Dhurandhar: The Revenge ने मार्च 2026 में रिलीज होने के बाद से लगातार सुर्खियां बटोरी हैं। रणवीर सिंह स्टारर इस स्पाई थ्रिलर ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दुनियाभर में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। अब यह ब्लॉकबस्टर फिल्म OTT रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म इसी हफ्ते नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रही है, हालांकि फिलहाल भारत में इसे इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
नेटफ्लिक्स की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, धुरंधर 2 को 14 मई 2026 से इंटरनेशनल मार्केट में स्ट्रीम किया जाएगा। कुछ देशों और टाइम जोन में दर्शकों को यह फिल्म 15 मई से उपलब्ध हो सकती है। फिल्म को “रॉ एंड अनदेखा” टैगलाइन के साथ रिलीज किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओटीटी वर्जन का रनटाइम लगभग 3 घंटे 52 मिनट होगा। इसमें अनसेंसर्ड गालियां, कुछ अतिरिक्त फुटेज और संभावित तौर पर एक्सटेंडेड क्रेडिट्स भी देखने को मिल सकते हैं।
वहीं दूसरी ओर, कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भारत में धुरंधर 2 की स्ट्रीमिंग 14 मई से JioHotstar पर हो सकती है।
हालांकि मेकर्स की ओर से अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन फिल्म से जुड़े एक हालिया कोर्ट केस के दौरान इसकी डिजिटल रिलीज टाइमलाइन का संकेत मिला। विवाद फिल्म के क्लाइमैक्स में इस्तेमाल किए गए गाने ‘तिरछी टोपीवाले’ गाने के रीमिक्स वर्जन को लेकर शुरू हुआ था, जिसे फिल्म में ‘रंग दे लाल’ नाम से इस्तेमाल किया गया। बताया जा रहा है कि ओरिजनल गाने वाली फिल्म Tridev के निर्देशक और निर्माता राजीव राय ने बिना अनुमति गाना इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट में सुनवाई के दौरान फिल्म के निर्माताओं ने कहा कि Dhurandhar: The Revenge मई के मध्य से पहले ओटीटी पर रिलीज नहीं होगी। यह बड़े बजट की फिल्मों के थिएटर और डिजिटल रिलीज के बीच आमतौर पर रखे जाने वाले 8 से 10 हफ्तों के अंतराल के अनुरूप है। फिल्म 14 मई को सिनेमाघरों में अपने आठ सप्ताह पूरे कर लेगी। गौरतलब है कि फिल्म का पहला भाव नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ था, जबकि इसका सीक्वल भारत में अलग प्लेटफॉर्म JioHotstar पर आने की संभावना है।
Dhurandhar: The Revenge में रणवीर सिंह के अलावा सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, राकेश बेदी और संजय दत्त अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। सात हफ्तों बाद भी फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है।
Sacnilk.com की हालिया ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अपने आठवें शनिवार को कलेक्शन में 114.3 प्रतिशत की बड़ी बढ़त दर्ज की। 710 शोज से फिल्म ने 0.90 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि 51वें दिन इसका कलेक्शन 0.42 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही आदित्य धर की इस स्पाई थ्रिलर का भारत में नेट कलेक्शन अब 1,141.99 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि इंडिया ग्रॉस कलेक्शन लगभग 1,366.79 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Gold Silver Prices Today (11 मई 2026): सोमवार को सोने के दामों में मामूली गिरावट, चांदी 2.61 लाख के पार