सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘Jailer 2’ ने सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन किया है। अब फिल्म की OTT रिलीज को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। खबरों के मुताबिक, फिल्म का डिजिटल वर्जन थिएटर में रिलीज हुई फिल्म से करीब 30 मिनट लंबा हो सकता है। इसमें कुछ ऐसे अतिरिक्त सीन भी देखने को मिल सकते हैं, जिन्हें कथित तौर पर सिनेमाघरों में रिलीज किए गए फाइनल कट से हटा दिया गया था। खास बात यह है कि इन दृश्यों में मोहनलाल, संथानम, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन जैसे बड़े सितारों की झलक मिल सकती है। हालांकि, मेकर्स या OTT प्लेटफॉर्म की ओर से अभी तक एक्स्ट्रा फुटेज वाले वर्जन की पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘जेलर 2’ को 12 नवंबर से Amazon Prime Video पर स्ट्रीम किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि मेकर्स और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के बीच थिएटर रिलीज के चार हफ्ते बाद डिजिटल प्रीमियर करने का समझौता हुआ था। फिल्म की OTT रिलीज को लेकर Sun NXT का नाम भी कुछ रिपोर्ट्स में सामने आया है, लेकिन इसके लिए Amazon Prime Video को ही संभावित प्लेटफॉर्म माना जा रहा है।
फिल्म के डिजिटल वर्जन को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता इसके संभावित एक्सटेंडेड कट की वजह से है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, OTT पर करीब 30 मिनट का अतिरिक्त फुटेज देखने को मिल सकता है। इसमें उन कलाकारों के कुछ सीन शामिल होने की संभावना है, जिनकी थिएटर रिलीज में मौजूदगी सीमित रही थी या जिनके सीन कथित तौर पर हटा दिए गए थे।
संथानम फिल्म की शूटिंग पूरी होने के मौके पर जारी किए गए वीडियो में नजर आए थे, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके हिस्से के सीन सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म में शामिल नहीं किए गए। वहीं, मोहनलाल के कुछ दृश्यों को भी फाइनल कट से हटाए जाने की चर्चा थी। इससे केरल में उनके फैन्स निराश बताए गए थे।
विजय सेतुपति के सीन काटे जाने की खबरें भी सामने आई थीं। अब उम्मीद जताई जा रही है कि इनमें से कुछ हिस्सों को OTT के एक्सटेंडेड वर्जन में जगह मिल सकती है। हालांकि, 30 मिनट के अतिरिक्त फुटेज और हटाए गए दृश्यों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘जेलर 2’ का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रजनीकांत की इस फिल्म ने दुनियाभर में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 812 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन 459.70 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ में रजनीकांत के अलावा रम्या कृष्णन, मिर्ना, एसजे सूर्या, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडू, मोहनलाल, शिवराजकुमार और ऋतिक रोशन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जबकि इसका निर्माण Sun Pictures ने किया है।
फिलहाल दर्शकों को फिल्म के OTT प्रीमियर और एक्सटेंडेड कट से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। अगर अतिरिक्त फुटेज की खबर सही साबित होती है, तो डिजिटल रिलीज में दर्शकों को थिएटर वर्जन से कुछ अलग देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: दिवाली सेल में मच गई लूट! Motorola के इन स्मार्टफोन पर मिल रही भारी छूट, Signature से Edge 70 तक लिस्ट में