भारत के कई क्षेत्रों में बढ़ती तपिश के बीच ज्यादातर घरों के लिए ठंडा रहना अब सिर्फ एक लग्ज़री नहीं रह गया है। ज्यादातर खरीदारों के लिए अब असली चुनौती सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि यह भी है कि उस गर्मी से बचना कैसे है। अगर आप अपने घर के लिए एक विंडो एसी और डेज़र्ट कूलर के बीच फैसला नहीं ले पा रहे हैं, तो आप अकेले नहीं हैं। वैसे तो दोनों ही डिवाइसेज़ को गर्मी के दिनों को राहत भरा बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है, लेकिन इन दोनों के बीच अंतर काफी बड़ा है। कूलिंग से लेकर इन्हें चलाने के खर्चे तक, दोनों का अनुभव काफी अलग होता है। उसी अंतर को आज हम आपको समझाने वाले हैं ताकि आपको अपने लिए सही डिवाइस चुनने में मदद मिले।
विंडो एसी कमरे के अंदर मौजूद गर्म हवा को बाहर निकालकर तापमान कम करता है। इसे चालू करने के बाद यह कम समय में कमरे को ठंडा कर सकता है और बाहरी तापमान बहुत ज्यादा होने पर भी आरामदायक माहौल बनाए रखता है।
दूसरी ओर, डेजर्ट कूलर पानी और कूलिंग पैड्स की मदद से आने वाली हवा को ठंडा करता है और फिर उसे कमरे में पहुंचाता है। यह तकनीक खासतौर पर उन इलाकों में ज्यादा प्रभावी साबित होती है जहां वातावरण शुष्क रहता है। यही वजह है कि उत्तर और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में आज भी डेजर्ट कूलर का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है।
अगर सबसे ज्यादा और लगातार ठंडक आपकी प्राथमिकता है, तो विंडो एसी साफ तौर पर आगे नजर आता है। जून की भीषण गर्मी हो या जुलाई की उमस भरी शाम, यह कमरे का तापमान नियंत्रित रखने में सक्षम रहता है।
वहीं डेजर्ट कूलर सूखे मौसम में अच्छी राहत देता है और तापमान में साफ फर्क महसूस किया जा सकता है। हालांकि जैसे-जैसे हवा में नमी बढ़ती है, इसका प्रभाव कम होने लगता है। कई बार उमस वाले दिनों में कूलर पूरी क्षमता से चलने के बावजूद उम्मीद के मुताबिक ठंडक नहीं दे पाता।
कम बिजली खर्च के मामले में डेजर्ट कूलर का पलड़ा भारी रहता है। यह एयर कंडीशनर की तुलना में काफी कम बिजली का इस्तेमाल करता है, जिससे महीने के बिजली बिल पर कम असर पड़ता है।
विंडो एसी ज्यादा बिजली खपत करता है क्योंकि यह तापमान के हिसाब से लगातार हवा को ठंडा करता है। हालांकि आधुनिक एसी मॉडल पहले की तुलना में ज्यादा एनर्जी-एफिशिएंट हो चुके हैं और सही तरीके से इस्तेमाल करने पर बिजली खर्च को काफी हद तक नियंत्रित रखा जा सकता है।
बजट को ध्यान में रखने वाले ग्राहकों के लिए डेजर्ट कूलर आमतौर पर ज्यादा किफायती विकल्प माना जाता है। इसकी खरीद लागत कम होती है, रखरखाव आसान रहता है और मरम्मत पर भी तुलनात्मक रूप से कम खर्च आता है।
वहीं दूसरी ओर, विंडो एसी खरीदने के लिए ज्यादा शुरुआती निवेश की जरूरत होती है। इसके अलावा इंस्टॉलेशन, नियमित सर्विसिंग और समय-समय पर होने वाले रखरखाव का खर्च भी कुल लागत में जुड़ जाता है।
सही विकल्प काफी हद तक आपके क्षेत्र की जलवायु और व्यक्तिगत जरूरतों पर निर्भर करता है। अगर आप ऐसे इलाके में रहते हैं जहां मौसम थोड़ा शुष्क रहता है और कम खर्च में ठंडक चाहते हैं, तो डेजर्ट कूलर आज भी एक अच्छा और किफायती समाधान साबित हो सकता है।
लेकिन अगर आप ज्यादा प्रभावी कूलिंग, उमस भरे मौसम में बेहतर आराम और कमरे के तापमान पर सटीक नियंत्रण चाहते हैं, तो विंडो एसी लंबे समय के लिए बेहतर विकल्प माना जा सकता है। इसकी शुरुआती लागत भले ही ज्यादा हो, लेकिन कई परिवारों के लिए गर्मियों में मिलने वाला अतिरिक्त आराम इस निवेश को वैल्यू फॉर मनी बना देता है.
यह भी पढ़ें: Xiaomi 17T Vs Vivo X200T Vs iQOO 15R: कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना