Karbonn Rebel vs Moto G06 Power: डिस्प्ले, परफॉर्मेंस, कैमरा, बैटरी और कीमत की तुलना
भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में Karbonn ने Rebel सीरीज के साथ एक बार फिर वापसी की है। कंपनी ने इस सीरीज में Karbonn Rebel को करीब 12,000 रुपये की शुरुआती लॉन्च कीमत पर पेश किया है। इसकी सीधी टक्कर Moto G06 Power जैसे बजट फोन से हो सकती है, जिसमें 7,000mAh की बैटरी और 120Hz डिस्प्ले मिलती है। दोनों फोन में 50MP का रियर कैमरा और MediaTek Helio G81 सीरीज का प्रोसेसर दिया गया है, लेकिन डिस्प्ले, सॉफ्टवेयर और कीमत के मामले में इनमें कई अंतर हैं। आइए जानते हैं कि इन दोनों में कौन-सा फोन किस मामले में आगे है।
SurveyKarbonn Rebel vs Moto G06 Power
डिजाइन और डिस्प्ले
Karbonn Rebel में 6.75 इंच की HD+ LCD डिस्प्ले दी गई है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट और 650 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक, इसमें IP64 रेटिंग मिलती है, जो धूल और पानी की छींटों से सुरक्षा देती है।
वहीं, Moto G06 Power में 6.88 इंच की बड़ी HD+ डिस्प्ले मिलती है। इसका रेजोल्यूशन 720×1,640 पिक्सल है और यह 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ 600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass 3 दिया गया है। फोन में प्लास्टिक फ्रेम और वीगन लेदर बैक पैनल मिलता है। इसमें भी IP64 रेटिंग दी गई है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
Karbonn Rebel में ऑक्टा-कोर MediaTek Helio G81 चिपसेट दिया गया है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.0GHz है। इसके साथ 6GB रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है। जरूरत पड़ने पर माइक्रोSD कार्ड की मदद से स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह Android 16 पर चलता है। कंपनी का दावा है कि फोन में ब्लोटवेयर-फ्री एक्सपीरियंस मिलेगा। इसके अलावा Karbonn दो साल के OS अपग्रेड और दो साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है।
दूसरी ओर, Moto G06 Power में MediaTek Helio G81 Extreme प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ 4GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है, जिसे माइक्रोSD कार्ड के जरिए 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। यह फोन Android 15 आधारित Hello UI पर चलता है। इसमें Google Gemini AI असिस्टेंट का सपोर्ट भी दिया गया है।
कैमरा में किसका दबदबा?
फोटोग्राफी के लिए Karbonn Rebel में f/1.8 अपर्चर वाला 50MP का रियर कैमरा दिया गया है। इसमें ऑटोफोकस और 80 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू मिलता है। हालांकि, दिए गए स्पेसिफिकेशन में इसके फ्रंट कैमरे की जानकारी नहीं दी गई है।
वहीं, Moto G06 Power में f/1.8 अपर्चर वाला 50MP का प्राइमरी रियर कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें f/2.0 अपर्चर वाला 8MP फ्रंट कैमरा दिया गया है।
बैटरी और चार्जिंग
Karbonn Rebel में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 18W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। वहीं, Moto G06 Power में भी 7,000mAh की बैटरी मिलती है। यह फोन 18W चार्जिंग सपोर्ट करता है, हालांकि कंपनी इसके साथ 20W का चार्जर इस्तेमाल करने की बात कहती है। Motorola का दावा है कि इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 65 घंटे तक का प्लेबैक टाइम दे सकती है।
बैटरी क्षमता के मामले में दोनों फोन बराबरी पर हैं और दोनों में 18W चार्जिंग मिलती है। हालांकि, बैटरी बैकअप को लेकर Motorola ने प्लेबैक टाइम का दावा किया है, जबकि Karbonn ने इस तरह का कोई आंकड़ा साझा नहीं किया है।
भारत में कीमत
Karbonn Rebel की भारत में कीमत 14,999 रुपये रखी गई है। हालांकि, कंपनी इसे 11,999 रुपये की लॉन्च कीमत पर पेश कर रही है। इसके अलावा 1,000 रुपये का बैंक डिस्काउंट भी मिल रहा है, जिसके बाद इसकी प्रभावी कीमत 10,999 रुपये हो जाती है। फोन की बिक्री 4 नवंबर को दोपहर 12 बजे से Amazon पर शुरू होगी। यह Blue, Gold और Silver कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा।
दूसरी ओर, Moto G06 Power के 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत भी भारत में 11,999 रुपये है। इसे Flipkart, Motorola India की वेबसाइट और प्रमुख रिटेल स्टोर्स से खरीदा जा सकता है। यह Pantone Laurel Oak, Pantone Tendril और Pantone Tapestry कलर ऑप्शन में आता है।
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile
