प्रीमियम मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। Motorola Edge 70 Pro, Vivo V70 FE और Nothing Phone 4a Pro तीनों ही ऐसे स्मार्टफोन हैं जो शानदार डिस्प्ले, दमदार कैमरा और बड़ी बैटरी के साथ आते हैं। तीनों ही फोन लेटेस्ट हैं और अभी एक-दो महीने पहले ही भारत में लॉन्च हुए हैं, साथ ही इनकी कीमतें भी लगभग-लगभग एक जैसी हैं। ऐसे में अगर आपका बजट 40 हजार रुपये के आसपास है और आप इनमें से किसी एक फोन को खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह तुलना आपके लिए मददगार साबित हो सकती है। आइए जानते हैं कौन किस पर भारी है।
डिजाइन के मामले में तीनों स्मार्टफोन अलग पहचान रखते हैं। Motorola Edge 70 Pro का सबसे बड़ा आकर्षण इसका बेहद पतला प्रोफाइल है, जिसकी मोटाई सिर्फ 6.99mm है। कंपनी ने इसे पैंटोन लिली व्हाइट, टी और टाइटन जैसे प्रीमियम फिनिश विकल्पों के साथ पेश किया है। वहीं Nothing Phone 4a Pro अपनी नई ग्लिफ़ मैट्रिक्स लाइटिंग और मेटल फ्रेम डिजाइन के कारण सबसे अलग दिखाई देता है। Vivo V70 FE इन दोनों की तुलना में सिंपल लेकिन प्रीमियम लुक के साथ आता है।
डिस्प्ले की बात करें तो Motorola Edge 70 Pro में 6.8 इंच का 1.5K एक्सट्रीम AMOLED पैनल मिलता है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 5200 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। Nothing Phone 4a Pro भी 6.83 इंच की 1.5K AMOLED स्क्रीन और 144Hz रिफ्रेश रेट देता है, हालांकि इसकी पीक ब्राइटनेस 5000 निट्स तक सीमित है। Vivo V70 FE में 6.83 इंच की 1.5K OLED स्क्रीन दी गई है, लेकिन इसका रिफ्रेश रेट 120Hz और पीक ब्राइटनेस 1900 निट्स है। इस तरह डिस्प्ले क्वालिटी के लिहाज से Motorola और Nothing थोड़े आगे नजर आते हैं।
Motorola Edge 70 Pro में MediaTek Dimensity 8500 Extreme प्रोसेसर दिया गया है। यह 12GB तक LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज के साथ आता है। दूसरी तरफ Vivo V70 FE में Dimensity 7360-Turbo चिपसेट मिलता है, जो रोज़मर्रा के इस्तेमाल और मल्टीटास्किंग के लिए अच्छा है, लेकिन रॉ पावर के मामले में Motorola से पीछे है। Nothing Phone 4a Pro में Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। गेमिंग और थर्मल मैनेजमेंट के लिए इसमें बड़ा 5300mm² वेपर चैंबर सिस्टम भी मौजूद है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो Motorola Edge 70 Pro Android 16 के साथ 3 OS अपडेट और 5 साल के सिक्योरिटी अपडेट का वादा करता है। Nothing Phone 4a Pro Android 16 आधारित Nothing OS 4.1 पर चलता है और इसमें 3 OS अपडेट के साथ 6 साल तक सिक्योरिटी पैच मिलेगा। Vivo V70 FE Android 16 आधारित OriginOS 6 पर चलता है और कंपनी 6 साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का दावा करती है।
कैमरा विभाग में Vivo V70 FE सबसे ज्यादा मेगापिक्सल वाला सेंसर लेकर आता है। इसमें 200MP का प्राइमरी कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस दिया गया है। सेल्फी के लिए इसमें 50MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है।
Motorola Edge 70 Pro में 50MP मेन सेंसर के साथ 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। दोनों कैमरे हाई-रिजॉल्यूशन इमेज कैप्चर करने में सक्षम हैं। फ्रंट में भी 50MP कैमरा दिया गया है और रियर-फ्रंट दोनों कैमरे 4K 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करते हैं।
Nothing Phone 4a Pro कैमरा वर्सेटिलिटी के मामले में सबसे अलग नजर आता है। इसमें 50MP मेन कैमरा, 8MP अल्ट्रा-वाइड और 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलता है, जो 3.5x ऑप्टिकल जूम और 140x तक डिजिटल जूम सपोर्ट करता है। सेल्फी के लिए 32MP फ्रंट कैमरा दिया गया है।
अगर आपको जूम फोटोग्राफी पसंद है तो Nothing Phone 4a Pro सबसे बेहतर विकल्प माना जा सकता है, जबकि हाई-रिजॉल्यूशन फोटोग्राफी के लिए Vivo V70 FE आकर्षक साबित हो सकता है।
बैटरी क्षमता के मामले में Vivo V70 FE सबसे आगे है। इसमें 7000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि फोन लगभग एक घंटे में फुल चार्ज हो सकता है। Motorola Edge 70 Pro में 6500mAh बैटरी और 90W TurboPower चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। Nothing Phone 4a Pro में 5400mAh बैटरी दी गई है, जो 50W PD चार्जिंग सपोर्ट करती है। बैटरी क्षमता और चार्जिंग स्पीड दोनों मामलों में यह बाकी दो फोन से थोड़ा पीछे है, हालांकि कंपनी के अनुसार बैटरी की हेल्थ लंबे समय तक बेहतर बनी रहती है।
Motorola Edge 70 Pro का 8GB + 256GB वेरिएंट 38,999 रुपये में उपलब्ध है, जबकि 12GB + 256GB मॉडल की कीमत 41,999 रुपये रखी गई है।
Vivo V70 FE की शुरुआती कीमत 37,999 रुपये है, जिसमें 8GB + 128GB स्टोरेज मिलता है। इसका 8GB + 256GB वेरिएंट 40,999 रुपये और 12GB + 256GB मॉडल 44,999 रुपये में आता है।
Nothing Phone 4a Pro के 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 39,999 रुपये है। वहीं 8GB + 256GB मॉडल 42,999 रुपये और 12GB + 256GB वेरिएंट 45,999 रुपये में उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें: Gold Rate Today: 3 जून को सोने में तेज़ बढ़त, जानिए 24K, 22K और 18K सोने का आज का ताज़ा भाव