ECInet App SIR Form Online: अपने मोबाइल से ऐसे भरें एसआईआर फॉर्म

HIGHLIGHTS

आप इलेक्शन कमीशन के ECInet App पर जाकर SIR फॉर्म भर सकते हैं।

आसानी से लिस्ट में अपने परिजनों के नाम भी खोजे जा सकते हैं।

फॉर्म भरते समय बेकार की गलतियों से बचने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस देखें।

अगर आप भी इन दिनों ऑनलाइन एसआईआर (SIR) फॉर्म भरने को लेकर चिंता में पड़े हैं, और ऐसा करने में आपको दिक्कत आ रही है तो आज उसका समाधान होने वाला है। असल में, अक्सर ऐसा होता है कि लोग सोचते हैं कि यह मुश्किल होने वाला है, या इस काम को करना कैसे है। ऐसे में चिंता और बढ़ जाती है और वैसे भी SIR को लेकर इंटरनेट पर जो कुछ चल रहा है, उसे देखकर ज्यादातर लोग तो डरे हुए हैं। हालांकि, आपको जानकारी के लिए बता देते हैं कि यह उतना मुश्किल नहीं है, जितना आप सोच रहे हैं या आपको बताया जा रहा है, यह बेहद ही आसान है। आप अपने मोबाइल फोन से ही SIR के Form को भर सकते हैं। इसके लिए आपको किसी दूसरी एप पर नहीं बल्कि चुनाव आयोग के आधिकारिक एप पर ही जाना है। आइए जानते है कि आखिर आपको क्या करना है और कैसे अपने SIR Form को अपने फोन से ही ऑनलाइन भरा जा सकता है।

ECInet App से काम होगा बेहद आसान

अगर आप SIR Form को भरना चाहते हैं तो सबसे पहले आपको अपने फोन में ECInet App को सबसे पहले डाउनलोड और इंस्टॉल करना होगा, अगर आप इसे पहले ही इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपको इसे अपडेट करना चाहिए। इसके बाद आपको इस एप को फोन में ओपन करना है, ओपन करने के बाद इस एप के डैशबोर्ड पर आपको जाना है। अब जब आप डैशबोर्ड पर आ गए हैं तो आपको यहाँ नीचे स्क्रॉल करना है, यहाँ आपको बहुत से ऑप्शन मिल जाने वाले हैं। हालांकि आपको केवल दो ऑप्शन को खोजना है, सबसे पहले आपको एसआईआर वाला इन्यूमिरेशन (Enumeration) फॉर्म तलाशना होगा, हालांकि यह आपको सीधे तौर पर नहीं मिलने वाला है। ऐसे में आपको ‘वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म्स’ के अंदर जाना है।

अब आप जैसे ही यहाँ पहुंचते हैं तो यहाँ आपको ‘फिल इन्यूमिरेशन फॉर्म ऑनलाइन’ वाला ऑप्शन झट से मिल जाने वाला है। अच्छी बात यह है कि आप अपने अनुसार यहाँ भाषा भी चुन सकते हैं। हालांकि, आप SIR फॉर्म को जब तक नहीं भर पाने वाले हैं, जब तक आपके पास 2002 में हुई पुरानी एसआईआर में अपने अभिभावकों की डिटेल्स न हों। ऐसे में आपको इनके मौजूदा वोटिंग कार्ड की डिटेल्स की जरूरत पड़ेगी।

इसके बाद का क्या प्रोसेस है?

अब आगे आपको क्या करना है, आइए जानते समझते हैं। आपको अब एक बार फिर से डैशबोर्ड पर आना होगा और सबसे पहले अपनी प्रोफाइल फोटो पर क्लिक करके लॉगिन करना है। लॉगिन बॉक्स में आपको वही मोबाइल नंबर इंटर करना है, जो वोटर आईडी कार्ड से लिंक है। इसके बाद नीचे दिख रहे सेंड ओटीपी बटन पर क्लिक कर दें, यहाँ आपको प्राप्त हुए OTP को दर्ज करना है। अब आप लॉगिन करके प्रोफाइल पर पहुँच जाने वाले हैं। आपको एक बार फिर से डैशबोर्ड पर जाना है। जैसा कि मैंने आपको पहले भी दूसरी बार जाने के लिए कहा था, लेकिन इस बार आपको लॉगिन करके यहाँ आना है।

पिछले SIR में खोजें नाम

अब यहाँ आपको ‘सर्च योर नेम इन लास्ट एसआईआर’ वाले ऑप्शन पर जाना है। यहाँ आप दो तरीके से इसे खोज सकते हैं, पहला ‘बाय इलेक्टर डिटेल्स’ और दूसरा ‘इन लास्ट एसआईआर ई-रोल’ के द्वारा अपने नाम को आप खोज सकते हैं। ज्यादातर लोग गलती करते हैं और पहले वाले ऑप्शन पर ही अटक कर रह जाते हैं। असल में, इसमें बहुत कुछ भरना होता है और सही प्रकार से भरना होता है।

