Apple के इस फीचर में है बड़ी खामी! लीक हो सकती है यूजर्स की जानकारी, हैकर्स उठा सकते हैं फायदा

HIGHLIGHTS

Apple Hide My Email फीचर पर बड़ा सवाल

रिपोर्ट में असली ईमेल लीक होने का दावा

Apple की ओर से अभी तक नहीं आया जवाब

Apple का Hide My Email फीचर लंबे समय से यूजर्स की ऑनलाइन प्राइवेसी की सुरक्षा के लिए एक भरोसेमंद टूल माना जाता रहा है. कंपनी ने इसे WWDC 2021 के दौरान iOS 15, iPadOS 15 और macOS Monterey के साथ पेश किया था. यह फीचर यूजर्स को अपनी असली ईमेल आईडी छिपाकर अस्थायी (Disposable) ईमेल एड्रेस इस्तेमाल करने की सुविधा देता है.

हालांकि अब एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस फीचर में ऐसी सुरक्षा खामी मौजूद है, जिसकी मदद से हमलावर यूजर्स का असली ईमेल पता पता लगा सकते हैं.

सुरक्षा शोधकर्ता ने किया बड़ा दावा

404 Media की रिपोर्ट के अनुसार, साइबर सुरक्षा शोधकर्ता Tyler Murphy ने Apple के Hide My Email फीचर में एक गंभीर कमजोरी खोजी है. उनका दावा है कि उन्होंने इस बग की जानकारी Apple को एक साल से भी अधिक समय पहले दे दी थी.

Murphy के मुताबिक उनकी टीम ने एक्सपर्ट्स के साथ किए गए टेस्टिंग में इस खामी का सफलतापूर्वक फायदा उठाया. उन्होंने दावा किया कि परीक्षण के दौरान इस्तेमाल किए गए लगभग सभी Hide My Email एड्रेस इस कमजोरी से प्रभावित पाए गए. हालांकि सुरक्षा कारणों से शोधकर्ता ने इस बग की तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, ताकि Apple के समाधान जारी करने से पहले इसका गलत इस्तेमाल न हो सके.

क्या है Hide My Email फीचर?

Hide My Email फीचर यूजर्स को एक अस्थायी ईमेल एड्रेस उपलब्ध कराता है, जो उनकी वास्तविक ईमेल आईडी पर मेल फॉरवर्ड करता है. इससे वेबसाइट, ऐप और विज्ञापन कंपनियों को यूजर की असली ईमेल आईडी का पता नहीं चलता और उसकी पहचान सुरक्षित रहती है.

अगर रिपोर्ट में बताई गई खामी सही साबित होती है, तो यह फीचर इस्तेमाल करने वाले लोगों की प्राइवेसी प्रभावित हो सकती है. शोधकर्ता का कहना है कि यदि असली ईमेल एड्रेस सामने आ जाता है, तो उसे अन्य सार्वजनिक जानकारी के साथ जोड़कर यूजर की पहचान आसानी से की जा सकती है.

Apple ने अभी तक नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

फिलहाल Apple ने इस कथित सुरक्षा खामी पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. रिपोर्ट के मुताबिक TechCrunch ने भी Apple से इस मामले में प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला. ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि Apple ने इस समस्या की पुष्टि की है या नहीं, यह कितने यूजर्स को प्रभावित करती है और इसका समाधान कब जारी किया जाएगा.

पहले भी उठ चुके हैं प्राइवेसी पर सवाल

यह पहला मौका नहीं है जब Apple की प्राइवेसी सुविधाओं पर सवाल उठे हों. साल 2022 में रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि कुछ iPhone ऐप्स, यूजर द्वारा iPhone Analytics बंद करने के बाद भी एनालिटिक्स डेटा भेज रहे थे. इसके अलावा 2023 में शोधकर्ताओं के एक समूह ने Apple की एक अन्य प्राइवेसी तकनीक की भी जांच की थी, जिसमें Wi-Fi MAC Address सुरक्षा से जुड़ी संभावित कमजोरियों को परखा गया था.

यूजर्स को क्या करना चाहिए?

फिलहाल इस बात के कोई सबूत नहीं हैं कि इस कथित कमजोरी का बड़े स्तर पर गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. चूंकि तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, इसलिए यूजर्स यह भी जांच नहीं कर सकते कि उनका Hide My Email एड्रेस प्रभावित है या नहीं.

जब तक Apple इस मामले पर आधिकारिक जानकारी या सुरक्षा अपडेट जारी नहीं करता, तब तक यूजर्स को सतर्क रहने, अपने Apple डिवाइस को हमेशा अपडेट रखने और संवेदनशील अकाउंट्स के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय जैसे Two-Factor Authentication (2FA) का इस्तेमाल जारी रखने की सलाह दी जाती है.

यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra से पहले सरकार की बड़ी चेतावनी, हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर हो रहा बड़ा स्कैम, ऐसे रहें सावधान

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :