AC के चलाना चाहिए पंखा या नहीं? ज्यादातर लोग कर जाते हैं यहां गलती, बिजली बिल पर पड़ेगा काफी असर
AC और पंखे को साथ चलाने से बेहतर ठंडक मिल सकती है.
पंखे की मदद से AC का तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ाकर भी आरामदायक कूलिंग मिलती है.
इस तरीके से गर्मियों में बिजली बिल में अच्छी बचत की जा सकती है.
गर्मी का मौसम आते ही घरों में AC लगातार चलने लगते हैं. राहत तो मिलती है, लेकिन महीने के आखिर में आने वाला बिजली बिल अक्सर लोगों की परेशानी बढ़ा देता है. ऐसे में कई लोग बिजली बचाने के अलग-अलग तरीके तलाशते हैं. दिलचस्प बात यह है कि इसका एक आसान और मुफ्त समाधान आपके कमरे की छत पर ही मौजूद है, यानी सीलिंग फैन.
Surveyअक्सर लोग AC चालू करते ही पंखा बंद कर देते हैं. उन्हें लगता है कि दोनों को एक साथ चलाने से बिजली की खपत बढ़ेगी. लेकिन हकीकत इसके उलट है. विशेषज्ञों के अनुसार AC और पंखे को साथ चलाने से न सिर्फ कमरे में बेहतर ठंडक मिलती है, बल्कि बिजली की बचत भी हो सकती है.
पंखा कमरे का तापमान कम नहीं करता. उसका काम शरीर के आसपास हवा का प्रवाह बढ़ाना होता है. जब हवा शरीर से गुजरती है तो पसीना तेजी से सूखता है और शरीर की गर्मी बाहर निकलती है. इसी वजह से कमरे का तापमान बदले बिना भी आपको ज्यादा ठंडक महसूस होती है. इसे वैज्ञानिक भाषा में “विंड चिल इफेक्ट” कहा जाता है.
यही कारण है कि यदि AC 22 डिग्री सेल्सियस पर चल रहा हो तो पंखे की मदद से वही आराम आपको 25 डिग्री सेल्सियस पर भी मिल सकता है. इससे AC को कम मेहनत करनी पड़ती है और बिजली की खपत घट जाती है.

AC की कूलिंग भी होती है बेहतर
ठंडी हवा का स्वभाव नीचे की ओर जाने का होता है. AC से निकलने वाली ठंडी हवा अक्सर फर्श के पास जमा हो जाती है, जबकि कमरे का ऊपरी हिस्सा अपेक्षाकृत गर्म रहता है.
जब पंखा चलाया जाता है तो वह इस ठंडी हवा को पूरे कमरे में समान रूप से फैला देता है. इससे कमरे के हर हिस्से में एक जैसी ठंडक पहुंचती है. कमरा जल्दी ठंडा होने पर AC का कंप्रेसर बार-बार चलने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे बिजली की बचत होती है.
बिजली बिल में कितना फर्क पड़ सकता है?
एक सामान्य AC करीब 1000 से 2000 वॉट बिजली की खपत करता है, जबकि एक सीलिंग फैन आमतौर पर 15 से 70 वॉट तक बिजली खर्च करता है.
विशेषज्ञों के मुताबिक AC का तापमान हर 1 डिग्री बढ़ाने पर बिजली की खपत में लगभग 4 से 8 प्रतिशत तक कमी आ सकती है.

मान लीजिए आपका AC रोज 8 घंटे चलता है और औसतन 1500 वॉट बिजली इस्तेमाल करता है. ऐसे में महीने भर में बिजली का खर्च करीब 2,800 से 3,000 रुपये तक पहुंच सकता है.
यदि आप AC का तापमान 22 डिग्री की बजाय 25 डिग्री पर सेट करें और साथ में पंखा चलाएं, तो बिजली की खपत में 15 से 20 प्रतिशत तक कमी आ सकती है. इससे हर महीने लगभग 300 से 600 रुपये तक की बचत संभव है.
पूरे गर्मी के मौसम में यह बचत 1,200 से 2,400 रुपये तक पहुंच सकती है. अगर आपके घर में BLDC पंखा लगा है, जो केवल 15 से 28 वॉट बिजली खर्च करता है, तो बचत और भी ज्यादा हो सकती है.
इन बातों का रखें ध्यान
पंखा व्यक्ति को ठंडक महसूस कराता है, कमरे को नहीं. इसलिए कमरे से बाहर निकलते समय पंखा बंद कर देना चाहिए.
साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि पंखा सही दिशा में घूम रहा हो. सामान्य तौर पर गर्मियों में पंखे को ऐसी दिशा में घूमना चाहिए जिससे हवा नीचे की ओर आए. बेहतर प्रदर्शन के लिए AC के फिल्टर और पंखे के ब्लेड की नियमित सफाई भी जरूरी है. धूल जमा होने से दोनों उपकरणों की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और बिजली की खपत बढ़ सकती है.
यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
