IMDb पर मिली 9 रेटिंग, 4 एपिसोड की ये सीरीज बार-बार देखते हैं लोग, शुरू करते ही भूल जाएंगे हर टेंशन, हंस-हंस कर होगा बुरा हाल

OTT प्लेटफॉर्म पर ज्यादातर उन वेब सीरीज को लेकर चर्चा होती है, जिनमें अपराध, मर्डर मिस्ट्री, गैंगस्टर, सीरियल किलर और रहस्यमयी घटनाओं का तड़का लगा हो। लेकिन कुछ कहानियां ऐसी भी होती हैं, जिन्हें पसंद करने के लिए दर्शकों को खून-खराबे या चौंका देने वाले ट्विस्ट की जरूरत नहीं पड़ती। ऐसी ही एक सीरीज है 'पंचायत', जिसने अपनी सादगी, शानदार किरदारों और ग्रामीण भारत की वास्तविक झलक के दम पर दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई है। गांव की राजनीति से लेकर आपसी रिश्तों और छोटी-छोटी परेशानियों तक, इस शो में जिंदगी के कई रंग देखने को मिलते हैं। प्राइम वीडियो की इस लोकप्रिय सीरीज के अब तक चार सीजन रिलीज हो चुके हैं, जिनमें कुल 32 एपिसोड हैं। IMDb पर इसे 9 की रेटिंग मिली है।

क्या है वेब सीरीज की कहानी?

'पंचायत' की कहानी उत्तर प्रदेश के फुलेरा नाम के एक काल्पनिक गांव के इर्द-गिर्द बुनी गई है। कहानी का मुख्य किरदार अभिषेक त्रिपाठी है, जिसने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। बेहतर नौकरी नहीं मिलने की वजह से उसे फुलेरा में पंचायत सचिव की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है। शहर में रहकर अपना करियर बनाने की उम्मीद रखने वाले अभिषेक के लिए गांव का माहौल बिल्कुल अलग होता है।

यहां उसे रोजमर्रा की समस्याओं के साथ-साथ बिजली-पानी की किल्लत, विकास कार्यों में रुकावट, स्थानीय राजनीति और ग्रामीणों की अलग-अलग सोच का सामना करना पड़ता है। शुरुआत में गांव में नौकरी करना अभिषेक के लिए किसी मजबूरी से कम नहीं होता, लेकिन वक्त के साथ फुलेरा के लोगों के साथ उसका जुड़ाव बढ़ने लगता है।

प्रधान जी, मंजू देवी, विकास, प्रहलाद चाचा और गांव के अन्य किरदारों के साथ अभिषेक की जिंदगी में कई दिलचस्प मोड़ आते हैं। शो में पंचायत व्यवस्था, सरकारी योजनाओं, बेरोजगारी, दोस्ती और प्रेम जैसे विषयों को हल्के-फुल्के हास्य के साथ पेश किया गया है। यही वजह है कि दर्शकों को इसकी कहानी बनावटी नहीं लगती और फुलेरा का माहौल उन्हें अपनी जिंदगी से जुड़ा महसूस होता है।

4 सीजन, IMDb पर 9 रेटिंग

'पंचायत' का पहला सीजन 3 अप्रैल 2020 को प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ था। इसके बाद कहानी को आगे बढ़ाते हुए तीन और सीजन पेश किए गए। अब तक इस वेब सीरीज के चार सीजन आ चुके हैं और इनमें कुल 32 एपिसोड शामिल हैं। IMDb पर 10 में से 9.0 रेटिंग मिलना इस शो की लोकप्रियता का अंदाजा देता है।

पहले सीजन में दर्शकों को अभिषेक और फुलेरा के बाकी किरदारों से रूबरू कराया गया। दूसरे और तीसरे सीजन में कहानी के साथ किरदारों के बीच रिश्ते भी गहराते गए। वहीं चौथे सीजन में पंचायत चुनाव को लेकर गांव में राजनीतिक हलचल तेज हो जाती है। एक तरफ प्रधान का खेमा है, तो दूसरी तरफ भूषण और उसके समर्थकों की चुनौती। इसके साथ ही अभिषेक के करियर और निजी जिंदगी से जुड़े सवाल भी कहानी का अहम हिस्सा बनते हैं।

दमदार है पूरी स्टार कास्ट

इस सीरीज को खास बनाने में इसके कलाकारों की भूमिका भी काफी अहम है। जितेंद्र कुमार ने अभिषेक त्रिपाठी का मुख्य किरदार निभाया है। एक ऐसे युवा के रूप में उनकी अदाकारी देखने को मिलती है, जो अपनी पढ़ाई और सपनों के बीच गांव की नौकरी में फंस जाता है।

वहीं नीना गुप्ता मंजू देवी और रघुबीर यादव प्रधान जी की भूमिका में नजर आते हैं। फैसल मलिक ने प्रहलाद चाचा और चंदन रॉय ने विकास का किरदार निभाया है। इनके अलावा सान्विका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवर, अशोक पाठक और पंकज झा समेत कई कलाकार भी सीरीज का हिस्सा हैं।

खास बात यह है कि शो की लोकप्रियता किसी एक मुख्य किरदार पर निर्भर नहीं है। हर कलाकार ने अपने किरदार को इस तरह निभाया है कि फुलेरा के लोगों की अपनी अलग पहचान बन गई है। उनकी बातचीत, आपसी नोकझोंक और छोटे-छोटे किस्से कहानी को दर्शकों के लिए दिलचस्प बनाए रखते हैं।

इस दिन आएगा पांचवां सीजन

'पंचायत' के प्रशंसकों के लिए अगला सीजन भी जल्द आने वाला है। सीजन 5 की रिलीज डेट 3 दिसंबर तय की गई है और इसे प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा। नए सीजन का ट्रेलर भी चर्चा में है। इस बार फुलेरा की पंचायत को नई प्रधान मिल गई है, ऐसे में गांव की राजनीति और आपसी समीकरणों में बदलाव देखने को मिल सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नए नेतृत्व के साथ फुलेरा की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile

Recommended Articles