वॉइस असिस्टेंट की दुनिया में Amazon ने आज एक क्रांतिकारी छलांग लगाई है। पुराने रोबोटिक वॉइस कमांड्स को पीछे छोड़ते हुए कंपनी ने भारत में अपना नेक्स्ट-जेनरेशन जेनेरेटिव एआई पावर्ड असिस्टेंट Alexa+ लॉन्च कर दिया है। यह नया एआई वर्जन एलिजिबल इको स्पीकर्स (Echo Speakers), स्मार्ट डिस्प्ले, फायर टीवी (Fire TV) डिवाइसेज और अलेक्सा मोबाइल ऐप पर उपलब्ध हो चुका है, इसे यहीं से इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह है कि भारतीय यूज़र्स के मिजाज को समझते हुए Alexa+ को लॉन्च के साथ ही अंग्रेजी, हिंदी और हिंग्लिश (Hinglish) का फुल सपोर्ट दिया गया है।
16 सितंबर 2026 से अलेक्सा प्लस को भारत में अर्ली एक्सेस के तौर पर शुरू कर दिया गया है, इस पीरियड के दौरान सभी एलीजिबल ग्राहक इसे बिल्कुल फ्री में इस्तेमाल कर सकते हैं। अर्ली एक्सेस खत्म होने के बाद भी Amazon Prime मेंबर्स के लिए यह सेवा बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के पूरी तरह फ्री रहेगी। वहीं प्राइम लाइट, शॉपिंग एडिशन और नॉन-प्राइम यूज़र्स को या तो स्टैंडर्ड प्राइम मेंबरशिप लेनी होगी या फिर 2,000 रुपये प्रति माह अलग से देने होंगे।
पुराने वर्जन में हर कमांड से पहले अलेक्सा वेक-वर्ड बोलना पड़ता था। Alexa+ में अब आप इंसानों की तरह लगातार बातचीत कर सकते हैं। बीच में टॉपिक बदलने या भाषा (हिंदी से हिंग्लिश या इंग्लिश) स्विच करने पर भी यह पूरी बातचीत का संदर्भ याद रखेगी। अमेजन के अनुसार, अलेक्सा प्लस भारतीय मुहावरों, नाप-तौल की देसी इकाइयों, पारिवारिक रिश्तों (चाचा, मौसी आदि), बॉलीवुड किस्सों, क्रिकेट के आंकड़ों और स्थानीय त्योहारों को गहराई से समझता है।
अब आप एक ही वाक्य में कई काम करवा सकते हैं। उदाहरण के लिए, “अलेक्सा, लिविंग रूम की लाइट बंद करके एसी का तापमान 24 डिग्री कर दो और पंखा ऑन कर दो” यह इसे बिना अटके एक साथ प्रोसेस कर लेगी। इसके साथ Atomberg, Qubo, Dreame और Wipro जैसे भारतीय स्मार्ट होम ब्रांड्स का डीप सपोर्ट दिया गया है। इतना ही नहीं, Alexa+ केवल सवालों के जवाब नहीं देगी, बल्कि आपके लिए सीधे एक्शन लेगी। यह शॉपिंग लिस्ट बनाने, रिव्यू समरी निकालने और डिलीवरी ट्रैक करने में मदद करेगी। जल्द ही इसमें Swiggy, EazyDiner, District by Zomato, MakeMyTrip और TripAdvisor का इंटीग्रेशन आने वाला है, जबकि Amazon Now के जरिए रोजमर्रा का राशन बोलकर मंगवाया जा सकता है।
अलेक्सा प्लस की एआई क्षमताओं को पूरी ताकत देने के लिए अमेजन ने ज्यादा प्रोसेसिंग पावर, मेमोरी और सेंसर्स से लैस नए हार्डवेयर- Echo Show 8, Echo Show 11, Echo Dot Max और Echo Studio भी पेश किए हैं। हालांकि, पुराने सपोर्टेड इको या फायर टीवी डिवाइस वाले यूज़र्स को नया हार्डवेयर खरीदे बिना भी इसका फ्री एक्सपीरियंस मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें: Jio यूज़र्स की चांदी! फेस्टिव सीज़न से पहले ही कंपनी ने दिया बड़ा तोहफा, सालभर फ्री मिलेगा Canva Pro