WWDC 2026: Apple ने लॉन्च की ‘जादुई’ Siri AI, आपके इशारों पर करेगी काम

अगर आप आईफोन (iPhone) या मैक (Mac) यूजर हैं, तो आपने कभी न कभी सिरी (Siri) का इस्तेमाल ज़रूर किया होगा। ‘Hey Siri, अलार्म लगा दो’ या ‘गाना बजा दो’ जैसे छोटे-मोटे कामों के लिए तो सिरी ठीक थी, लेकिन जब भी हम इससे कोई पेचीदा काम या लंबी बातचीत करने की कोशिश करते थे, तो यह हाथ खड़े कर देती थी। कई बार तो ऐसा लगता था कि सिरी (Siri) हमारी बात समझने के बजाय सिर्फ इंटरनेट सर्च के नतीजे ही हमें थमा देती है।

लेकिन अब सिरी को कमज़ोर समझने की भूल कतई मत कीजिएगा! एप्पल (Apple) ने अपने सालाना इवेंट WWDC 2026 में सिरी (Siri) का पूरी तरह से कायाकल्प कर दिया है। एप्पल ने दुनिया के सामने पेश की है Siri A, जो सिर्फ एक नया अपडेट नहीं है, बल्कि सिरी (Siri) को पूरी तरह से दोबारा बनाया गया है जिसके दिल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) धड़कता है। अब यह सिर्फ एक वॉयस असिस्टेंट नहीं, बल्कि आपकी हर छोटी-बड़ी निजी ज़रूरत को समझने वाला एक सच्चा एआई साथी (AI Companion) बन चुकी है। आइए जानते हैं कि इस नए अवतार में सिरी (Siri) आपके कौन-कौन से काम चुटकियों में करने वाली है।

Siri अब हो चुकी है कुछ ज्यादा ही अड्वान्स

अभी तक जब हम सिरी से कुछ पूछते थे, तो काम होने के बाद वह स्क्रीन से गायब हो जाती थी। पुरानी बातचीत का कोई रिकॉर्ड नहीं होता था। लेकिन एप्पल ने इस बार खेल बदल दिया है। अब आपके एप्पल डिवाइसेज में सिरी का एक डेडिकेटेड सिरी ऐप (Dedicated Siri App) आपको मिलने वाला है।

इस ऐप की सबसे बड़ी यूटिलिटी यह है कि आप अपनी पुरानी बातचीत (Conversation History) को जब चाहें दोबारा देख सकते हैं या वहीं से नई बात शुरू कर सकते हैं। सबसे खास बात? प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए आपकी यह पूरी चैट हिस्ट्री आईक्लाउड (iCloud) के ज़रिए पूरी तरह सुरक्षित और प्राइवेट तरीके से सिरी (Siri) के साथ सिंक रहेगी, यानी आपका डेटा आपके पास ही रहेगा।

अब आपको हर बार को झट से समझ जाएगी Siri!

सिरी अब इतनी समझदार हो चुकी है कि वह आपके फोन में मौजूद आपके पर्सनल कॉन्टेक्स्ट और डेटा को गहराई से पढ़ सकती है। एप्पल ने इवेंट में जो लाइव डेमो दिखाए, वे वाकई होश उड़ाने वाले थे। सिरी अब आपके मैसेजेस से जानकारी निकाल सकती है, आपकी पुरानी फोटोज़ से डिटेल्स ढूंढ सकती है, और यहाँ तक कि आपकी स्क्रीन पर इस वक्त क्या चल रहा है (On-Screen Content), उसे देखकर भी आपके सवालों के जवाब दे सकती है।

इसकी ताकत का अंदाज़ा आप एप्पल के इस लाइव उदाहरण से लगाइए: सिरी ने खुद एक मैसेज में आ रही परेशानी को ढूंढा, उसका समाधान इंटरनेट पर खोजा, फिर कांट्रैक्टर को भेजने के लिए खुद एक ईमेल ड्राफ्ट किया और उसे सेंड करने के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया! इसके अलावा, यदि आप दोस्तों के साथ कोई ‘वॉच पार्टी’ रख रहे हैं, तो सिरी आपके पुराने मैसेजेस और वेब सर्च को मिलाकर आपके लिए पूरा फूड मेन्यू तक तैयार कर सकती है। अब आपको एक ऐप से दूसरे ऐप में बार-बार स्विच करने की कोई ज़रूरत नहीं होगी।

एकदम नया इंटरफ़ेस और Visual Intelligence एक साथ

दिखने में भी नई सिरी (Siri) अब बिल्कुल बदल चुकी है। अब आप इसे डायनेमिक आइलैंड (Dynamic Island), एक्शन बटन को लॉन्ग प्रेस करके या सीधे नए सिरी ऐप से बुला सकते हैं। मैक यूज़र्स (macOS) के लिए इसे सीधे स्पॉटलाइट के अंदर इंटीग्रेट कर दिया गया है, जिससे डेस्कटॉप पर काम करते-करते ही आप एआई एक्शन्स ले पाएंगे।

इतना ही नहीं, सिरी की आवाज़ को अब बहुत अधिक नैचुरल और एक्सप्रेसिव बना दिया गया है। अब आप इसकी आवाज़ में बारीक बदलाव (Micro-adjustments) भी कर सकते हैं। डिक्टेशन को इतना सटीक बना दिया गया है कि कारप्ले (CarPlay) जैसी जगहों पर भी यह बिना किसी गलती के बड़े-छोटे अक्षरों (Capitalization) का पूरा ध्यान रखेगी।

केवल iPhone पर ही नहीं मिलेगा Siri का जादू!

एप्पल ने साफ कर दिया है कि सिरी एआई का यह जलवा सिर्फ आईफोन और मैक तक सीमित नहीं रहेगा। यह अपडेट Apple Watch (watchOS) के लिए बिल्कुल नए डिज़ाइन के साथ आ रहा है। वहीं Apple Vision Pro (visionOS) के यूज़र्स तो बिना कुछ बोले, सिर्फ उस चमकदार सिरी ‘ऑर्ब’ (Orb) की तरफ देखकर ही 3D विज़ुअलाइज़ेशन के ज़रिए सिरी से बात कर पाएंगे। इसके साथ ही, एप्पल इंटेलिजेंस के नए राइटिंग टूल्स आपके टेक्स्ट को प्रूफरीड और रिफाइन भी करेंगे।

कुल मिलाकर, एप्पल ने इस बार सिरी को एक ऐसा एआई साथी बना दिया है जो न सिर्फ आपकी बात सुनता है, बल्कि आपकी स्क्रीन, आपकी ज़रूरतों और आपकी दुनिया को बखूबी समझता है।

यह भी पढ़ें: WWDC 2026 में Apple ने किये बड़े ऐलान; Liquid Glass से लेकर macOS Golden Gate तक सब कुछ

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life.

Connect On :