WhatsApp और Telegram पर इन दिनों एक नया स्कैम तेजी से फैल रहा है. इसमें लोगों को बेहद सस्ते OTT सब्सक्रिप्शन का लालच दिया जा रहा है. इस स्कैम में दावा किया जाता है कि सिर्फ 299 रुपये में Netflix, Amazon Prime Video, JioHotstar, ZEE5 और Sony LIV जैसे प्लेटफॉर्म का एक्सेस मिल जाएगा. सुनने में यह ऑफर आकर्षक लगता है, लेकिन सच यह है कि यह सीधे-सीधे धोखा है.
फ्रॉड करने वाले लोग WhatsApp और Telegram पर फेक ग्रुप या चैनल बनाते हैं. वहां पर सस्ते OTT कॉम्बो ऑफर का प्रचार किया जाता है. जैसे ही कोई यूज़र दिलचस्पी दिखाता है, उससे मोबाइल नंबर, ईमेल, UPI या बैंक डिटेल्स मांगी जाती हैं. इसके बाद एक QR कोड या पेमेंट लिंक भेजा जाता है, जो पहली नजर में असली लगता है.
लेकिन पेमेंट करने के बाद असल खेल शुरू होता है. पैसा तुरंत गायब हो जाता है, कोई सब्सक्रिप्शन नहीं मिलता और आपकी पर्सनल जानकारी भी उनके पास चली जाती है.
OTT प्लेटफॉर्म के सब्सक्रिप्शन सस्ते नहीं होते, खासकर जब कई प्लेटफॉर्म का एक्सेस चाहिए. यही कमजोरी स्कैमर्स पकड़ते हैं. वे ऐसे ऑफर दिखाते हैं जो सुनने में बहुत अच्छे लगते हैं, जैसे 299 रुपये में सभी बड़े प्लेटफॉर्म या “लाइफटाइम एक्सेस” का वादा लोगों को आकर्षित करने के लिए काफी है. सच्चाई यह है कि इतने कम दाम में इतने सारे प्रीमियम सर्विसेज मिलना संभव ही नहीं है.
ऐसे मामलों में देर करना सबसे बड़ी गलती होती है. तुरंत अपने बैंक से संपर्क करें और जरूरत हो तो कार्ड या UPI ब्लॉक कराएं. सभी जरूरी अकाउंट के पासवर्ड बदल दें. सरकारी पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें और ज्यादा नुकसान होने पर पुलिस को भी जानकारी दें.
यह भी पढ़ें: AC खरीदने का है प्लान? आ गया तगड़ा ऑफर, कौड़ियों के दाम में ले आइए घर, घर को बना देगा एकदम ठंडा