WhatsApp ने iOS यूजर्स के लिए एक नया फीचर पेश किया है, जिससे चैट करते समय स्टिकर भेजना और भी आसान हो जाएगा. अब iPhone यूजर्स जब चैट में कोई इमोजी टाइप करेंगे, तो उसी से जुड़े स्टिकर अपने आप सुझाव के रूप में दिखाई देंगे. इससे यूजर्स को अलग से स्टिकर कीबोर्ड खोलकर अलग-अलग पैक में स्क्रोल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
WhatsApp ने अपने iOS ऐप का नया अपडेट जारी किया है, जिसका वर्जन नंबर 26.8.76 है. इस अपडेट के साथ ऐसा फीचर जोड़ा गया है जो मैसेज टाइप करते समय इमोजी के आधार पर स्टिकर सुझाता है.
जब कोई यूजर चैट बॉक्स में इमोजी टाइप करता है, तो उससे जुड़े स्टिकर तुरंत स्क्रीन पर दिखाई देते हैं. यूजर सीधे उन्हीं में से किसी स्टिकर पर टैप करके उसे भेज सकता है. इससे चैटिंग के दौरान समय बचता है और बातचीत ज्यादा मजेदार बन जाती है. यह फीचर अभी धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है, इसलिए सभी यूजर्स तक पहुंचने में कुछ दिन लग सकते हैं.
इस नए अपडेट के साथ अगर कोई यूजर हंसने वाला इमोजी टाइप करता है, तो उससे जुड़े मजेदार रिएक्शन वाले स्टिकर दिखाई देंगे. वहीं अगर दिल वाला इमोजी लिखा जाता है, तो प्यार या स्नेह से जुड़े स्टिकर सुझाव के रूप में सामने आएंगे.
यूजर्स “Show more results” विकल्प पर टैप करके और ज्यादा स्टिकर देख सकते हैं. इसमें थर्ड-पार्टी स्टिकर पैक भी शामिल हो सकते हैं, जिससे विकल्प और बढ़ जाते हैं.
हाल ही में WhatsApp ने एक और फीचर पेश किया था जिससे नए ग्रुप में जुड़ने वाले सदस्य पुराने मैसेज भी देख सकते हैं. यह फीचर ग्रुप मैसेज हिस्ट्री के नाम से आया है और इससे नए यूजर्स को बातचीत का पूरा संदर्भ समझने में मदद मिलती है.
WhatsApp आने वाले समय में और भी बदलावों पर काम कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी भारतीय यूजर्स के लिए SIM verification यानी SIM binding फीचर तैयार कर रही है. इसके अलावा एक वैकल्पिक प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान भी लाया जा सकता है, जिसे WhatsApp Plus कहा जा रहा है.
यह प्रीमियम प्लान एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकता है और इसमें अतिरिक्त कस्टमाइजेशन और अन्य सुविधाएं मिल सकती हैं.
यह भी पढ़ें: भूल कर भी ऑनलाइन सर्च न करें ये 5 चीजें, सीधे घर पर दस्तक देगी पुलिस, तीसरे केस में तो जमानत भी संभव नहीं!