Jio vs Vi: 3599 रुपये के सालाना प्लान में किसका ऑफर ज्यादा दमदार? देखें पूरी तुलना

By

अगर आप पूरे साल के लिए एक बार रिचार्ज कराकर बार-बार रिचार्ज की झंझट से बचना चाहते हैं, तो Reliance Jio और Vodafone Idea (Vi) दोनों ही 365 दिनों की वैलिडिटी वाला 3,599 रुपये का प्रीपेड प्लान उपलब्ध कराते हैं। हालांकि Vi के पास इस कैटेगरी में कई विकल्प हैं, जबकि Jio सिर्फ दो सालाना प्लान ऑफर करता है। ऐसे में सवाल यह है कि दोनों में से किसका प्लान ज्यादा फायदे का सौदा साबित होता है। आइए दोनों प्लान्स के बेनिफिट्स की तुलना करते हैं।

Jio का 3,599 रुपये वाला प्लान

Jio के 3,599 रुपये के प्रीपेड प्लान में ग्राहकों को पूरे 365 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसके साथ किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, रोजाना 100 SMS और प्रतिदिन 2.5GB हाई-स्पीड डेटा दिया जाता है।

इस प्लान में Jio कुछ अतिरिक्त सुविधाएं भी देता है। यूजर्स को तीन महीने के लिए JioHotstar Mobile+ Hollywood सब्सक्रिप्शन मिलता है। साथ ही 50GB स्टोरेज वाला JioAICloud बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध कराया जाता है।

इसके अलावा ग्राहकों को 18 महीने के लिए Google Gemini Pro का एक्सेस भी मिलता है, जिसकी कुल वैल्यू कंपनी के अनुसार करीब 35,100 रुपये है। 5G नेटवर्क वाले क्षेत्रों में यूजर्स बिना किसी डेटा लिमिट के अनलिमिटेड 5G इंटरनेट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

Vi का 3,599 रुपये वाला प्लान

Vi के इसी कीमत वाले प्लान में पूरे साल की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, रोजाना 100 SMS और प्रतिदिन 2GB डेटा मिलता है।

अतिरिक्त सुविधाओं की बात करें तो कंपनी रोज़ाना रात 12 बजे से दोपहर 12 बजे तक अनलिमिटेड डेटा इस्तेमाल करने की सुविधा देती है। इसके अलावा वीकेंड डेटा रोलओवर का लाभ भी मिलता है, जिससे हफ्ते भर का बचा हुआ डेटा वीकेंड पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

Vi अपने डेटा डिलाइट्स फीचर के तहत हर महीने 2GB बोनस डेटा भी देता है, जिसे Vi ऐप के जरिए क्लेम किया जा सकता है। कंपनी बिना अतिरिक्त शुल्क के 5G डेटा की सुविधा भी उपलब्ध कराती है, लेकिन इसमें एक शर्त है। Vi के 5G नेटवर्क पर हर 28 दिनों में 300GB डेटा तक ही इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसके अलावा इस प्लान के साथ कोई अन्य सब्सक्रिप्शन या अतिरिक्त डिजिटल बेनिफिट नहीं मिलता।

कौन सा प्लान है बेहतर?

अगर दोनों 3,599 रुपये वाले प्लान्स की तुलना की जाए, तो Reliance Jio का प्लान सीधे तौर पर ज्यादा वैल्यू देता है। Jio जहां रोजाना ज्यादा डेटा देता है, वहीं पूरी तरह अनलिमिटेड 5G एक्सेस भी उपलब्ध कराता है। इसके साथ JioHotstar Mobile+ Hollywood, JioAICloud और 18 महीने का Google Gemini Pro जैसे ढेर सारे अतिरिक्त फायदे भी शामिल हैं।

दूसरी ओर, Vodafone Idea अपने प्लान में कुछ डेटा बेनिफिट्स जैसे नाइट अनलिमिटेड डेटा, वीकेंड डेटा रोलओवर और डेटा डिलाइट्स जरूर देता है, लेकिन 5G डेटा पर 300GB प्रति 28 दिन की सीमा लागू है और कोई अतिरिक्त डिजिटल सब्सक्रिप्शन भी शामिल नहीं है।

यही वजह है कि अगर आप 3,599 रुपये में पूरे साल के लिए ज्यादा सुविधाएं और बेहतर वैल्यू चाहते हैं, तो इस तुलना में Reliance Jio का विकल्प ज्यादा मजबूत नजर आता है।

यह भी पढ़ें: Motorola Edge 70 Pro vs Nothing Phone 4a Pro: डिज़ाइन, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By