शाओमी Xiaomi ने अपनी सबसे जानी मानी और जबरदस्त ‘Note’ लाइनअप को बढ़ाते हुए इंडिया के बाजार में दो नए फोन्स को लॉन्च कर दिया है। इन दोनों ही फोन्स को Redmi Note 17 Pro और Redmi Note 17 Pro Max के तौर पर लॉन्च किया गया है। पहली नजर में दोनों ही डिवाइसेज एक जैसे बॉक्सी लुक, फ्लैट प्लास्टिक फ्रेम और स्लिम 8.6mm प्रोफाइल के साथ लगभग जुड़वां लगते हैं, लेकिन ऐसा केवल देखने में ही लगता है, असल में दोनों ही फोन्स के प्राइस और स्पेक्स में खासा अंतर है। हालांकि, दोनों में ही कुछ चीजें एक जैसे जरूर हैं, जैसे दोनों ही मॉडल्स में धूल और पानी से सुरक्षा के लिए IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसी कई एक्सट्रीम वॉटरप्रूफिंग रेटिंग्स के साथ आते हैं। दोनों ही फोन्स की कीमत में लगभग लगभग 13000 रुपये के आसपास का अंतर है, आइए जानते हैं कि क्या आपको Redmi Note 17 Pro को खरीदना चाहिए, या आपको 13000 रुपये ज्यादा देकर Redmi Note 17 Pro Max को अपने घर ले जाना चाहिए। यहाँ आपको दोनों ही फोन्स का अंतर देखने को मिलने वाला है।
डिस्प्ले की बात करें तो शाओमी ने दोनों में कोई अंतर नहीं रखा है। Redmi Note 17 Pro और Redmi Note 17 Pro Max दोनों में ही 6.83-इंच की 1.5K AMOLED स्क्रीन दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 12-बिट कलर डेप्थ (68.7 अरब कलर्स) को सपोर्ट करती है। दोनों ही पैनल्स 3,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस और स्क्रीन सपोर्ट से लैस हैं और दोनों में ही Corning Gorilla Glass Victus 2 का सपोर्ट मिलता है। डिजाइन की बात करें तो सिर्फ बैक कैमरा मॉड्यूल का हल्का अंतर है, Note 17 Pro में स्क्वायर मॉड्यूल के भीतर एक पिल-शेप्ड कैमरा मॉड्यूल मिलता है, जबकि Pro Max में दो अलग-अलग कटआउट्स दिए गए हैं।
परफॉर्मेंस को देखा जाए तो दोनों फोन अलग-अलग प्रोसेसर से लैस हैं। Redmi Note 17 Pro में 4nm आर्किटेक्चर वाला Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर मिलता है, जो 8GB रैम और वेरिएंट के हिसाब से UFS 3.1 या UFS 2.2 स्टोरेज सपोर्ट करता है। वहीं, Redmi Note 17 Pro Max भारत का पहला फोन है जो नए Qualcomm Snapdragon 6 Gen 5 चिपसेट से लैस है। इसके साथ ही इसमें ज्यादा फास्ट 12GB तक LPDDR5X रैम और UFS 4.1 स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है, जो हेवी मल्टीटास्किंग और लंबे गेमिंग सेशंस में प्रो मैक्स को ज्यादा दमदार फोन बना देता है।
बैटरी इस स्मार्टफोन सीरीज की जान है। Redmi Note 17 Pro में 9,000mAh की बड़ी सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो 67W फास्ट चार्जिंग और 22.5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करती है। दूसरी तरफ, Redmi Note 17 Pro Max में शाओमी ने अब तक की सबसे बड़ी 10,000mAh की मॉन्स्टर बैटरी फिट की है, जो पूरे 100W हाइपरचार्ज और 27W रिवर्स चार्जिंग को आसानी से संभाल सकती है। जहां प्रो मॉडल दो से तीन दिन का बैकअप आराम से निकाल सकता है, वहीं प्रो मैक्स पावर-यूज़र्स को बिना चार्जर के कई दिनों के लिए टेंशन की जरूरत नहीं होने वाली।
रियर कैमरा सेटअप दोनों ही स्मार्टफोन्स में बिल्कुल एक जैसा ही है। दोनों के बैक पैनल पर OIS सपोर्ट वाला 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 8-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस मौजूद है, जिसमें नाइट पोर्ट्रेट और एआई ग्लेयर-रिमूवल जैसे फीचर्स शामिल हैं। हालांकि, सेल्फी लवर्स के लिए Pro Max ज्यादा बेहतर है क्योंकि इसमें 32-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जबकि स्टैंडर्ड Pro मॉडल में 16-मेगापिक्सल का सेल्फी शूटर ही मिलता है।
कीमत को देखते हैं तो जानकारी मिलती है कि Redmi Note 17 Pro का बेस 8GB+128GB वेरिएंट 36,999 रुपये और 8GB+256GB मॉडल 39,999 रुपये में आता है। वहीं, Redmi Note 17 Pro Max का 8GB+256GB वेरिएंट 49,999 रुपये और टॉप-एंड 12GB+256GB मॉडल 55,999 रुपये के प्राइस में लॉन्च हुआ है। दोनों ही फोन्स पर क्रमश 3000 रुपये और 5000 रुपये का बैंक डिस्काउंट मिलने वाला है।
आसान शब्दों में कहें तो अगर आपको केवल एक ब्राइट 1.5K डिस्प्ले, सॉलिड रियर कैमरा और दो दिन से ज्यादा चलने वाली 9,000mAh बैटरी चाहिए, तो Redmi Note 17 Pro आपके लिए लगभग 13,000 रुपये बचाने वाला सबसे बेस्ट ऑप्शन हो सकता है, लेकिन अगर आप बिल्कुल लेटेस्ट 10,000mAh सिलिकॉन बैटरी, 100W की तूफानी चार्जिंग, बेहतर 32MP सेल्फी कैमरा और Snapdragon 6 Gen 5 की रफ्तार से लैस फोन लेना चाहते हैं तो आपको Redmi Note 17 Pro Max के साथ जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: Redmi Note 17 Pro Max vs Motorola Edge 70 Pro+ vs Oppo Reno 16c: स्पेक्स और कीमत की तुलना