टोरेज का इस्तेमाल करके वर्चुअल RAM को 24GB तक बढ़ाने की सुविधा देता है। फोन Hello UI पर आधारित Android 16 के साथ आता है। कंपनी दो Android OS अपग्रेड और तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है।
Redmi Note 17 5G में 4nm आधारित Snapdragon 4 Gen 4 चिपसेट दिया गया है। इसमें 8GB तक LPDDR4x RAM और 256GB तक UFS 2.2 स्टोरेज मिलता है, जिसे microSD कार्ड की मदद से 2TB तक बढ़ाया जा सकता है। हीट मैनेजमेंट के लिए फोन में 10,416 वर्ग मिलीमीटर के ग्रेफाइट हीट डिसिपेशन एरिया वाला वेपर चैंबर दिया गया है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह Android 16 पर आधारित HyperOS 3 पर चलता है। Xiaomi इस फोन के लिए चार साल के OS अपग्रेड और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रहा है।
वहीं Vivo T5 Pro 5G में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर मिलता है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.7GHz है। कंपनी के अनुसार, फोन ने AnTuTu पर 11,80,000 से ज्यादा स्कोर किया है। इसमें 12GB तक LPDDR4x RAM और 256GB तक स्टोरेज मिलता है। फोन में 7,000 वर्ग मिलीमीटर का वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी मौजूद है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो Vivo T5 Pro 5G Android 16 आधारित ColorOS 16 पर चलता है।
परफॉर्मेंस में Vivo T5 Pro 5G सबसे आगे नजर आता है, जबकि Redmi Note 17 5G ज्यादा लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट के कारण आकर्षक विकल्प है। Motorola G Max रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए पर्याप्त हार्डवेयर के साथ आता है।

कैमरा में किसका दबदबा?
कैमरा सेटअप की बात करें तो Motorola G Max में 50MP Sony LYTIA 600 प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। इसमें f/1.8 अपर्चर है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है, जो f/2.2 अपर्चर और 119.5 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू सपोर्ट करता है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Redmi Note 17 5G में 50MP का मेन कैमरा है, जो f/1.8 अपर्चर के साथ आता है और 2x डिजिटल जूम सपोर्ट करता है। इसके साथ एक सेकेंडरी रियर सेंसर भी दिया गया है। फ्रंट में 8MP का सेल्फी कैमरा मिलता है, जिसका अपर्चर f/2.0 है। फोन का फ्रंट कैमरा होल-पंच कटआउट में मौजूद है और रियर कैमरा 1080p/30fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है।
Vivo T5 Pro 5G में 50MP Sony IMX882 मेन कैमरा दिया गया है। इसमें OIS और f/1.8 अपर्चर के साथ 10x तक लॉसलेस जूम का सपोर्ट है। इसके साथ 2MP का Bokeh कैमरा मिलता है। सेल्फी के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। खास बात यह है कि फोन के फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।
कैमरा फीचर्स के मामले में Vivo T5 Pro 5G सबसे ज्यादा दमदार पैकेज पेश करता है। Motorola G Max भी 50MP Sony सेंसर और अल्ट्रा-वाइड कैमरे के साथ अच्छा विकल्प है, जबकि Redmi Note 17 5G का कैमरा सेटअप तुलनात्मक रूप से साधारण है।
बैटरी और चार्जिंग
बैटरी क्षमता के मामले में Vivo T5 Pro 5G तीनों में सबसे आगे है। इसमें 9,020mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है और यह 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है।

Redmi Note 17 5G में 8,000mAh की बैटरी मिलती है। फोन 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 22.5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करता है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर करीब 2.5 दिन तक चल सकता है। Xiaomi के अनुसार, फोन YouTube पर 28.29 घंटे तक वीडियो प्लेबैक, WhatsApp पर 24.14 घंटे तक इस्तेमाल, Google Maps पर 10.58 घंटे GPS नेविगेशन और BGMI पर 13.89 घंटे तक गेमिंग दे सकता है।
Motorola G Max में 7,000mAh की बैटरी दी गई है और यह 30W TurboPower चार्जिंग सपोर्ट करता है। कंपनी के मुताबिक, फोन एक बार चार्ज करने पर 63 घंटे तक की बैटरी लाइफ दे सकता है।
इस कैटेगरी में बैटरी और चार्जिंग के लिहाज से Vivo T5 Pro 5G स्पष्ट रूप से आगे है, जबकि Redmi Note 17 5G भी बड़ी 8,000mAh बैटरी और 45W चार्जिंग के साथ मजबूत विकल्प है।
भारत में कीमत
भारत में Moto G Max का 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाला एकमात्र वेरिएंट 27,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। फोन की बिक्री Flipkart के जरिए होगी और यह 20 अगस्त दोपहर 12 बजे से उपलब्ध होगा। लॉन्च ऑफर के तहत Axis और ICICI Bank क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन पर 1,000 रुपये का इंस्टेंट डिस्काउंट या 1,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस मिलेगा।
Redmi Note 17 5G का बेस मॉडल 6GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ 27,999 रुपये में आता है। वहीं 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत 30,999 रुपये है।
वहीं Vivo T5 Pro 5G भारत में 30,000 रुपये से कम में लॉन्च हुआ था लेकिन प्राइस हाइक के बाद इसकी कीमत 8GB + 128GB मॉडल के लिए 35,999 रुपये हो गई है। इसका 8GB + 256GB वेरिएंट 39,999 रुपये और 12GB + 256GB मॉडल 42,999 रुपये में आता है।
यह भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26 Ultra की कीमत में भारी कटौती, सोच से भी सस्ता हुआ फ्लैगशिप, यहां मिल रही सुनहरी डील
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile
