भारतीय उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Oakter ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नया Studio AC 5000 (2026) मॉडल लॉन्च कर दिया है। यह 0.5 टन क्षमता वाला 3-स्टार इन्वर्टर विंडो एसी खासतौर पर छोटे कमरों, स्टूडियो अपार्टमेंट, स्टडी रूम, ऑफिस कैबिन और कॉम्पैक्ट वर्कस्पेस के लिए तैयार किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह एसी लगभग 75 वर्ग फुट तक के एरिया के लिए उपयुक्त है।
नया मॉडल पिछले साल आए Studio AC 5000 (2025) का अपग्रेडेड वर्जन है। इस बार कंपनी ने फिक्स्ड-स्पीड कंप्रेसर की जगह इन्वर्टर बेस्ड कूलिंग टेक्नोलॉजी दी है, जिससे बेहतर और स्थिर कूलिंग के साथ बिजली की खपत कम होने का दावा किया गया है। एसी का वजन करीब 22 किलोग्राम बताया गया है, जिससे इसे इंस्टॉल करना और इस्तेमाल करना आसान हो जाता है।
कंपनी के सीईओ Shishir Gupta ने लॉन्च के दौरान कहा कि आज के समय में भारतीय ग्राहक ऐसे कूलिंग प्रोडक्ट चाहते हैं जो किफायती होने के साथ-साथ ऊर्जा की बचत करें, कम जगह लें और रोजमर्रा की शहरी जरूरतों के हिसाब से उपयोगी हों। उन्होंने बताया कि Studio AC 5000 (2026) मॉडल में नई इन्वर्टर टेक्नोलॉजी और बेहतर डिजाइन दिया गया है, ताकि यूजर्स को स्मूद कूलिंग अनुभव मिल सके और यह सामान्य घरेलू पावर सॉकेट पर आसानी से काम कर सके।
कीमत और उपलब्धता की बात करें तो Studio AC 5000 (2026) मॉडल की शुरुआती कीमत 14,499 रुपये प्लस GST रखी गई है। यह एसी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, ऑनलाइन मार्केटप्लेस और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
फीचर्स की बात करें तो यह एसी लगभग 500W बिजली की खपत करता है। कंपनी के अनुसार, यह करीब दो घंटे में एक यूनिट बिजली खर्च करता है और इसका अनुमानित रनिंग कॉस्ट लगभग 4 रुपये प्रति घंटा हो सकता है। इसमें 3-स्टार एनर्जी रेटिंग भी दी गई है।
इसके अलावा एसी में एंटी-डस्ट फिल्टर, लो-नॉइज ऑपरेशन और CWRC कूलिंग सिस्टम जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं। कंपनी का दावा है कि यह सिस्टम यूनिट से बाहर पानी टपकने की समस्या को कम करने में मदद करता है। एसी को भारत की गर्म और उमस भरी जलवायु को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है ताकि अलग-अलग मौसम में बेहतर कूलिंग मिल सके।
Studio AC 5000 (2026) मॉडल के साथ रिमोट कंट्रोल, माउंटिंग फ्रेम, एक साल की यूनिट वारंटी और कंप्रेसर पर पांच साल की वारंटी दी जा रही है। खास बात यह है कि यह एसी सामान्य 6A घरेलू पावर सॉकेट पर काम कर सकता है और 1200VA प्योर-साइन वेव इन्वर्टर के साथ भी चलाया जा सकता है। इससे यूजर्स को अलग से इलेक्ट्रिकल सेटअप बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी को 1 मिनट में कर देगा दूर.. अभी ट्राई करें 2 रुपये वाला ये जुगाड़