यूँ तो भारत में फ़ूड डिलीवरी सर्विस वाली बहुत सारी कम्पनियां पहले से ही मौजूद हैं, जिनमें Zomato और Swiggy प्रमुख हैं, लेकिन अब ई-कॉमर्स प्लेटफार्म Flipkart भी जल्द ही भारत में खाने की डिलीवरी सेवा शुरू कर सकती है। जी हाँ फ्लिपकार्ट ने हाल ही में फ़ूड डिलीवरी सर्विस की टेस्टिंग शुरू की है। सामने आई टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अक्टूबर के आखिर तक इस सेवा को शुरू करने की तैयारी कर रही है। फ्लिपकार्ट अपनी इस फ़ूड डिलीवरी सर्विस के ज़रिये जोमाटो और स्विग्गी जैसी प्रमुख कंपनियों को टक्कर दे सकती है। फ़िलहाल के लिए फ्लिपकार्ट की फ़ूड डिलीवरी सर्विस की टेस्टिंग बेंगलुरु में की जा रही है। इस सेवा का नाम ‘ईट-इन बाय मिनट्स’ बताया जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके लॉन्च की तारीख की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।
फ्लिपकार्ट फिलहाल नई सेवा की टेस्टिंग अपने कर्मचारियों के बीच कर रही है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस टेस्टिंग के लिए शुरुआत में कुछ सौ कर्मचारियों को इसमें शामिल किया गया था, लेकिन अब करीब 8,000 कर्मचारी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। फ्लिपकार्ट के खरीदारी ऐप में इसके लिए अलग विकल्प भी दिया गया है। कंपनी अपनी इस सेवा के जरिए ग्राहकों तक रेस्टोरेंट का खाना पहुंचाना चाहती है। फ्लिपकार्ट समूह के प्रमुख कल्याण कृष्णमूर्ति ने इस साल जुलाई में ही खाने की डिलीवरी शुरू करने की योजना बताई थी।
सामने आयी कुछ रिपोर्ट के अनुसार, फ्लिपकार्ट अपनी नई सेवा में ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) से जुड़े रेस्टोरेंट का खाना भी उपलब्ध करा सकती है। इसी के साथ कंपनी सीधे रेस्टोरेंट से जुड़कर भी ग्राहकों को विकल्प देगी। खाना पहुंचाने के लिए फ्लिपकार्ट की लॉजिस्टिक्स कंपनी ईकार्ट के जरिए अलग डिलीवरी टीम को तैयार किया गया है। यह टीम कंपनी की दूसरी डिलीवरी सेवाओं से अलग काम करेगी। बेंगलुरु में कुछ डिलीवरी कर्मचारियों को इस सेवा के नाम वाली टी-शर्ट में देखा गया है।
भारत में खाने की ऑनलाइन डिलीवरी के कारोबार में अभी जोमैटो और स्विगी का बेहद भारी दबदबा है। बता दें कि केन रिसर्च के अनुसार, 2024 में जोमैटो की बाजार में करीब 58 प्रतिशत और स्विगी की लगभग 34 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। अब फ्लिपकार्ट भी इस कारोबार में अपना सिक्का जमाने कि तैयारी कर रही है। Flipkart द्वारा उठाये गए इस बड़े कदम से दोनों कंपनियों को नई चुनौती मिल सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में ऑनलाइन खाना मंगाने का बाजार हर साल 18 से 20 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें: SBI के हजारों ग्राहकों का डेटा हुआ लीक.. कहीं आपका नाम-पता तो रडार पर नहीं, देखें कंपनी का बयान