Gold Rate Today, 22 June 2026: वीकेंड की छुट्टियों के बाद सोमवार को सर्राफा और कमोडिटी बाजार खुलने के साथ ही सोने की कीमतों में नरमी देखने को मिली। घरेलू वायदा बाजार MCX से लेकर अलग-अलग बुलियन प्लेटफॉर्म तक, लगभग हर जगह गोल्ड रेट में गिरावट दर्ज की गई है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार सुबह 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 1.39 प्रतिशत यानी 2,070 रुपये टूटकर 1,47,239 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 1,49,309 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
वहीं, इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सोमवार सुबह 24 कैरेट सोने का भाव 1,44,970 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। दूसरी ओर, बुलियन्स के आंकड़ों में इसकी कीमत 1,47,550 रुपये प्रति 10 ग्राम बताई गई है। गुडरिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,46,230 रुपये प्रति 10 ग्राम है। जबकि अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार टैक्स सहित 24 कैरेट सोने की कीमत 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार चौथे दिन गिरावट देखने को मिली थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,840 रुपये सस्ता होकर 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे एक दिन पहले यानी गुरुवार को इसकी कीमत 1,53,440 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
वैश्विक बाजारों में भी सोने पर दबाव बना रहा। अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोना 60.70 डॉलर यानी 1.44 प्रतिशत फिसलकर 4,148.45 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। शुक्रवार को कारोबार समाप्त होने तक दिल्ली बाजार में सोने का भाव 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि पिछले सत्र में यह 1,53,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी सोमवार को कमजोरी देखने को मिली। दो दिन बाद बाजार खुलने पर MCX में सिल्वर फ्यूचर्स लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। सोमवार सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का वायदा भाव 2.04 प्रतिशत यानी 4,836 रुपये गिरकर 2,32,736 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले कारोबारी दिन इसका बंद भाव 2,37,572 रुपये प्रति किलोग्राम था।
वहीं, बुलियन्स के मुताबिक चांदी की कीमत 2,33,850 रुपये प्रति किलोग्राम है। गुडरिटर्न्स ने सिल्वर का रेट 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम बताया है। दूसरी ओर, इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सोमवार सुबह चांदी का भाव 2,31,973 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। जबकि अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक सभी टैक्स मिलाकर चांदी की कीमत 2,40,700 रुपये प्रति किलोग्राम है।
पिछले कारोबारी दिन दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में तेज गिरावट दर्ज की गई थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार सिल्वर 8,040 रुपये सस्ती होकर 2,40,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो करीब दो महीनों का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है। इससे पहले इसका बंद भाव 2,48,740 रुपये प्रति किलोग्राम था।
यह भी पढ़ें: महंगे-महंगे 4K QLED Smart TVs हो गए बेहद सस्ते, इस जगह मिल रही सुनहरी डील