iQOO Z11 vs Vivo S2 vs Realme 16 Pro: डिजाइन, कैमरा, स्पेक्स और कीमत और अन्य की तुलना

iQOO Z11 vs Vivo S2 vs Realme 16 Pro: डिजाइन, कैमरा, स्पेक्स और कीमत और अन्य की तुलना

भारतीय बाजार में iQOO ने अपनी Z सीरीज का नया स्मार्टफोन iQOO Z11 लॉन्च कर दिया है। फोन में MediaTek Dimensity 7500 Turbo चिपसेट, 144Hz कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले और 7,050mAh की बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसकी टक्कर इसी सेगमेंट में Vivo S2 और Realme 16 Pro 5G से हो सकती है। तीनों स्मार्टफोन में बड़ी बैटरी और हाई-रिफ्रेश-रेट डिस्प्ले जैसे फीचर्स दिए गए हैं, लेकिन कैमरा, प्रोसेसर और कीमत के मामले में इनमें काफी अंतर है। आइए जानते हैं iQOO Z11, Vivo S2 और Realme 16 Pro की तुलना में कौन किस पर भारी पड़ता है।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

iQOO Z11 vs Vivo S2 vs Realme 16 Pro

डिजाइन और डिस्प्ले

iQOO Z11 में 6.83-इंच 1.5K 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट और 2,000 निट्स तक HBM ब्राइटनेस मिलती है। कंपनी ने डिस्प्ले को SGS लो ब्लू लाइट, लो फ्लिकर और फाइव-स्टार सनलाइट डिस्प्ले सर्टिफिकेशन भी दिए हैं। फोन का वजन 199 ग्राम और मोटाई 7.99mm है। साथ ही, इसे IP68 और IP69 रेटिंग मिली है।

Vivo S2 में भी 6.83-इंच 1.5K AMOLED डिस्प्ले है, जिसका रेजॉल्यूशन 1,260×2,800 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz है। यह डिस्प्ले 3,000 निट्स तक लोकल पीक ब्राइटनेस, P3 वाइड कलर गैमट और 449ppi पिक्सल डेंसिटी सपोर्ट करता है। इसमें इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। Sapphire Blue और Regal Bronze वेरिएंट 7.99mm मोटे हैं, जबकि Silk White मॉडल की मोटाई 8.10mm है।

iQOO Z11

दूसरी ओर, Realme 16 Pro 5G में 6.78-इंच 1,272×2,772 पिक्सल डिस्प्ले मिलता है। इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट और 450ppi पिक्सल डेंसिटी है। फोन में 1,400 निट्स तक ब्राइटनेस और 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट मिलता है। इसका वजन करीब 192 ग्राम और मोटाई 7.8mm है। ड्यूरेबिलिटी के मामले में Realme 16 Pro को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिली है।

प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर

परफॉर्मेंस के लिए iQOO Z11 में MediaTek Dimensity 7500 Turbo चिपसेट दिया गया है। इसे 12GB तक LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज के साथ पेश किया गया है। फोन में 3,800 वर्ग मिमी का वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी है, जिसे iQOO ने अपनी Z सीरीज में पहली बार इस्तेमाल किया है। यह फोन Android 16 पर आधारित OriginOS 6 पर चलता है और इसे तीन साल के OS अपडेट तथा पांच साल के सिक्योरिटी अपडेट मिलने का वादा किया गया है।

Vivo S2 में MediaTek Dimensity 7360-Turbo प्रोसेसर मिलता है। इसमें 8GB LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज है। फोन 8GB तक Extended RAM को भी सपोर्ट करता है। यह भी Android 16 आधारित OriginOS 6 पर चलता है।

Realme 16 Pro 5G में 4nm MediaTek Dimensity 7300 Max 5G चिपसेट दिया गया है, जिसे Arm Mali G615 GPU के साथ जोड़ा गया है। यह Android 16 आधारित Realme UI 7.0 पर चलता है।

यहां iQOO Z11 का Dimensity 7500 Turbo बाकी दोनों फोन्स के मुकाबले ज्यादा नया और दमदार विकल्प नजर आता है।

कैमरा में किसका दबदबा?

iQOO Z11 में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50MP Sony IMX882 प्राइमरी कैमरा मिलता है, जो OIS और f/1.79 अपर्चर के साथ आता है। इसके साथ 8MP अल्ट्रा-वाइड-एंगल कैमरा है, जिसका फील्ड ऑफ व्यू 115 डिग्री है। सेल्फी के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 4K वीडियो 30fps तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।

Vivo S2 में 50MP का प्राइमरी रियर कैमरा और 2MP का सेकेंडरी कैमरा दिया गया है। प्राइमरी सेंसर का अपर्चर f/1.8 है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। फ्रंट और रियर दोनों कैमरे 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करते हैं।

Realme 16 Pro 5G में कैमरा हार्डवेयर सबसे ज्यादा आकर्षक नजर आता है। इसमें 200MP का प्राइमरी कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है। सेल्फी के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा मिलता है।

बैटरी और चार्जिंग

बैटरी के मामले में तीनों स्मार्टफोन काफी दमदार हैं। iQOO Z11 में 7,050mAh बैटरी दी गई है, जो 44W FlashCharge सपोर्ट करती है।

Vivo S2 में भी 7,050mAh की बैटरी मिलती है और यह भी 44W FlashCharge सपोर्ट करता है। यानी बैटरी क्षमता और चार्जिंग के मामले में iQOO Z11 और Vivo S2 बराबरी पर हैं।

वहीं Realme 16 Pro 5G में 7,000mAh बैटरी दी गई है, लेकिन इसमें 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। इसलिए चार्जिंग स्पीड के मामले में Realme 16 Pro 5G बाकी दोनों फोन से आगे है, जबकि बैटरी क्षमता में तीनों लगभग बराबर हैं।

भारत में कीमत

भारत में iQOO Z11 के शुरुआती 6GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 34,999 रुपये, 8GB + 128GB मॉडल की कीमत 39,999 रुपये और 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 44,999 रुपये है। टॉप 12GB + 256GB मॉडल 49,999 रुपये में आता है। लॉन्च ऑफर के तहत चुनिंदा बैंक कार्ड पर 3,000 रुपये तक का इंस्टेंट डिस्काउंट और 1,000 रुपये का कूपन मिल रहा है। साथ ही छह महीने तक नो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी दिया गया है। iQOO Z11 की बिक्री भारत में 25 अगस्त को दोपहर 12 बजे से Amazon, iQOO की वेबसाइट, Reliance Digital और iQOO और Vivo के रिटेल स्टोर्स से शुरू होगी।

Vivo S2 की कीमत 8GB + 128GB वेरिएंट के लिए 39,999 रुपये है, जबकि इसका 8GB + 256GB मॉडल 44,999 रुपये में आता है।

Realme 16 Pro 5G की कीमत प्राइस हाइक के बाद 8GB + 128GB वेरिएंट के लिए 44,999 रुपये से शुरू होती है। इसका 8GB + 256GB मॉडल 46,999 रुपये और 12GB + 256GB वेरिएंट 49,999 रुपये में आता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह जनवरी में 31,999 रुपये में लॉन्च हुआ था, यानी इसकी कीमत 13,000 रुपये तक बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें: 88 घंटे के संघर्ष की सच्ची कहानी दिखाती है ये 2-एपिसोड की सीरीज, IMDb पर 9.2 रेटिंग, इस ओटीटी पर मौजूद

Faiza

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile