250 सालों के लिए जमीन में दबाया गया iPhone 17 Pro Max, सुरक्षित रखी गई ये जानकारी, क्या तब तक रहेगा सेफ?
250 साल बाद खुलेगा अमेरिका का टाइम कैप्सूल
अंदर रखा गया है iPhone 17 Pro Max
AI ने भी बताई साल 2276 की दुनिया
अमेरिका ने अपनी आजादी के 250 साल पूरे होने के मौके पर एक अनोखा कदम उठाया है. 4 जुलाई 2026 को फिलाडेल्फिया में करीब 408 किलोग्राम वजनी स्टेनलेस स्टील का एक विशाल टाइम कैप्सूल जमीन में दफनाया गया. इस कैप्सूल को अब सीधे साल 2276 में खोला जाएगा, यानी आज से पूरे 250 साल बाद.
Surveyइस खास कैप्सूल में ऐसी कई चीजें रखी गई हैं, जो साल 2026 की दुनिया और लोगों की जिंदगी की झलक दिखाती हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा Apple के iPhone 17 Pro Max (Cosmic Orange) की हो रही है.
टाइम कैप्सूल में iPhone 17 Pro Max
iPhone 17 Pro Max को इस टाइम कैप्सूल में सिर्फ एक स्मार्टफोन के तौर पर नहीं रखा गया है, बल्कि इसे आज की डिजिटल जिंदगी की पहचान माना गया है. आयोजकों के मुताबिक, फोन के Notes ऐप में कई डिजिटल रिकॉर्ड और जानकारी भी सेव की गई है, ताकि भविष्य के लोग जान सकें कि 2026 में इंसानों की जिंदगी कैसी थी.
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि 250 साल बाद इस iPhone का काम करना लगभग असंभव होगा. इसकी वजह इसमें इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी है, जो समय के साथ पूरी तरह खराब हो जाती है. फिर भी अगर भविष्य में किसी तकनीक की मदद से इसे चालू किया जा सका, तो लोग इसमें मौजूद फोटो, नोट्स और दूसरी डिजिटल फाइलों को देख सकेंगे.
सोचिए, जब यह टाइम कैप्सूल खुलेगा तब अमेरिका अपनी स्थापना के 500 साल पूरे कर चुका होगा. जिस तरह 250 साल पहले दुनिया में सिर्फ स्टीम इंजन का दौर शुरू हुआ था और टेलीग्राफ तक नहीं आया था, उसी तरह अगले 250 वर्षों में तकनीक कितनी बदल जाएगी, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है.

AI की भविष्यवाणी
इस टाइम कैप्सूल की एक और खास चीज कैलिफोर्निया की ओर से भेजी गई AI की भविष्यवाणी है. राज्य ने Anthropic के Claude AI से पूछा था कि 4 जुलाई 2276 को कैलिफोर्निया कैसा होगा? AI ने जवाब में कल्पना की कि भविष्य में हाईवे खत्म हो जाएंगे, ग्रिजली भालू फिर से लौट आएंगे और कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन तथा ब्रिटिश कोलंबिया मिलकर Pacific Federation नाम का नया क्षेत्र बना लेंगे.
इसके अलावा एरिजोना ने नैनो-एच्चिंग तकनीक की मदद से अमेरिकी संविधान और स्वतंत्रता घोषणा पत्र का पूरा टेक्स्ट एक स्टेनलेस स्टील के सिक्के पर उकेरकर भेजा है. वहीं न्यू हैम्पशायर ने अपने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जुड़ा विशेष दस्तावेज शामिल किया है.
टाइम कैप्सूल को खास सिलेंडर आकार में तैयार किया गया है ताकि यह लंबे समय तक सुरक्षित रह सके. इसके ऊपर एक अतिरिक्त स्टेनलेस स्टील सिलेंडर लगाया गया है, जो पानी और नमी से अंदर रखी वस्तुओं की सुरक्षा करेगा. साथ ही भविष्य में इसे आसानी से खोजा जा सके, इसके लिए दफन स्थान को आधिकारिक रिकॉर्ड और विशेष पत्थर से भी चिन्हित किया गया है.
अब पूरी दुनिया की नजर साल 2276 पर होगी, जब यह टाइम कैप्सूल खुलेगा और भविष्य के लोग 2026 की दुनिया की इन ऐतिहासिक निशानियों को पहली बार देखेंगे.
यह भी पढ़ें: Amarnath Yatra से पहले सरकार की बड़ी चेतावनी, हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर हो रहा बड़ा स्कैम, ऐसे रहें सावधान
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
