तेजस्वी की नई वेब-सीरीज Psycho Saiyaan, भौकाली अंदाज में रवि किशन, MX Player पर फ्री में देखें प्यार-पागलपन की कहानी
रोमांटिक थ्रिलर वेब सीरीज Psycho Saiyaan का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और यह कहानी पारंपरिक बॉलीवुड प्रेम कहानियों की सोच को चुनौती देती नजर आ रही है. Amazon MX Player पर आने वाली यह सीरीज उस खतरनाक दुनिया को दिखाएगी, जहां प्यार धीरे धीरे एक पागलपन वाले जुनून में बदल जाता है. सीरीज 25 फरवरी 2026 से स्ट्रीम की जाएगी.
Surveyइस सीरीज को निर्देशक अजय भुयान ने तैयार किया है. लीड रोल में अनुज सिंह धाका, रवि किशन और तेजस्वी प्रकाश नजर आएंगे. इनके साथ यशपाल शर्मा, अश्विनी कालसेकर, सुरभि चंदना, वारुण भगत और सृष्टि श्रीवास्तव भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
उज्जैन से जॉर्जिया तक, जुनून की खतरनाक यात्रा
ट्रेलर में कार्तिक पांडे नाम के एक युवा की कहानी दिखाई गई है, जो उज्जैन का रहने वाला है और शायरी से बेहद लगाव रखता है. इस किरदार को अनुज सिंह धाका ने निभाया है. कार्तिक की दुनिया का केंद्र चारु है, जिसे वह अपनी किस्मत और अपने जीवन का मकसद मानता है. शुरुआत में यह कहानी एक लिरिकल रोमांस की तरह लगती है, लेकिन जल्द ही यह कंट्रोल और मेंटल प्रेशर की कहानी में बदल जाती है.
कार्तिक का जुनून उसे उज्जैन और कटनी जैसे छोटे शहरों से लेकर जॉर्जिया जैसे विदेशी लोकेशन तक ले जाता है. वह चारु के लिए हर सीमा पार करने को तैयार दिखाई देता है और जो भी उनके रिश्ते के बीच आता है, उससे टकराने में हिचकता नहीं है.
रवि किशन का किरदार लाएगा सियासी और आपराधिक मोड़
सीरीज में रवि किशन हंट्री चौहान की भूमिका में नजर आएंगे. उनका किरदार कहानी में राजनीतिक और आपराधिक खतरे का तत्व जोड़ता है. वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए रिश्तों में दखल देता है और कहानी में अराजकता का कारण बनता है.
रवि किशन ने कहा कि उनका किरदार प्रभावशाली है और उसे अपनी ताकत का इस्तेमाल करना पसंद है. उन्होंने यह भी बताया कि यह भूमिका उन्हें अपने व्यक्तित्व का अधिक तीखा और गहन पक्ष दिखाने का मौका देती है.
तेजस्वी प्रकाश का OTT डेब्यू
तेजस्वी प्रकाश इस सीरीज के जरिए औपचारिक रूप से OTT प्लेटफॉर्म पर डेब्यू कर रही हैं. उन्होंने कहा कि Psycho Saiyaan उनके लिए खास प्रोजेक्ट है और उन्हें चारु जैसा परतदार किरदार निभाने का मौका मिला. उनके मुताबिक, शुरुआत में चारु की जिंदगी स्थिर और सुरक्षित लगती है, लेकिन धीरे धीरे उसमें बदलाव आता है. इस बदलाव के साथ आने वाला डर, अनिश्चितता और बेचैनी ही उनके किरदार को दिलचस्प बनाती है.
कब खतरनाक बन जाता है प्यार?
अनुज सिंह धाका के मुताबिक, कार्तिक एक सामान्य रोमांटिक हीरो नहीं है. वह बड़े और किस्मत से जुड़े प्रेम में विश्वास करता है. सीरीज एक अहम सवाल उठाती है कि आखिर किस बिंदु पर गहरा समर्पण एक ऐसा कांड बन जाता है, जिससे कोई बाहर नहीं निकल पाता. जैसे जैसे कहानी आगे बढ़ती है, दर्शकों को एहसास होगा कि संतुलन के बिना प्यार खतरनाक रूप ले सकता है.
Psycho Saiyaan के सभी एपिसोड 25 फरवरी 2026 से Amazon MX Player पर स्ट्रीम के लिए उपलब्ध होंगे.
यह भी पढ़ें: 8वें वेतन आयोग को लेकर चल रहा WhatsApp पर बड़ा स्कैम, एक गलती से मिनटों में खाली हो जाएगा अकाउंट, सरकार का अलर्ट
Sudhanshu Shubham
सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं. View Full Profile