मकान मालिक की झिकझिक से बचने के लिए लेना है Portable Air Conditioner? खरीदने से पहले समझ लें ये जरूरी बात

मकान मालिक की झिकझिक से बचने के लिए लेना है Portable Air Conditioner? खरीदने से पहले समझ लें ये जरूरी बात

पिछले कुछ सालों से Portable Air Conditioner की डिमांड बढ़ी है. इसकी लोकप्रियता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि इसको आसानी से एक जगह से दूसरी जगह पर ले जा सकते हैं. इसको इंस्टॉल करना भी काफी आसान है. हालांकि, अगर आप Portable Air Conditioner खरीदने की सोच रहे हैं तो सीधे खरीदने मत दौड़िए.

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

यह उन चीजों में से है जो दिखने में आसान लगती हैं, लेकिन गलत फैसला लिया तो पैसे भी जाएंगे और कूलिंग भी ढंग की नहीं मिलेगी. आपको बता दें कि Portable AC की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसे आसानी से कहीं भी रखा जा सकता है, इंस्टॉल करना आसान होता है और खासकर किराए के घरों या छोटे कमरों के लिए यह काम का होता है. लेकिन सच यह है कि यह हर जगह के लिए सही विकल्प नहीं है.

सबसे पहले समझ लीजिए कि यह विंडो AC जितना पावरफुल नहीं होता. अगर आप बड़े कमरे या पूरे घर को ठंडा करने की सोच रहे हैं, तो Portable AC आपको निराश करेगा. यह छोटे कमरे या किसी खास हिस्से को ठंडा करने के लिए ज्यादा सही है.

खरीदते समय इन बातों का रखें ख्याल

खरीदते समय सबसे बड़ी गलती लोग साइज और फिटमेंट को नजरअंदाज करके करते हैं. Portable AC को खिड़की से जोड़ना जरूरी होता है, क्योंकि गर्म हवा बाहर निकालनी होती है. अगर आपकी खिड़की के हिसाब से इसका किट फिट नहीं हुआ, तो पूरा सेटअप बेकार हो जाएगा.

दूसरी बड़ी बात जो लोग समझते नहीं हैं, वह है सिंगल-होज और ड्यूल-होज का फर्क. सस्ते मॉडल में एक ही पाइप होता है, जो हवा अंदर-बाहर दोनों के लिए काम करता है. इससे कूलिंग कमजोर पड़ती है. ड्यूल-होज सिस्टम में एक पाइप बाहर की हवा अंदर लाता है और दूसरा गर्म हवा बाहर फेंकता है, जिससे कूलिंग ज्यादा बेहतर मिलती है. अगर बजट थोड़ा बढ़ा सकते हैं, तो ड्यूल-होज लेना ही समझदारी है.

एक और गलती जो लोग करते हैं, वह है इसे ले जाते समय या रखते समय लापरवाही. Portable AC को साइड में लिटाकर ले जाना सही नहीं है. इससे अंदर का ऑयल सिस्टम में फैल सकता है, जिससे मशीन की आवाज बढ़ेगी और लाइफ कम हो सकती है. अगर कभी मजबूरी में साइड में रखा है, तो इस्तेमाल से पहले इसे कम से कम 24 घंटे सीधा रखकर छोड़ना चाहिए.

पाइप का ठीक से फिट होना जरूरी

इंस्टॉलेशन भी उतना आसान नहीं होता जितना लोग सोचते हैं. इसे खिड़की के पास रखना जरूरी है, और कई बार इसके लिए कमरे का सेटअप बदलना पड़ता है. अगर पाइप ठीक से फिट नहीं हुआ या बाहर की गर्म हवा वापस कमरे में आने लगी, तो कूलिंग पर सीधा असर पड़ेगा.

अगर आप सेकेंड हैंड Portable AC लेने की सोच रहे हैं सिर्फ पैसे बचाने के लिए, तो यह भी समझ लें कि आपको कई दिक्कतों से जूझना पड़ सकता है. जैसे सही एक्सेसरी न मिलना, विंडो किट का मिसिंग होना या रिमोट का न होना. शुरुआत में सस्ता लगेगा, लेकिन बाद में झंझट बढ़ सकता है.

एक और चीज जिसे लोग नजरअंदाज करते हैं, वह है हीट पंप फीचर. अगर आप ऐसा मॉडल लेते हैं जिसमें हीटिंग भी हो, तो सर्दियों में भी काम आएगा. नहीं तो आपको सिर्फ गर्मियों के लिए ही सीमित रहना पड़ेगा.

अब सीधी बात, क्या Portable AC लेना चाहिए? अगर आपके कमरे में विंडो AC फिट नहीं हो सकता या आप किराए के घर में रहते हैं, तो यह अच्छा ऑप्शन है. लेकिन अगर आप इसे मेन कूलिंग सिस्टम की तरह लेना चाहते हैं, तो यह गलत फैसला होगा. यह एक सपोर्ट सिस्टम है, मुख्य कूलिंग सॉल्यूशन नहीं. अगर आप यह समझकर खरीदते हैं, तो यह काम आएगा. वरना पैसे खर्च करके भी आप परेशान ही रहेंगे.

यह भी पढ़ें: Android फोन खतरे में! नया मैलवेयर बना रहा टारगेट, ऐसे रहें सावधान

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं. View Full Profile

Digit.in
Logo
Digit.in
Logo