इस ऑप्शन में आपको नाम खोजने के लिए सबसे पहले अपने राज्य को चुनना होगा, जहां आप 2002 में रहते थे, इसके बाद आपको उस समय के जिले को लिखना है, असेंबली कॉन्स्टीट्यूएंसी, पोलिंग स्टेशन का नंबर, सेक्शन नंबर और पार्ट सीरियल नंबर चुनना होगा। इसके बाद आपको साल 2002 की लिस्ट में जो मतदाता का नाम था, उसको भी आपको हूबहू लिखना होगा, इसके अलावा आपको अपनी उम्र से जुड़ी डिटेल्स को भी यहाँ पर भरना है। शायद इतना कुछ भरने के बाद भी कुछ लोगों को नाम नहीं मिल पाता है तो सभी परेशान वाली स्थिति में पहुँच जाते हैं।

हालांकि, इसमें परेशान होने वाली बात नहीं है। असल में, ऐसे में आपको दूसरे वाले ऑप्शन पर जाना चाहिए। जो ‘इन लास्ट एसआईआर ई-रोल’ का है। यहाँ भी आपको अपना राज्य, जिला, विधानसभा और पोलिंग स्टेशन चुनना होगा। अगर पोलिंग स्टेशन ठीक से याद न हो, तो थोड़ा अंदाजे से भर दें, और चेक करते रहें। इसके बाद आपके सामने एक पूरी पीडीएफ लिस्ट आ जाएगी, इस लिस्ट में आप अपने घर के पते या नाम को सर्च कर सकते हैं, इसके बाद आपको सबकुछ मिल जाने वाला है।

पुरानी SIR List में नाम मिलने के बाद क्या करें?

अब आपको वापिस डैशबोर्ड में जाना है यहाँ आपको फिर से वहीं जाना है, जहां आप शुरुआत में गए थे। आपको ‘वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म्स’ में जाकर ‘फिल इन्यूमिरेशन फॉर्म ऑनलाइन’ पर फिर से क्लिक करना है। अब आपको वह राज्य चुनना है, जहां आप इस समय रह रहे हैं, इसके बाद आपको अपना EPIC लिखकर इसे सबमिट कर देना है। ऐसा करने के बाद आपको अपनी सभी डिटेल्स के साथ साथ BLO की डिटेल्स भी मिल जाने वाली हैं।

अब आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और OTP की मदद से इसे वेरीफाई करना है। इसके बाद आपको स्क्रीन पर बहुत से ऑप्शन देखने को मिलने वाले हैं, पहला ऑप्शन पिछली SIR में आपका नाम है, दूसरा आपके माता-पिता का नाम लिस्ट में मौजूद है, इसके अलावा आपका नाम 2002 की लिस्ट में नहीं मिला है, लेकिन 2025 या 2026 की वोटर लिस्ट में है, और चौथा विकल्प उनके लिए है जिनका नाम दोनों में से कहीं नहीं है।

कौन सा ऑप्शन चुनें?

मानकर चलिए कि आप पहला ऑप्शन चुनते हैं। अब एक फॉर्म यहीं पर खुल जाने वाला हैम जिसमें राज्य और निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी भरनी होगी। इसके बाद आपसे पूछा जाएगा कि क्या इसी डिटेल के साथ 2002 में आपका नाम था, तो आपको उस बॉक्स पर टिक करके आगे बढ़ जाना है। इसके बाद आगे आपको अपने उसी रिलेटिव की जानकारी भरनी होगी जिसका नाम आपने पहले बताया था।

इसके बाद आपका फोन नंबर पहले से वेरीफाइड दिखाई देने वाला है, अब आपको अपनी डेट ऑफ बर्थ का चुनाव करना है, अपने आधार नंबर को डालना है, हालांकि, यह जरूरी नहीं है। लेकिन एक बाद का खास ध्यान रखें कि आपको माता-पिता या लीगल गार्जियन का नाम किसी भी कीमत पर लिखना ही है। अब आखिर में आपको ‘चूज़ फाइल’ वाले ऑप्शन पर क्लिक करके अपना एक फोटो अपलोड करना है, इसके बाद आपको सबमिट पर क्लिक कर देना है। बस इतना करके आप अपने SIR Form को भरकर जमा भी ऑनलाइन ही कर सकते हैं। यह इतना ही आसान है, जितना आपने देखा है, हालांकि, जो दिक्कत आने वाली है वह केवल और केवल अपने या अपने परिजनों के नाम को पुरानी SIR में तलाश करने में आने वाले हैं, इसके बाद का प्रोसेस बेहद ही आसान है।

यह भी पढ़ें: Realme P4x बनाम Realme P4R 5G: 20 हजार रुपये में डिजाइन, कैमरा, बैटरी, प्राइस और अन्य की तुलना

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life.

Connect On :