Google Pay यूजर्स की हो गई मौज! अब शॉपिंग भी कराएगा ऐप, बिना खरीदे ट्राई कर सकेंगे कपड़े, जानें कैसे काम करेगा नया फीचर

Google Pay यूजर्स की हो गई मौज! अब शॉपिंग भी कराएगा ऐप, बिना खरीदे ट्राई कर सकेंगे कपड़े, जानें कैसे काम करेगा नया फीचर

Google Pay New Feature: भारत में UPI पेमेंट के लिए इस्तेमाल होने वाले Google Pay में नया ‘Discover’ टैब पेश किया जा रहा है। इसकी मदद से यूजर्स पेमेंट ऐप पर ही फैशन और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स एक्सप्लोर कर सकेंगे। खास बात यह है कि यूजर्स कुछ चुनिंदा कपड़ों को अपनी फोटो पर वर्चुअली ट्राई करके भी देख पाएंगे। फिलहाल, यह फीचर भारत में सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। कंपनी इस पायलट प्रोग्राम के जरिए यूजर्स का फीडबैक लेकर फीचर को बेहतर बनाने की तैयारी में है।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

Google Pay के Discover टैब में क्या मिलेगा?

Google के मुताबिक, Discover टैब में यूजर्स की पसंद के आधार पर फैशन और कपड़ों से जुड़े प्रोडक्ट्स का क्यूरेटेड फीड मिलेगा। इसके लिए कंपनी अपने Shopping Graph के 60 अरब से ज्यादा प्रोडक्ट्स वाले कैटलॉग का इस्तेमाल करेगी। इसमें YouTube वीडियो, विजुअल सर्च और वर्चुअल ट्राई-ऑन जैसी टेक्नोलॉजी भी शामिल होंगी। यूजर्स की सहमति से उपलब्ध Google एक्टिविटी के आधार पर उन्हें प्रासंगिक YouTube वीडियो भी दिखाए जा सकते हैं। इस पूरे अनुभव को Google AI की मदद से तैयार किया गया है।

फोटो से वर्चुअली ट्राई कर सकेंगे आउटफिट

इस फीचर का सबसे खास हिस्सा ‘Try on you’ विकल्प है। इसके जरिए यूजर्स किसी चुनिंदा कपड़े को खरीदने से पहले अपनी फोटो पर देखकर अंदाजा लगा सकेंगे कि वह उन पर कैसा दिखेगा और किस तरह ड्रेप होगा। भविष्य में कंपनी पहले से तैयार डेली लुक्स ट्राई करने और आउटफिट के सुझाव पाने की सुविधा भी दे सकती है।

इसके अलावा, यूजर्स अपनी पसंद का प्रोडक्ट खोजने के लिए तस्वीर अपलोड कर सकेंगे या किसी आइटम को रियल टाइम में स्कैन कर सकेंगे। इसके बाद इंटरनेट पर मौजूद मिलते-जुलते प्रोडक्ट्स तलाशने में मदद मिलेगी।

Google Pay पर ऐसे इस्तेमाल करें नया फीचर

अगर आपके ऐप में Discover टैब उपलब्ध है, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें:

  1. Google Pay खोलें और नीचे मौजूद ‘Discover’ टैब पर टैप करें।
  2. फीड में से अपनी पसंद का कपड़ा या दूसरा प्रोडक्ट चुनें।
  3. प्रोडक्ट की लिस्टिंग में उसका कलर, साइज और अन्य जानकारियां देखें।
  4. ‘Try on you’ विकल्प चुनें और अपनी फोटो अपलोड करके कपड़े को वर्चुअली ट्राई करें।

मिलते-जुलते प्रोडक्ट्स खोजने के लिए Google Lens आइकन का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

प्रोडक्ट्स और पसंदीदा लुक कर सकेंगे सेव

यूजर्स पसंद आए प्रोडक्ट्स को बाद में देखने के लिए ‘Saved Items’ पेज पर सेव कर सकते हैं। Try-On फीचर से तैयार किए गए लुक को भी सेव करने का विकल्प मिलेगा। बेहतर नतीजों के लिए अपनी फोटो अपडेट की जा सकती है। इसके अलावा, यूजर्स फीड को बेहतर बनाने के लिए फीडबैक दे सकते हैं और सुझाए गए प्रोडक्ट्स या वीडियो में समस्या होने पर उन्हें रिपोर्ट भी कर सकते हैं।

फीचर इस्तेमाल करने के लिए जरूरी शर्तें

Google Pay का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करने के बाद यूजर्स देख सकते हैं कि उनके अकाउंट में Discover टैब आया है या नहीं। हालांकि, फिलहाल सीमित रोलआउट के कारण यह सभी यूजर्स को नहीं मिलेगा। फीचर इस्तेमाल करने के लिए पर्सनल Google अकाउंट से साइन इन करना और Web & App Activity व Search Personalisation सेटिंग्स चालू रखना जरूरी है।

ध्यान दें कि Google Pay पर प्रोडक्ट एक्सप्लोर करने और वर्चुअली ट्राई करने के बाद खरीदारी पूरी करने के लिए यूजर्स को संबंधित सेलर की वेबसाइट पर भेजा जाएगा। फिलहाल कंपनी इस फीचर की टेस्टिंग कर रही है और यूजर्स के फीडबैक के आधार पर इसमें बदलाव किए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Panchayat Season 5 OTT Release: कब और कहाँ स्ट्रीम की जाएगी ‘पंचायत’! प्लॉट, कास्ट और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म डिटेल्स

Faiza

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile