Android फोन पर मंडराया खतरा! पूरा फोन का एक्सेस ले सकते हैं हैकर्स, सरकार ने जारी की चेतावनी, पहली फुरसत में करें ये काम

HIGHLIGHTS

Android में नई सिक्योरिटी खामी से खतरा बढ़ा

CERT-In ने जारी किया क्रिटिकल अलर्ट

तुरंत करें मार्च 2026 अपडेट इंस्टॉल

भारत में करोड़ों Android यूजर्स और स्मार्टफोन कंपनियां इस समय एक गंभीर साइबर खतरे के दायरे में आ गई हैं. CERT-In ने एक नया सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि Android सिस्टम में मौजूद खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स संवेदनशील डेटा तक पहुंच सकते हैं और डिवाइस को पूरी तरह से प्रभावित कर सकते हैं.

यह खतरा पहले के अलर्ट से अलग है, क्योंकि इस बार मामला किसी एक Android वर्जन तक सीमित नहीं है, बल्कि सिस्टम के कोर लेवल यानी कर्नल से जुड़ा हुआ है, जो इसे और ज्यादा गंभीर बना देता है.

OpenSSL लाइब्रेरी में दिक्कत

इस बार खतरा Android के अंदर इस्तेमाल होने वाली OpenSSL लाइब्रेरी से जुड़ा है, जो कई ऐप्स और सिस्टम प्रोसेस में इस्तेमाल होती है. अगर इसमें खामी आती है तो हैकर्स सीधे सिस्टम लेवल पर हमला कर सकते हैं. इसका मतलब है कि यह सिर्फ ऐप तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे फोन को प्रभावित कर सकता है.

CERT-In के अनुसार, इस समस्या की गंभीरता “क्रिटिकल” है, यानी इसे नजरअंदाज करना सीधा जोखिम लेना है.

किन वर्जन पर सबसे ज्यादा खतरा?

रिपोर्ट के मुताबिक OpenSSL के कई वर्जन इस खतरे से प्रभावित हैं. इनमें 3.6, 3.5, 3.4, 3.3, 3.0, 1.1.1 और 1.0.2 जैसे वर्जन शामिल हैं. चूंकि ये लाइब्रेरी कई Android ऐप्स और सिस्टम में गहराई से जुड़ी होती है, इसलिए यह समस्या बड़े स्तर पर असर डाल सकती है.

यूजर्स पर क्या असर पड़ेगा?

अगर इस खामी का फायदा उठाया गया, तो हैकर्स आपके फोन से संवेदनशील जानकारी निकाल सकते हैं. इसमें पर्सनल डेटा, लॉगिन डिटेल्स, बैंकिंग से जुड़ी जानकारी और बिजनेस डेटा तक शामिल हो सकता है. इसके अलावा, सिस्टम को क्रैश करना या डिवाइस को काम करने लायक न छोड़ना भी संभव है, जिसे denial of service कहा जाता है.

कंपनियों और यूजर्स दोनों के लिए खतरा

यह सिर्फ आम यूजर्स की समस्या नहीं है. जो लोग अपने Android फोन का इस्तेमाल काम, ऑफिस डेटा या बिजनेस ऑपरेशन के लिए करते हैं, उनके लिए यह और बड़ा खतरा है क्योंकि एक ही डिवाइस से कई तरह की जानकारी एक्सेस की जाती है.

अभी क्या करना जरूरी है?

साधारण यूजर के लिए यह समझना आसान नहीं है कि उनके फोन में कौन सा OpenSSL वर्जन चल रहा है. इसीलिए Google ने साफ कहा है कि सभी Android यूजर्स को तुरंत अपने फोन में मार्च 2026 का लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करना चाहिए.

यह अपडेट इन खामियों को ठीक करने के लिए जारी किया गया है और फिलहाल यही सबसे मजबूत सुरक्षा उपाय है. यह कोई छोटा खतरा नहीं है. अगर आप अपडेट टाल रहे हैं, तो आप खुद को जोखिम में डाल रहे हैं. बिना देरी किए फोन अपडेट करना ही अभी सबसे सही फैसला है.

यह भी पढ़ें: Apple में बड़ा बदलाव, CEO पद से Tim Cook का इस्तीफा, अब 3.6 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी संभालेगा ये दिग्गज

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :