WhatsApp का नया फीचर, स्टोरेज मैनेज करना होगा काफी आसान, जानें कैसे करता है काम

Meta के मालिकाना हक वाला पॉपुलर मैसेजिंग ऐप WhatsApp एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर्स के लिए फोन की स्टोरेज खाली करना काफी आसान बना सकता है. यह नया टूल यूजर्स को सीधे ऐप के अंदर से स्टेटस अपडेट से जुड़ी मीडिया फाइल्स हटाने की सुविधा देगा, बिना चैट, फोटो या वीडियो को डिलीट किए जो बातचीत में शेयर किए गए हैं.

WABetaInfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर WhatsApp के एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.20.6 में देखा गया है. फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और आने वाले अपडेट में रोलआउट किया जा सकता है. रिपोर्ट में बताया गया है कि WhatsApp अब स्टेटस अपडेट से जुड़ी स्टोरेज को मैनेज करने के तरीके को बेहतर बनाने पर काम कर रहा है, ताकि यूजर्स आसानी से स्पेस खाली कर सकें.

अब तक कैसे काम करता है स्टोरेज मैनेजमेंट?

अभी WhatsApp में पहले से “Manage Storage” सेक्शन मिलता है, जहां यूजर्स देख सकते हैं कि कौन सी चैट, ग्रुप या चैनल सबसे ज्यादा जगह ले रहे हैं. यूजर्स फाइल्स को साइज के हिसाब से भी देख सकते हैं और जरूरत न होने पर उन्हें हटाया जा सकता है.

नया फीचर क्या बदलेगा?

अब WhatsApp इस फीचर को आगे बढ़ाते हुए स्टेटस अपडेट को भी इसमें शामिल करने जा रहा है. जब यह फीचर आएगा, तो “Manage Storage” सेक्शन के अंदर स्टेटस अपडेट के लिए अलग से फिल्टर मिलेगा. इससे यूजर्स देख पाएंगे कि किन कॉन्टैक्ट्स के स्टेटस उनकी स्टोरेज ज्यादा भर रहे हैं, खासकर वीडियो जो जल्दी स्पेस खा लेते हैं.

यूजर्स को यह भी विकल्प मिल सकता है कि वे फाइल साइज के हिसाब से स्टेटस मीडिया को सॉर्ट करें और बड़ी फाइल्स को तुरंत हटा दें. यह उन लोगों के लिए काफी काम का होगा जिनके फोन में स्टोरेज कम रहती है, लेकिन वे जरूरी चैट या डॉक्यूमेंट डिलीट नहीं करना चाहते.

24 घंटे बाद भी क्यों भर जाती है स्टोरेज

हालांकि WhatsApp स्टेटस 24 घंटे बाद अपने आप गायब हो जाते हैं, लेकिन कुछ डिवाइस में उनकी मीडिया फाइल्स कुछ समय तक स्टोरेज में बनी रहती हैं. नए फीचर के आने के बाद यूजर्स इन फाइल्स को खुद से कुछ सेकंड में हटा पाएंगे, बिना इंतजार किए.

अभी कब मिलेगा यह फीचर

फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट में है और WhatsApp इसे बेहतर बनाने पर काम कर रहा है, खासकर स्टेटस अपडेट को सही तरीके से फिल्टर करने पर. रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्टिंग पूरी होने के बाद इसे धीरे-धीरे यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा, जिससे स्टोरेज खाली करना और आसान हो जाएगा.

यह भी पढ़ें: रिस्क पर Android फोन की सिक्योरिटी, क्या आपको इस्तेमाल करना चाहिए एंटी-वायरस? समझ लें मुद्दे की बात

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :