भारतीय मिड-रेंज स्मार्टफोन बाजार में सालों से अपना परचम लहराने वाली रेडमी (Redmi) ने अपने लोकप्रिय Note 17 लाइनअप का को बढ़ते हुए दो नए मॉडल इस सीरीज में लॉन्च कर दिए हैं। इन फोन्स को Redmi Note 17 Pro और Redmi Note 17 Pro Max के तौर पर इंडिया के बाजार में एंट्री मिली है। पिछले महीने पेश किए गए बेस मॉडल के बाद, इन दोनों नए फोन्स को खास तौर पर उन यूज़र्स के लिए डिजाइन किया गया है जो बिना किसी समझौते के एक्सट्रीम बैटरी लाइफ, ब्राइट 1.5K AMOLED स्क्रीन और ताकतवर स्नैपड्रैगन परफॉर्मेंस वाला फोन खरीदना चाहते हैं। पानी और धूल से बचाव के लिए दोनों ही हैंडसेट्स को मजबूती देते हुए IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसी मल्टीपल एक्सट्रीम वॉटरप्रूफिंग रेटिंग्स दी गई हैं।
दोनों ही Redmi Note 17 Pro स्मार्टफोन्स के प्राइस से शुरू करते हैं। Redmi Note 17 Pro का बेस 8GB RAM + 128GB स्टोरेज मॉडल 33,999 रुपये के प्राइस में लॉन्च किया गया है, जबकि इसका 8GB RAM + 256GB वेरिएंट 36,999 रुपये के प्राइस में आया है। वहीं, Redmi Note 17 Pro Max की कीमत 8GB RAM + 256GB मॉडल के लिए 44,999 रुपये और 12GB RAM + 256GB टॉप-एंड वेरिएंट के लिए 50,999 रुपये रखी गई है। कंपनी दोनों ही डिवाइसेज पर आकर्षक बैंक डिस्काउंट दे रही है, जहां प्रो मॉडल पर 3,000 रुपये और प्रो मैक्स पर पूरे 5,000 रुपये की सीधी बैंक छूट हासिल की जा सकती है। सेल डिटेल्स की बात करें तो Note 17 Pro की सेल 17 सितंबर से और Note 17 Pro Max की सेल 23 सितंबर 2026 से अमेज़न, शाओमी की आधिकारिक वेबसाइट और रिटेल स्टोर्स पर होने वाली है।
नोट: यह प्राइस डिस्काउंट के बाद वाले प्राइस हैं, लॉन्च प्राइस के लिए बैंक डिस्काउंट अलग कर दें!
डिस्प्ले से शुरू करते हैं, दोनों फोन्स में एक समान शानदार 6.83-इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। यह एक एडवांस्ड 12-बिट पैनल है जो 68.7 अरब कलर्स को रेंडर करने की क्षमता रखता है। स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 3,500 निट्स (2,000 निट्स HBM) तक जाती है, जिससे चिलचिलाती धूप में भी स्क्रीन का हर एक पिक्सल साफ दिखता है। सुरक्षा के लिहाज से फ्रंट पैनल पर स्क्रैच और ड्रॉप प्रोटेक्शन के लिए Corning Gorilla Glass Victus 2 की मजबूत लेयर का सपोर्ट मिल जाता है।
मल्टीमीडिया लवर्स के लिए दोनों फोन्स में डॉल्बी विजन और डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट वाले स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं। कलर ऑप्शन्स की बात करें तो Pro मॉडल क्लाउड ब्लू, पर्पल और ब्लैक में मिलेगा, जबकि Pro Max को सीक्रेट सनराइज, माचा ग्रीन और स्टेल्थ ब्लैक फिनिश में लाया गया है।
हार्डवेयर और परफॉर्मेंस को देखा जाए तो दोनों हैंडसेट्स अलग-अलग प्रोसेसर पर लॉन्च किए गए हैं। Redmi Note 17 Pro में 4nm प्रोसेस पर बना Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है, जो 8GB तक LPDDR4X रैम को सपोर्ट करता है। दूसरी तरफ, Redmi Note 17 Pro Max भारत का पहला ऐसा फोन बन गया है जिसमें क्वालकॉम का नया Snapdragon 6 Gen 5 चिपसेट दिया गया है, जिसके साथ सुपरफास्ट 12GB तक LPDDR5X रैम और कटिंग-एज UFS 4.1 स्टोरेज मिल जाती है।
सॉफ्टवेयर लेवल पर दोनों ही हैंडसेट्स लेटेस्ट एंड्रॉयड 16 पर आधारित HyperOS 3 पर रन करते हैं, जिसके साथ शाओमी ने 4 साल के बड़े ओएस अपडेट्स और 6 साल के सिक्योरिटी पैच का भरोसा दिया है। इसमें हाइपर-एआई के टूल्स (डीपथिंक राइटिंग, ऑफलाइन इंटरप्रेटर) के साथ बिना नेटवर्क के किलोमीटर-लेवल तक मैसेज भेजने वाला ‘ऑफलाइन कम्युनिकेशन’ फीचर भी दिया गया है।
इस सीरीज का सबसे बड़ा गेम-चेंजर फैक्टर इनकी भारी-भरकम बैटरी लाइफ है। Redmi Note 17 Pro Max में शाओमी के इतिहास की सबसे बड़ी 10,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है। यह मॉन्स्टर बैटरी 100W हाइपरचार्ज फास्ट चार्जिंग और 27W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसे TÜV SÜD 5-स्टार सर्टिफिकेशन मिला है, जिसका मतलब है कि 1,600 चार्जिंग साइकिल्स (लगभग 6 साल) के बाद भी यह 80% से ज्यादा बैटरी हेल्थ बरकरार रखेगी। वहीं, Redmi Note 17 Pro में 9,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो कंपनी के दावे के अनुसार सामान्य उपयोग में 3.5 दिन से ज्यादा का बैकअप देती है। इसे चार्ज करने के लिए 67W फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है।
कैमरा सेटअप पर नजर डालें तो दोनों फोन्स के बैक पैनल पर OIS सपोर्ट वाला 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और वाइड शॉट्स के लिए 8-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस मिलता है। कैमरा ऐप में नाइट पोर्ट्रेट, हाई डायनामिक पोर्ट्रेट के अलावा चकाचौंध और रिफ्लेक्शन हटाने वाले एआई क्रिएटिविटी टूल्स दिए गए हैं। फ्रंट कैमरे में दोनों में हल्का फर्क है Note 17 Pro Max में सेल्फी के दीवानों के लिए 32-मेगापिक्सल का फ्रंट शूटर मिलता है, जबकि Note 17 Pro में 16-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा लगाया गया है। 10,000mAh की बैटरी और फ्लैगशिप-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी के साथ रेडमी ने मिड-रेंज और सब-फ्लैगशिप सेगमेंट में बाकी सभी ब्रांड्स की नींद उड़ा दी है।
यह भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26 FE vs Oppo Find X9s vs OnePlus 15: डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना