Motorola Edge 70 Pro vs Nothing Phone 4a Pro: डिज़ाइन, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

By

प्रीमियम मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। Motorola Edge 70 Pro और Nothing Phone 4a Pro दोनों ही ऐसे स्मार्टफोन हैं जो शानदार डिस्प्ले, दमदार कैमरा और बड़ी बैटरी के साथ आते हैं, लेकिन कहीं न कहीं एक-दूसरे को मात भी देते हैं। दोनों ही फोन लेटेस्ट हैं क्योंकि ये अभी दो-तीन महीने पहले ही भारत में लॉन्च हुए हैं। इनकी कीमतें भी लगभग-लगभग एक जैसी हैं। ऐसे में अगर आपका बजट 40 हजार रुपये के आसपास है और आप इनमें से किसी एक फोन को खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह तुलना आपके काम आ सकती है। आइए जानते हैं दोनों स्मार्टफोन्स में कौन किस पर भारी है।

Motorola Edge 70 Pro vs Nothing Phone 4a Pro

डिज़ाइन और डिस्प्ले

डिजाइन के मामले में दोनों स्मार्टफोन अलग पहचान रखते हैं। Motorola Edge 70 Pro का सबसे बड़ा आकर्षण इसका बेहद पतला प्रोफाइल है, जिसकी मोटाई सिर्फ 6.99mm है। कंपनी ने इसे पैंटोन लिली व्हाइट, टी और टाइटन जैसे प्रीमियम फिनिश विकल्पों के साथ पेश किया है। वहीं Nothing Phone 4a Pro अपनी नई ग्लिफ़ मैट्रिक्स लाइटिंग और मेटल फ्रेम डिजाइन के कारण सबसे अलग दिखाई देता है।

डिस्प्ले की बात करें तो Motorola Edge 70 Pro में 6.8 इंच का 1.5K एक्सट्रीम AMOLED पैनल मिलता है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 5200 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। Nothing Phone 4a Pro भी 6.83 इंच की 1.5K AMOLED स्क्रीन और 144Hz रिफ्रेश रेट देता है, हालांकि इसकी पीक ब्राइटनेस 5000 निट्स तक सीमित है। इस तरह डिस्प्ले ब्राइटनेस के लिहाज से Motorola और साइज़ के हिसाब से Nothing आगे नजर आता है।

परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर

Motorola Edge 70 Pro में MediaTek Dimensity 8500 Extreme प्रोसेसर दिया गया है। यह 12GB तक LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज के साथ आता है। दूसरी तरफ Nothing Phone 4a Pro में Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। गेमिंग और थर्मल मैनेजमेंट के लिए इसमें बड़ा 5300mm² वेपर चैंबर सिस्टम भी मौजूद है।

सॉफ्टवेयर की बात करें तो Motorola Edge 70 Pro Android 16 के साथ 3 OS अपडेट और 5 साल के सिक्योरिटी अपडेट का वादा करता है। Nothing Phone 4a Pro Android 16 आधारित Nothing OS 4.1 पर चलता है और इसमें 3 OS अपडेट के साथ 6 साल तक सिक्योरिटी पैच मिलेगा।

कैमरा में किसका दबदबा?

कैमरा विभाग में Motorola Edge 70 Pro में 50MP मेन सेंसर के साथ 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। दोनों कैमरे हाई-रिजॉल्यूशन इमेज कैप्चर करने में सक्षम हैं। फ्रंट में भी 50MP कैमरा दिया गया है और रियर-फ्रंट दोनों कैमरे 4K 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करते हैं।

Nothing Phone 4a Pro कैमरा वर्सेटिलिटी के मामले में सबसे अलग नजर आता है। इसमें 50MP मेन कैमरा, 8MP अल्ट्रा-वाइड और 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलता है, जो 3.5x ऑप्टिकल जूम और 140x तक डिजिटल जूम सपोर्ट करता है। सेल्फी के लिए 32MP फ्रंट कैमरा दिया गया है। अगर आपको जूम फोटोग्राफी पसंद है तो Nothing Phone 4a Pro बेहतर विकल्प माना जा सकता है।

बैटरी और चार्जिंग

बैटरी क्षमता के मामले में Motorola Edge 70 Pro में 6500mAh बैटरी और 90W TurboPower चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। Nothing Phone 4a Pro में 5400mAh बैटरी दी गई है, जो 50W PD चार्जिंग सपोर्ट करती है। बैटरी क्षमता और चार्जिंग स्पीड दोनों मामलों में यह Motorola के फोन से थोड़ा पीछे है, हालांकि कंपनी के अनुसार बैटरी की हेल्थ लंबे समय तक बेहतर बनी रहती है।

कीमत में कितना अंतर?

Motorola Edge 70 Pro का 8GB + 256GB वेरिएंट 38,999 रुपये में उपलब्ध है, जबकि 12GB + 256GB मॉडल की कीमत 41,999 रुपये रखी गई है।

Nothing Phone 4a Pro के 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 39,999 रुपये है। वहीं 8GB + 256GB मॉडल 42,999 रुपये और 12GB + 256GB वेरिएंट 45,999 रुपये में उपलब्ध है।

यह भी पढ़ें: Gold Price Today, 18 June 2026: आज कितना है 24, 22 और 18 कैरेट गोल्ड का रेट? जानिए लेटेस्ट अपडेट

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By