Realme 16T vs Realme 16: डिस्प्ले, कैमरा, कीमत और अन्य की तुलना

Realme 16T vs Realme 16: डिस्प्ले, कैमरा, कीमत और अन्य की तुलना

स्मार्टफोन खरीदते समय अक्सर एक ही सीरीज के दो मॉडल्स के बीच चुनाव करना मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही कुछ Realme 16T और Realme 16 के साथ भी है। दोनों फोन नाम से एक जैसे लगते हैं, लेकिन फीचर्स और उपयोग के मामले में काफी अलग हैं। जहां नया लॉन्च हुआ Realme 16T को लंबी बैटरी लाइफ और मजबूत बिल्ड के साथ पावर यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, वहीं Realme 16 प्रीमियम डिजाइन, बेहतर कैमरा और ज्यादा दमदार डिस्प्ले के साथ आता है। ऐसे में कौन-सा फोन आपके लिए सही रहेगा, आइए विस्तार से समझते हैं।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

Realme 16T vs Realme 16

डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी

दोनों स्मार्टफोन एक ही सीरीज का हिस्सा होने के बावजूद अलग डिजाइन अप्रोच के साथ आते हैं। Realme 16T का वजन 224 ग्राम है और इसमें मजबूत प्लास्टिक बॉडी के साथ मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी दी गई है। कंपनी के अनुसार यह फोन गिरने पर बेहतर सुरक्षा देता है और 2.5 मीटर तक की वाटर रेजिस्टेंस क्षमता के साथ आता है।

दूसरी ओर, Realme 16 ज्यादा स्लिम और प्रीमियम लुक वाला स्मार्टफोन है। इसका वजन सिर्फ 183 ग्राम है और इसमें AGC DT Star D+ ग्लास प्रोटेक्शन मिलता है। रोजमर्रा के इस्तेमाल और हाथ में बेहतर फील के मामले में Realme 16 ज्यादा आकर्षक विकल्प माना जा सकता है। हालांकि, अगर आपका काम आउटडोर में ज्यादा होता है या फोन गिरने का डर रहता है, तो Realme 16T ज्यादा भरोसेमंद साबित हो सकता है।

डिस्प्ले में कौन आगे?

दोनों फोन AMOLED डिस्प्ले के साथ आते हैं, लेकिन इनके इस्तेमाल का फोकस अलग है। Realme 16T में 6.81-इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है, जिसमें 144Hz रिफ्रेश रेट मिलता है। यह स्क्रॉलिंग और गेमिंग को काफी स्मूद बनाता है। हालांकि, इसमें सिर्फ 720p रिजॉल्यूशन दिया गया है, जो इस प्राइस रेंज के हिसाब से थोड़ा निराशाजनक माना जा सकता है।

Realme 16T 5G with 8000mAh battery launched in India Price specs Sale offers

वहीं Realme 16 में 6.57-इंच की डिस्प्ले मिलती है, लेकिन इसका रिजॉल्यूशन 1080p है और यह 1 बिलियन कलर्स को सपोर्ट करती है। इसके अलावा फोन में 4500 निट्स की पीक ब्राइटनेस और HDR सपोर्ट भी दिया गया है। मूवी देखने, वीडियो स्ट्रीमिंग और टेक्स्ट पढ़ने के अनुभव में Realme 16 ज्यादा बेहतर नजर आता है, भले ही इसका रिफ्रेश रेट 120Hz ही क्यों न हो।

परफॉर्मेंस और प्रोसेसर

परफॉर्मेंस के मामले में Realme 16 ज्यादा ताकतवर दिखाई देता है। इसमें MediaTek Dimensity 6400 Turbo चिपसेट दिया गया है, जो 6nm प्रोसेस पर आधारित है। यह प्रोसेसर हैवी मल्टीटास्किंग और गेमिंग को आसानी से संभाल सकता है। फोन में 12GB तक RAM का विकल्प भी मिलता है।

दूसरी तरफ Realme 16T में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर मिलता है, जो भी 6nm प्रोसेस पर आधारित है, लेकिन इसकी क्षमता थोड़ी कम है। इसमें अधिकतम 8GB RAM तक का सपोर्ट मिलता है। सामान्य उपयोग और रोजमर्रा के कामों में यह फोन अच्छा प्रदर्शन कर सकता है, लेकिन हाई-ग्राफिक्स गेम्स और भारी ऐप्स में Realme 16 ज्यादा स्मूद अनुभव देगा।

कैमरा सेटअप

दोनों स्मार्टफोन के रियर कैमरा सेटअप में 50MP का मुख्य सेंसर और 2MP का मोनोक्रोम लेंस दिया गया है। साथ ही बेहतर फोकस और रंगों की सटीकता के लिए लेजर ऑटोफोकस और कलर स्पेक्ट्रम सेंसर भी मिलता है।

सेल्फी कैमरे की बात करें तो यहां Realme 16 बढ़त बना लेता है। इसमें 50MP का फ्रंट कैमरा मिलता है, जबकि Realme 16T में 16MP का सेल्फी कैमरा दिया गया है। हालांकि, दोनों फोन्स में रियर कैमरा का इस्तेमाल करके हाई-क्वालिटी सेल्फी लेने के लिए सेल्फी मिरर फीचर भी मौजूद है। फिर भी, फोटोग्राफी और सेल्फी पसंद करने वाले यूजर्स के लिए Realme 16 ज्यादा बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

बैटरी और स्टोरेज

बैटरी के मामले में Realme 16T अपनी सबसे बड़ी ताकत दिखाता है। इसमें 8000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो आसानी से दो दिन तक चल सकती है। इसके साथ 45W फास्ट चार्जिंग और बायपास चार्जिंग फीचर भी मिलता है।

वहीं Realme 16 में 7000mAh की बैटरी दी गई है, लेकिन इसमें 60W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है, जिससे फोन तेजी से चार्ज हो जाता है। अगर आप लंबे बैटरी बैकअप को प्राथमिकता देते हैं और बार-बार चार्जिंग से बचना चाहते हैं, तो Realme 16T बेहतर रहेगा। स्टोरेज की बात करें तो दोनों फोन में UFS 2.2 स्टोरेज के साथ 256GB तक का विकल्प मिलता है।

कीमत के बीच अंतर

Realme 16T की शुरुआती कीमत 29,999 रुपये रखी गई है, जिसमें 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलता है। इसका 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट 31,999 रुपये में आता है, जबकि 8GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 34,999 रुपये है।

दूसरी तरफ Realme 16 में 6GB RAM विकल्प नहीं मिलता। इसका शुरुआती वेरिएंट 8GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ 33,999 रुपये में उपलब्ध है। वहीं 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 36,999 रुपये है। कंपनी इसका 12GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल भी पेश करती है, जिसकी कीमत 39,999 रुपये रखी गई है।

यह भी पढ़ें: 2015 में आई इस मर्डर मिस्ट्री ने घुमा दिया था लोगों का दिमाग, पुलिस के सामने घूमता रहा कातिल, कभी नहीं भूल पाएंगे क्लाइमैक्स

Faiza

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile