दुबई घूमने का है प्लान? घर बैठे अप्लाई करें वीजा, काफी आसान हो गया है प्रोसेस, जान लें फीस और बाकी डिटेल्स
दुबई ने भारतीय यात्रियों के लिए 48 घंटे में टूरिस्ट वीजा जारी करने की फास्ट-ट्रैक सुविधा शुरू की है.
30 दिन के वीजा की फीस करीब ₹19,000 और 60 दिन के वीजा की फीस लगभग ₹29,000 है.
आवेदन GDRFA पोर्टल, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल एजेंसी के जरिए किया जा सकता है.
दुबई घूमने का प्लान बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. दुबई के जनरल डायरेक्टरेट ऑफ रेजिडेंसी एंड फॉरेनर्स अफेयर्स (GDRFA) ने पर्यटकों के लिए एक फास्ट-ट्रैक वीजा सेवा शुरू की है. इस नई व्यवस्था के तहत भारतीय यात्री अब 30 दिन या 60 दिन का सिंगल-एंट्री टूरिस्ट वीजा सिर्फ 48 कार्य घंटों के भीतर प्राप्त कर सकते हैं, बशर्ते आवेदन और सभी जरूरी दस्तावेज सही तरीके से जमा किए गए हों.
Surveyयह सुविधा उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है जो आखिरी समय में यात्रा की योजना बनाते हैं या किसी जरूरी काम से तुरंत दुबई जाना चाहते हैं.
30 दिन और 60 दिन के वीजा का विकल्प
नई फास्ट-ट्रैक सुविधा के तहत यात्रियों को दो तरह के सिंगल-एंट्री टूरिस्ट वीजा का विकल्प मिलेगा. 30 दिन के वीजा के लिए लगभग 19,000 रुपये का शुल्क देना होगा. वहीं 60 दिन के सिंगल-एंट्री वीजा के लिए करीब 29,000 रुपये खर्च करने होंगे.
हालांकि यह कोई नया वीजा कैटेगरी नहीं है, बल्कि पहले से उपलब्ध टूरिस्ट वीजा की प्रोसेसिंग को तेज कर दिया गया है. आवेदन स्वीकृत होने के बाद अधिकांश मामलों में वीजा दो कार्य दिवसों के भीतर जारी किया जा सकता है.
किन लोगों को होगा सबसे ज्यादा फायदा?
नई सुविधा उन भारतीय यात्रियों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है जो कम समय में यात्रा की योजना बनाते हैं.
चाहे छुट्टियां मनाने जाना हो, बिजनेस ट्रिप पर जाना हो, परिवार से मिलने जाना हो या किसी आपात स्थिति में यात्रा करनी हो, फास्ट-ट्रैक वीजा प्रक्रिया समय की बचत कर सकती है.
आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होगी?
भारतीय पासपोर्ट धारकों को आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. आवेदक का पासपोर्ट कम से कम 6 महीने तक वैध होना चाहिए. इसके अलावा हाल ही में खिंचवाई गई पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र की आवश्यकता होगी. पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य मान्य दस्तावेज मांगे जा सकते हैं.
कुछ मामलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा अतिरिक्त दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं. आवेदन की समीक्षा तभी शुरू होगी जब सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर दिए जाएंगे.
भारतीय यात्री कैसे कर सकते हैं आवेदन?
भारतीय नागरिक तीन अलग-अलग माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं. पहला विकल्प GDRFA का आधिकारिक डिजिटल पोर्टल है. दूसरा विकल्प GDRFA DXB मोबाइल ऐप है. तीसरा विकल्प अधिकृत ट्रैवल एजेंसी या टूरिज्म ऑफिस है. आवेदन के दौरान यात्रियों को 30 दिन या 60 दिन का वीजा विकल्प चुनना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे, व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा. इसके बाद आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक की जा सकती है.
आप सीधे यहां पर क्लिक करके GDRFA DXB की वेबसाइट पर जा सकते हैं और वीजा के लिए अप्लाई कर सकते हैं.
क्यों महत्वपूर्ण है यह नई सुविधा?
48 घंटे के भीतर वीजा प्रोसेसिंग की सुविधा उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है जो यात्रा से पहले लंबी प्रतीक्षा से बचना चाहते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ मामलों में दस्तावेज जमा होने के कुछ घंटों के भीतर ही मंजूरी मिल रही है.
इससे यात्रा की योजना बनाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो सकता है और अंतिम समय की बुकिंग करने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा.
फर्जी वेबसाइट और एजेंटों से रहें सावधान
दुबई प्रशासन ने यात्रियों को चेतावनी दी है कि वीजा आवेदन केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म या अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ही किया जाए. फास्ट-ट्रैक वीजा के नाम पर कई फर्जी वेबसाइट और धोखाधड़ी के मामले सामने आते रहते हैं. ऐसे में किसी भी अनजान वेबसाइट या एजेंट को भुगतान करने से पहले उसकी वैधता जरूर जांच लें.
यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
