फिर महंगा होगा मोबाइल रिचार्ज! अगले 3-4 महीने में 15% तक बढ़ सकते हैं प्लान के दाम, रिपोर्ट में बड़ा दावा

HIGHLIGHTS

मोबाइल रिचार्ज फिर हो सकता है महंगा

3-4 महीने में 15% तक बढ़ सकते हैं टैरिफ

Jio और Airtel यूजर्स पर पड़ सकता है असर

फिर महंगा होगा मोबाइल रिचार्ज! अगले 3-4 महीने में 15% तक बढ़ सकते हैं प्लान के दाम, रिपोर्ट में बड़ा दावा

देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स को जल्द ही एक और झटका लग सकता है. अगर आप Reliance Jio, Bharti Airtel या Vodafone Idea का सिम इस्तेमाल करते हैं, तो आने वाले महीनों में मोबाइल रिचार्ज के लिए ज्यादा पैसे चुकाने पड़ सकते हैं.

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

रिपोर्ट में बड़ा दावा

Centrum Institutional Research की Q1FY27 टेलीकॉम और इंटरनेट सेक्टर रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 3 से 4 महीनों में टेलीकॉम कंपनियां अपने टैरिफ में 12 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं. रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा समय में टेलीकॉम सेक्टर का प्राइसिंग माहौल पहले के मुकाबले ज्यादा मजबूत हो गया है, जिससे कंपनियों के लिए टैरिफ बढ़ाना आसान हो सकता है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि अब बाजार में प्रभावी रूप से तीन बड़े निजी ऑपरेटर और एक सरकारी कंपनी मौजूद हैं. ऐसे में प्रतिस्पर्धा पहले की तुलना में कम हो गई है, जिससे कंपनियां कीमतों में बढ़ोतरी करने की स्थिति में हैं.

जून तिमाही में निजी टेलीकॉम कंपनियों का Average Revenue Per User (ARPU) भी 1 से 1.5 फीसदी तक बढ़ने का अनुमान है. इसकी बड़ी वजह 2G यूजर्स का तेजी से 4G और 5G नेटवर्क पर शिफ्ट होना, पोस्टपेड ग्राहकों की संख्या बढ़ना और तिमाही में अधिक दिनों का होना बताया गया है.

Jio और Airtel बढ़ाएंगे बाजार

रिपोर्ट के मुताबिक, Bharti Airtel और Reliance Jio बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में आगे रहेंगे, जबकि Vodafone Idea पर दबाव बना रह सकता है. अनुमान है कि जून तिमाही में Reliance Jio करीब 70 लाख नए ग्राहक जोड़ सकती है, जबकि Bharti Airtel के साथ लगभग 50 लाख नए यूजर जुड़ सकते हैं. वहीं Vodafone Idea के केवल करीब दो लाख नए ग्राहक जोड़ने की संभावना जताई गई है.

डेटा खपत में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. देशभर में 4G और 5G नेटवर्क का विस्तार होने से प्रति ग्राहक डेटा उपयोग लगातार बढ़ रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, Jio और Airtel अब देश के 90 प्रतिशत से ज्यादा जिलों में 5G सेवा पहुंचा चुके हैं और दोनों कंपनियां ज्यादा से ज्यादा 5G डिवाइस अपने नेटवर्क से जोड़ने पर काम कर रही हैं.

इसके अलावा 5G Fixed Wireless Access (FWA) और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सेवाओं में भी दोनों कंपनियों को अच्छी बढ़त मिल रही है, क्योंकि इस सेगमेंट में अभी भी काफी ग्रोथ की संभावना बनी हुई है.

वहीं Vodafone Idea भी धीरे-धीरे अपने 5G नेटवर्क का विस्तार कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की 5G सेवा अब करीब 100 शहरों तक पहुंच चुकी है और आने वाले समय में इसका दायरा और बढ़ाया जाएगा. साथ ही कंपनी की AGR देनदारी में भी उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे उसकी वित्तीय स्थिति पहले की तुलना में कुछ बेहतर मानी जा रही है.

अगर यह अनुमान सही साबित होता है, तो पिछले कुछ वर्षों में यह एक और बड़ा टैरिफ इजाफा होगा. ऐसे में आने वाले महीनों में मोबाइल रिचार्ज कराने वाले ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra से पहले सरकार की बड़ी चेतावनी, हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर हो रहा बड़ा स्कैम, ऐसे रहें सावधान

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile