Department of Telecommunications यानी DoT ने देशभर के मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है. सरकार ने चेतावनी दी है कि अगर किसी कॉल में खुद को इंटरनेशनल कॉल बताया जा रहा है लेकिन नंबर +91 से शुरू हो रहा है, तो यूजर्स को तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए.
DoT के मुताबिक +91 भारत का Country Code है और असली विदेशी कॉल हमेशा उसी देश के कोड के साथ दिखाई देती है जहां से कॉल की जा रही होती है. ऐसे में +91 के साथ आने वाली “इंटरनेशनल कॉल” बड़ा धोखा हो सकती है. सरकार ने यह चेतावनी ऐसे समय जारी की है जब देशभर में Spoofed Calls और टेलीकॉम फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.
DoT ने X पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि अगर +91 नंबर से कोई कॉल खुद को इंटरनेशनल बता रही है, तो यह पहला Red Flag माना जाना चाहिए. सरकार के मुताबिक साइबर ठग अब Caller ID Spoofing तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं. इस तकनीक की मदद से वे फोन नंबर बदलकर उसे भरोसेमंद दिखाने की कोशिश करते हैं ताकि लोग आसानी से जाल में फंस जाएं.
कई मामलों में ठग खुद को बैंक अधिकारी, टेलीकॉम विभाग, कूरियर कंपनी या पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डराने की कोशिश करते हैं. इन कॉल्स का मकसद लोगों में घबराहट पैदा करना होता है ताकि वे जल्दबाजी में अपनी निजी जानकारी साझा कर दें.
सरकारी एडवाइजरी के अनुसार ऐसे फ्रॉड कॉल्स का इस्तेमाल अक्सर बैंक फ्रॉड और पहचान चोरी के लिए किया जाता है. साइबर अपराधी लोगों से OTP, बैंक डिटेल, पासवर्ड और दूसरी संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं.
कई मामलों में लोगों को फर्जी SIM बंद होने की धमकी दी जाती है. कुछ यूजर्स को नकली पार्सल केस या कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया जाता है. कुछ कॉल्स में लोगों को फर्जी लिंक पर भेजा जाता है या नकली सपोर्ट सर्विस से जोड़ दिया जाता है.
Sanchar Saathi प्लेटफॉर्म के जरिए यूजर्स संदिग्ध कॉल्स और टेलीकॉम फ्रॉड की शिकायत कर सकते हैं. इस सरकारी प्लेटफॉर्म पर चोरी हुए फोन ब्लॉक करने और दूसरी डिजिटल सुरक्षा सेवाएं भी उपलब्ध हैं. सरकार लगातार साइबर सुरक्षा और टेलीकॉम फ्रॉड को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है ताकि लोग ऐसे स्कैम से बच सकें.
यह भी पढ़ें: रिस्क पर Android फोन की सिक्योरिटी, क्या आपको इस्तेमाल करना चाहिए एंटी-वायरस? समझ लें मुद्दे की बात