जुलाई का महीना स्मार्टफोन लॉन्च के लिहाज से काफी व्यस्त रहा है। महीने के शुरुआती 10 दिनों में ही Nothing Phone 4b और Oppo Reno 16 सीरीज जैसे नए स्मार्टफोन भारतीय बाजार में दस्तक दे चुके हैं। हालांकि आने वाले दिनों में लॉन्च की रफ्तार और तेज होने वाली है। Samsung अपने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश करने की तैयारी में है, जबकि Lava ने नई Virat सीरीज की घोषणा कर दी है। इसके अलावा Vivo, iQOO और Realme के स्मार्टफोन भी इसी महीने लॉन्च होने वाले हैं।
अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो जुलाई में बजट से लेकर प्रीमियम और फोल्डेबल तक लगभग हर सेगमेंट में नए विकल्प देखने को मिलेंगे। आइए जानते हैं इस महीने लॉन्च होने वाले प्रमुख स्मार्टफोन्स के बारे में।
Samsung ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि उसका अगला Galaxy Unpacked इवेंट 22 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस इवेंट में कंपनी अपनी नई फोल्डेबल सीरीज पेश कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक Galaxy Z Fold 8 के साथ एक नया Galaxy Z Fold 8 Ultra मॉडल भी लॉन्च किया जा सकता है।
लीक्स के अनुसार Galaxy Z Fold 8 Ultra में 7.6 इंच का इनर AMOLED डिस्प्ले मिलेगा। इसके अलावा 5.5 इंच का कवर डिस्प्ले भी दिया जा सकता है। Galaxy Z Fold 8 Ultra और Galaxy Z Fold 8 में Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा कम दिखाई देने वाली स्क्रीन क्रीज और पिछले मॉडल की तुलना में बड़ी बैटरी भी मिल सकती है।
इसी इवेंट में Galaxy Z Flip 8 भी लॉन्च हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें परिचित डिजाइन के साथ बेहतर हार्डवेयर, नया हिंज, हल्का वजन और कम दिखाई देने वाली स्क्रीन क्रीज देखने को मिल सकती है।
भारतीय स्मार्टफोन निर्माता Lava ने अपनी नई Virat Series की घोषणा कर दी है। यह सीरीज Flipkart के जरिए ऑनलाइन ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी।
कंपनी के अनुसार Virat सीरीज में 10,000 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक की कीमत वाले 4G और 5G स्मार्टफोन शामिल होंगे। फिलहाल कंपनी ने स्पेसिफिकेशन साझा नहीं किए हैं, लेकिन दावा किया है कि इन फोन्स में दो दिन तक चलने वाली बैटरी, AI आधारित कैमरा और अपने-अपने सेगमेंट में दमदार परफॉर्मेंस मिलेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीरीज का पहला स्मार्टफोन इसी महीने के अंत तक लॉन्च हो सकता है।
Vivo T5 Lite 5G भारत में 16 जुलाई को लॉन्च होगा। कंपनी ने पुष्टि की है कि इसमें 6,500mAh की बैटरी और 44W फास्ट चार्जिंग मिलेगी। यह पिछले मॉडल Vivo T4 Lite 5G के 15W चार्जिंग सपोर्ट की तुलना में बड़ा अपग्रेड होगा।
फोन में मिलिट्री ग्रेड ड्यूरेबिलिटी और IP65 डस्ट व स्प्लैश रेजिस्टेंस भी मिलेगा। इसके अलावा इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले होगा, जिसकी पीक ब्राइटनेस 1,200 निट्स तक होगी। इसमें MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया जाएगा। यह स्मार्टफोन OriginOS 6 पर चलेगा और इसमें कई AI फीचर्स भी शामिल होंगे। इसकी संभावित कीमत लगभग 15,000 रुपये बताई जा रही है।
Vivo की सब-ब्रांड iQOO भी इसी महीने नया स्मार्टफोन लॉन्च करने जा रही है। iQOO Z11 Lite भारत में 24 जुलाई को लॉन्च होगा। कंपनी ने पुष्टि की है कि इसमें MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर मिलेगा। फोन के डिजाइन की बात करें तो इसके रियर में कॉल और नोटिफिकेशन के लिए मल्टी-कलर LED रिंग लाइट दी जाएगी। साथ ही यह IP65 रेटिंग के साथ आएगा। इसे Midnight Blue और Solar Flame रंगों में पेश किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 6,500mAh की बैटरी, 6.74 इंच का LCD डिस्प्ले, 50MP का रियर कैमरा और 5MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है। इसकी शुरुआती कीमत भी 15,000 रुपये से कम रहने की उम्मीद है।
इस सूची में सबसे पहले लॉन्च होने वाला स्मार्टफोन Realme Narzo 100x होगा। कंपनी इसे 15 जुलाई को भारत में लॉन्च करेगी। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8,000mAh की बैटरी होगी। कंपनी का दावा है कि 15,000 से 20,000 रुपये की कीमत वाले स्मार्टफोन सेगमेंट में यह सबसे बड़ी बैटरी होगी। फोन की मोटाई 8.8mm होगी और इसमें 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग के साथ रिवर्स वायर्ड चार्जिंग का भी सपोर्ट मिलेगा।
Realme Narzo 100x में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया जाएगा। इसमें 256GB तक स्टोरेज का विकल्प मिलेगा। डिस्प्ले की बात करें तो फोन में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला पैनल होगा, जिसकी पीक ब्राइटनेस 1,200 निट्स तक होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह IPS डिस्प्ले होगा। स्मार्टफोन को Flash Orange और Midnight Black दो कलर ऑप्शन में लॉन्च किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Meta Muse को अपनी तस्वीरें इस्तेमाल करने से कैसे रोकें? जानें स्टेप-बाय-स्टेप