जैसे – जैसे मई और जून की झुलसा देने वाली गर्मी देश-भर में अपना कहर दिखा रही है, वैसे – वैसे घर में ठंडक करने वाले गैजेट्स की मांग बढ़ती जा रही है. ऐसी चिलचिलाती गर्मी में एयर कंडिशनर अच्छी और दमदार कूलिंग देते हैं लेकिन वहीं उन्हें चलाने से बिजली का बिल एकदम होश उड़ा देने वाला आ जाता है. ऐसे में कई लोग अपने घर के लिए एक ऐसा कूलिंग डिवाइस खरीदने की कोशिश करते हैं जो कूलिंग भी अच्छी तरह करता हो और कम दाम में आने के साथ – साथ बिजली की खपत भी कम कराए. ऐसे में कूलर एक बढ़िया विकल्प बनकर सामने आता है. इसे बिजली भी कम इस्तेमाल होती है और यह कूलिंग भी एकदम बिंदास करता है. लेकिन एक सही कूलर खरीदना भी एक बड़ी दिक्कत है. बाज़ार में अलग – अलग तरीके के कूलर्स मिलते हैं और इनमें से एक का चुनाव करना काफी मुश्किल होता है. अगर आप भी इस दिक्कत का सामना कर रहे हैं तो इस आर्टिकल में जानें टावर और विंडो कूलर्स के बीच आपके लिए कोनसा है बेस्ट.
टावर एयर कूलर ज्यादातर कम प्राइस के आते हैं, इनमें तरह – तरह के डिज़ाइन और साइज भी दिखने को मिलते हैं. टावर कूलर्स के ज्यादातर मॉडल्स 6,500 रुपये से 12,000 रुपये तक के प्राइस के आते हैं और इनका प्राइस इनके ब्रांड और पानी के टैंक पर निर्भर करता है. वहीं विंडो कूलर्स ज्यादा महंगे आते हैं और इनका प्राइस 8,000 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक होता है.
दोनों ही तरीके के कूलर्स एक एयर कंडिशनर से बहुत कम बिजली खाते हैं. टावर कूलर्स ज्यादा एनर्जी बचाते हैं और आम तौर पर 130W से लेकर 200W तक एनर्जी खाते हैं. वहीं विंडो कूलर्स ज्यादा एनर्जी का इस्तेमाल करते हैं और आम तौर पर 150W से 250W तक की एनर्जी लेते हैं.
टावर कूलर्स छोटे से लेकर मध्यम साइज के कमरों में बेस्ट काम करते हैं और वहीं विंडो कूलर्स ज्यादा दमदार हवा देते हैं और इस वजह से यह कूलर्स बड़े कमरों के लिए बेस्ट रहते हैं. क्योंकि विंडो एयर कूलर बाहर से हवा लेकर कमरे में देते हैं, यह कूलर्स गरम जगहों में ज्यादा अच्छे से काम करते हैं.
ज्यादातर टावर कूलर आसानी से साफ किए जा सकते हैं और यह शोर भी कम करते हैं. इनके टैंक और पेड्स को साफ करना काफी आसान होता है. वहीं विंडो कूलर्स ज्यादा शोर मचाते हैं क्योंकि ज्यादा अच्छी हवा देने के लिए इनमें बड़े ब्लोअर लगे होते हैं. क्योंकि यह कूलर्स बड़े होते हैं तो इनकी साफ सफाई में थोड़ी दिक्कत तो आती ही है.
अगर आपका कमरा छोटा है और आप अपने कूलर को एक से दूसरे कमरे में जल्दी – जल्दी ले जाते हैं तो आपके लिए एक टावर एयर कूलर खरीदना ही बेहतर रहेगा. वहीं अगर आपका कमरा काफी बड़ा है और आप अपने कूलर को ज्यादा हिलाना पसंद नहीं करते हैं तो आपके लिए सबसे बढ़िया है एक विंडो कूलर खरीदना.
यह भी पढ़ें: बढ़ती गर्मी में धीमा पड़ गया है कूलर का फैन..50 रुपये का ये पुर्जा बना देगा तूफानमेल
By: Ananya Sharma (Intern)