Drishyam 3 OTT Release: ऑनलाइन कब आएगी अजय देवगन की ब्लॉकबस्टर सस्पेंस थ्रिलर? जानें
अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रविवार दोपहर तक फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 294 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका था, जबकि विदेशों में इसकी कमाई 420 करोड़ रुपये के करीब बताई जा रही है। थिएटर में सफलता के बीच अब दर्शकों की नजर इसकी OTT रिलीज पर है। ऐसे में सवाल है कि ‘दृश्यम 3’ ऑनलाइन कब और किस प्लेटफॉर्म पर देखी जा सकेगी?
SurveyNetflix पर रिलीज होगी ‘दृश्यम 3’
अजय देवगन की इस फिल्म की OTT रिलीज के लिए Netflix का नाम सामने आया है। फिल्म के ओपनिंग क्रेडिट्स में प्लेटफॉर्म का जिक्र किया गया है, जिससे इसके Netflix पर स्ट्रीम होने की पुष्टि मानी जा रही है।
आमतौर पर फिल्मों को थिएटर में रिलीज होने के करीब 6 से 8 सप्ताह बाद OTT पर लाया जाता है। इसी टाइमलाइन को ध्यान में रखते हुए और Deccan Chronicle की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ की डिजिटल रिलीज 13 नवंबर से 27 नवंबर के बीच हो सकती है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं ने अभी तक स्ट्रीमिंग की तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। इसलिए फिलहाल इस तारीख को संभावित ही माना जाना चाहिए।
बॉक्स ऑफिस पर जारी है फिल्म की मजबूत पकड़
‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के पहले दिन ही 62 करोड़ रुपये की कमाई करके दमदार शुरुआत की थी। खास बात यह रही कि शुरुआती दिनों के बाद भी फिल्म की कमाई में मजबूती बनी रही और वीकडेज में भी इसका प्रदर्शन अच्छा रहा।
फिल्म अब दूसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है। शनिवार को इसने 26 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया। वहीं, रविवार दोपहर 3 बजे तक फिल्म की कमाई लगभग 8 करोड़ रुपये बताई गई। कुल मिलाकर 11 अक्टूबर तक फिल्म का कलेक्शन 309 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका था।
क्या है ‘दृश्यम 3’ की सबसे बड़ी खासियत?
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। इसका पहला हिंदी पार्ट मलयालम फिल्म का रीमेक था, जिसे दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया। पहली फिल्म का निर्देशन जीतू जोसफ ने किया था। बाद में अभिषेक पाठक ने दूसरे और तीसरे पार्ट के निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली।
तीसरे पार्ट की एक अहम खासियत यह बताई जा रही है कि इसकी कहानी मलयालम फिल्म से काफी अलग रखी गई है। इस बार नए किरदारों को भी कहानी में महत्वपूर्ण जगह मिली है। इनमें जयदीप अहलावत का किरदार राजवीर सिंह तोमर खास तौर पर चर्चा में है। फिल्म के पहले हाफ में उनकी मौजूदगी प्रभाव छोड़ती है और कुछ दृश्यों में उनका किरदार अजय देवगन के किरदार पर भी भारी पड़ता नजर आता है।
फिल्म में इस बार कहानी को उसके अंतिम पड़ाव तक पहुंचाया गया है। इसका क्लाइमेक्स भी अहम आकर्षण बताया जा रहा है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इसके आगे भी सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: Oppo K14 Plus vs Moto G Max vs Vivo T5x: डिस्प्ले, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile
