जंग लगा खटारा कूलर देने लगेगा AC से बेहतर ‘ठंडक’, होने लगेगी ठिठुरन, बड़े काम की है ये 10 रुपये की चीज़

By

गर्मी बढ़ते ही घर के अंदर भी उमस और तपिश महसूस होने लगती है। ऐसे में लोग राहत पाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं, जिनमें एयर कूलर सबसे आम और किफायती विकल्प माना जाता है। लेकिन कई बार कूलर उम्मीद के मुताबिक ठंडक नहीं देता, उसमें से अजीब सी गंध आने लगती है या फिर पानी में मच्छर पनपने लगते हैं। इन परेशानियों से बचने के लिए एक बेहद आसान घरेलू उपाय है, जो कूलर की हवा को ज्यादा ताजा और ठंडा महसूस कराने में मदद कर सकता है।

अब सवाल यह है कि आखिर कूलर के पानी में ऐसी कौन-सी चीज मिलाई जाए जिससे इसका असर बेहतर हो जाए। उससे पहले यह समझना जरूरी है कि कूलर कभी-कभी ठीक से ठंडक क्यों नहीं देता।

क्यों कम हो जाती है कूलर की ठंडक?

कई बार लोग मान लेते हैं कि कूलर खराब हो गया है, जबकि असल वजह कुछ और होती है। कूलिंग पैड पर जमी धूल और गंदगी, पानी का सही तरीके से न पहुंचना, टंकी में काई या मैल जमा होना, ज्यादा नमी वाला मौसम या पंप का सही ढंग से काम न करना, ये सभी कारण कूलर की कूलिंग क्षमता को कम कर सकते हैं। जब ऐसी दिक्कतें होती हैं तो हवा उतनी ठंडी महसूस नहीं होती जितनी होनी चाहिए।

बदबू, मच्छर, गर्मी – सबका जुगाड़ एक!

अगर आप कूलर के पानी में फिटकरी का छोटा सा टुकड़ा डाल दें, तो इससे काफी फर्क पड़ सकता है। फिटकरी में पानी को साफ रखने की खासियत होती है। यह पानी में मौजूद छोटे-छोटे कणों को नीचे बैठा देती है, जिससे पानी ज्यादा साफ दिखने लगता है। जब टैंक का पानी साफ रहता है तो बदबू भी कम आती है और बैक्टीरिया पनपने की संभावना घट जाती है।

इसके अलावा, गंदे और रुके हुए पानी में मच्छर जल्दी पनपते हैं। फिटकरी डालने से पानी काफी हद तक साफ रहता है, जिससे मच्छरों के अंडे देने की संभावना कम हो जाती है और कमरे में उनकी संख्या भी घट सकती है।

फिटकरी का असर कूलिंग पर भी पड़ता है। साफ पानी कूलिंग पैड तक बेहतर तरीके से पहुंचता है, जिससे हवा में ठंडक ज्यादा महसूस होती है। साथ ही पैड्स पर गंदगी कम जमती है और हवा ज्यादा फ्रेश लगती है।

यह उपाय कूलर की उम्र बढ़ाने में भी मददगार हो सकता है। जब टैंक में गंदगी कम जमा होती है तो पंप के जाम होने का खतरा घट जाता है। पैड्स ज्यादा समय तक सही रहते हैं और टंकी में सफेद परत बनने की समस्या भी कम हो जाती है। इससे कूलर लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करता है।

कैसे करना है इस्तेमाल?

इसे इस्तेमाल करना भी बहुत आसान है। बस कूलर के पानी में फिटकरी का छोटा टुकड़ा डाल दें। चाहें तो इसे कपड़े में बांधकर टैंक में लटका सकते हैं। साथ ही हर 3 से 5 दिन में पानी बदलना और समय-समय पर टैंक की सफाई करना भी जरूरी है, ताकि कूलर हमेशा अच्छी ठंडक देता रहे।

यह भी पढ़ें: मई 2026 में 23 हज़ार से कम में आने वाले 5 शानदार स्मार्टफोन्स, बड़ी बैटरी से लेकर कैमरा तक सबकुछ झकास!

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By