कई फिल्में ऐसी हैं जो रिलीज़ होते ही दर्शकों के दिलों में जगह बना लेती हैं और लंबे समय तक यादगार रहती हैं। ऐसी ही फिल्में अक्सर कमाई के मामले में भी सबसे आगे निकलती हैं। हमेशा की तरह इस साल भी कई फिल्मों ने यही रुतबा हासिल किया है। अभी कुछ ही महीने पहले रिलीज़ हुई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई कर कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। ऐसी ही 10 भारतीय फिल्मों के बारे में आज हम आपको बता रहे हैं, जो 2026 में रिलीज़ हुई हैं और इस साल की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में बन गई हैं। इस लिस्ट में बॉलीवुड और साउथ की फिल्में शामिल हैं, जिनकी कहानी और अब तक की कुल कमाई के बारे में हम आपको बताएंगे।
इसमें कोई शक नहीं है कि सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में टॉप पर अब तक धुरंधर 2 ही है। रणवीर सिंह इस फिल्म में जस्किरत सिंह रंगी नाम के एक भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं, जो पाकिस्तान के कराची में स्थित कुख्यात लियारी अंडरवर्ल्ड में गुप्त मिशन पर काम करता है। उसका मकसद आतंकी नेटवर्क की आर्थिक जड़ों को खत्म करना, ISI से जुड़े तत्वों का सामना करना और 26/11 मुंबई हमलों का बदला लेना है। यह फिल्म अब तक दुनियाभर में 1812 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।
दूसरे नंबर पर है बॉर्डर 2, जो 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह फिल्म पाकिस्तान द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन चंगेज खान’ के जवाब में भारतीय सेनाओं की वीरता को दिखाती है। इसमें सनी देओल लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कालेर के किरदार में नजर आते हैं, जो सेना, वायुसेना और नौसेना का प्रतिनिधित्व करने वाले तीन युवा अधिकारियों का नेतृत्व करते हैं। इसकी कुल कमाई 450 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
यह तेलुगु एक्शन-कॉमेडी फिल्म चिरंजीवी को एक नेशनल सिक्योरिटी ऑफिसर के रूप में पेश करती है। कहानी में उनका किरदार प्रसाद अपनी अमीर और आत्मविश्वासी पत्नी ससिरेखा से अहंकार की वजह से अलग हो जाता है। लेकिन जब एक भ्रष्ट पूर्व पुलिस अधिकारी उनसे बदला लेने की कोशिश करता है, तब प्रसाद अपने परिवार की सुरक्षा के लिए दोबारा उनकी जिंदगी में लौटता है। इसने दुनिया भर में लगभग 302 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
RJ बालाजी के निर्देशन में बनी यह फैंटेसी एक्शन फिल्म न्याय और अन्याय के संघर्ष को दर्शाती है। फिल्म में सूर्या, सरवनन नाम के एक वकील की भूमिका निभा रहे हैं, जो असल में एक शक्तिशाली रक्षक देवता का अवतार है। वह भ्रष्ट कानूनी व्यवस्था और एक प्रभावशाली वकील के खिलाफ लड़ाई छेड़ता है ताकि एक पीड़ित और निर्दोष परिवार को न्याय मिल सके। करुप्पु ने अपने रिलीज़ के 19 दिनों के अंदर 292 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस हॉरर-कॉमेडी की कहानी अर्जुन नाम के व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे ग्रामीण मंगलपुर में स्थित एक पैतृक महल विरासत में मिलता है। वह वहां अपनी बहन की डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित करने की योजना बनाता है, लेकिन जल्द ही एक प्राचीन श्राप और काले जादू से जुड़ा रहस्य सामने आने लगता है। इसकी कुल कमाई 2026 में अब तक 266.81 करोड़ रुपये है।
प्रभास अभिनीत इस फिल्म की कहानी राजू नाम के युवक पर केंद्रित है, जिसकी प्राथमिकता अपनी दादी गंगा देवी की देखभाल करना है। अल्जाइमर से पीड़ित गंगा देवी अपने पति कनकराजू को लगातार याद करती रहती हैं। अपने लापता दादा की तलाश में राजू हैदराबाद पहुंचता है, जहां उसे अपने परिवार के अतीत से जुड़े कई चौंकाने वाले रहस्यों का पता चलता है। यह फिल्म 145 दिनों में 208.39 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।
‘वाझा 2: बायोपिक ऑफ ए बिलियन ब्रोज’ एक मलयालम कमिंग-ऑफ-एज कॉमेडी-ड्रामा है। फिल्म चार ऐसे स्कूली दोस्तों की कहानी बताती है जिन्हें अक्सर शरारती और नाकाम समझा जाता है। पढ़ाई की चुनौतियों, पारिवारिक दबाव, भाई-बहनों के रिश्तों और युवावस्था में प्रवेश की कठिनाइयों के बीच उनका सफर फिल्म का मुख्य आधार है। इसकी अब तक की कमाई 235 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
मलयालम सिनेमा की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग जॉर्जकुट्टी और उसके परिवार की कहानी को आगे बढ़ाता है। इस बार वह अपनी बड़ी बेटी अंजू की शादी करवाने की कोशिश करता है, लेकिन वरुण हत्याकांड की पुरानी छाया उसका पीछा नहीं छोड़ती। दूसरी ओर, वरुण के पिता और निलंबित पुलिसकर्मी परिवार को फंसाने के लिए नए षड्यंत्र रचते हैं। यह फिल्म अपने रिलीज़ के 13 दिनों के अंदर 224.76 करोड़ रुपये कमा चुकी है।
रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित और अभिनीत यह ऐतिहासिक फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के शुरुआती जीवन पर आधारित है। फिल्म में उनके बचपन से लेकर हिंदवी स्वराज्य की स्थापना तक की यात्रा को दिखाया जाएगा। साथ ही आदिलशाही सेनापति अफजल खान के साथ उनके ऐतिहासिक संघर्ष को भी बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया जाएगा। कमाई में यह लगभग 117 करोड़ रुपये के आंकड़े पर आने वाली है।
विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक एक्शन-थ्रिलर हुसैन जैदी की पुस्तक ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ की कहानी से प्रेरित है। फिल्म एक खतरनाक और तेजधार हथियार रखने वाले सुपारी किलर की कहानी बताती है, जो शहर छोड़कर भागने की योजना रद्द कर देता है। इसके बाद वह अपने पति की मौत का बदला लेने की कोशिश कर रही एक महिला की मदद करने का फैसला करता है और अंडरवर्ल्ड के एक ताकतवर डॉन से टकरा जाता है। इस फिल्म ने अब तक 110.81 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
यह भी पढ़ें: IRCTC या RailOne? कन्फर्म टिकट के लिए किस ऐप से करनी चाहिए बुकिंग? जानिए दोनों के बीच अंतर